हमारे मनपसंद गेम्स

Return to Monkey Island

मनमौजी सागर की लहरों पर साहसिक यात्रा पर निकलें।

आपकी बड़ी याद आई, Guybrush Threepwood! यह शरीफ़ समुद्री लुटेरा Return to Monkey Island में लौट आया है। ख़ासी लोकप्रिय पॉइंट-ऐंड-क्लिक सीरीज़ की यह छठी क़िस्त है। इस बार वह इस टापू के रहस्य का पता लगाकर ही रहेगा। आप उसके पुराने दुश्मन LeChuck की टोली में शामिल होकर रोंगटे खड़े कर देने वाले कारनामों में हिस्सा लेंगे, बर्फ़ीले Brr Muda की रानी को चकमा देंगे और जाँबाज़ जलदस्युओं पर शब्दों के तीर चलाएँगे। तो यलगार के लिए तैयार?

एक जीवंत नई कला शैली, साथ में चालाक चुटकुले और पहेलियाँ भी।

हमें यह क्यों पसंद है : इसकी पैनी लेखन शैली हमें बेहद पसंद है। इसके दोहरे मतलब वाले मज़ेदार डायलॉग तीरों की तरह चलते हैं और यहाँ चुटकुलों और टेढ़े संदर्भों का तो ख़ज़ाना भरा है। Guybrush और उसके सनकी दोस्त, जैसे बिना धड़ की खोपड़ी Murray और सेकंड-हैंड नाव बेचने वाला चतुर-चालाक Stan, पहले की तरह ही आपको रिझाएँगे, लेकिन अगर आपने Monkey Island पहले कभी न खेला हो, तो भी चिंता की कोई बात नहीं। Guybrush की स्क्रैपबुक में आप उसके पिछले सभी अड्वेंचर देख सकेंगे।

सुझाव : LeChuck के जहाज़ में नीचे के डेक पर फँस गए हैं? पहले ग्रीज़ साफ़ करें, फिर खिड़की साफ़ करें। आपको यह तीन बार करना होगा, तभी खिड़की के रास्ते निकल पाएँगे! अगर आप कहानी पर केंद्रित Casual मोड के बजाय Hard मोड में खेल रहे हों, तो पहले आपको खिड़की के स्क्रू पर ग्रीज़ लगाना होगा, फिर उन्हें अपने चाकू से खोलना होगा।

निर्माता से मिलें : पहले दो Monkey Island गेम्स के सह-निर्माताओं Ron Gilbert और Dave Grossman ने मिलकर यह गेम लिखा और बनाया है, जो 1991 के गेम Monkey Island 2: LeChuck's Revenge का सीक्वल है। Gilbert, Grossman और उनकी टीमों ने इस गेम पर दो साल तक गोपनीय तरीक़े से काम किया और 2022 में एप्रिल फ़ूल के दिन इसकी घोषणा की।