दिलकश गेम Neva में, आप और आपकी साथी मादा भेड़िया, पूरी दुनिया के खिलाफ़ खड़े हुए हैं। पुरस्कार-विजेता गेम GRIS के निर्माताओं की इस पेशकश में तलवारबाज़ नायिका Alba, अपनी चार पैरों वाली जादुई दोस्त के साथ एक बेहद ख़ूबसूरत अड्वेंचर पर निकल पड़ती है। उसे रास्ते में हरे-भरे जंगल, गहरी गुफाएँ और तैरते हुए टापू मिलते हैं। यहाँ आपको बीमारी फैलाने वाले क्रीचर्स का अंत करना होगा, जो पसरी हुई सड़न से जन्म लेते हैं और अपनी चतुराई से पहेलियाँ सुलझाते हुए प्राचीन संरचनाओं को अनलॉक करना होगा, जो सब कुछ निगल जाने वाले अँधेरे को दूर भगा देंगे।
जैसे-जैसे नन्ही और चंचल Neva बढ़ती हुई विशालकाय वयस्क में बदल जाएगी, वैसे-वैसे उसकी शक्तियों में भी बदलाव आएगा। तलवार से अपने दुश्मनों का ख़ात्मा करते हुए Neva को उन पर हमला करने का आदेश दें या फिर उसकी पीठ पर सवारी करते हुए ऋतुओं के साथ बदलते हाथ से बनाए गए मनमोहक लैंडस्केप्स पार करें। भीमकाय मॉन्स्टर्स के साथ रोमांच और दहशत भरी लड़ाइयों और कोहरे से ढँके जंगलों के सम्मोहक पलों वाला यह गेम, प्यार और बिछड़न का एक यादगार सफ़र है।
हमें यह क्यों पसंद है : इस गेम में एक महिला और मादा भेड़िया के बीच का बंधन देखने लायक़ है। जब चाहें इंटरैक्ट बटन पर क्लिक करके “Neva!” को आवाज़ दें। Neva को गले लगाते वक़्त Alba की आवाज़ मीठी और मोहक हो सकती है, लेकिन जब दुश्मन Neva पर हावी होने लगते हैं, तो Alba की आवाज़ में भी डर और तकलीफ़ की छाया नज़र आने लगती है। परछाइयों में रेंगते मॉन्स्टर्स से अबोध Neva को बचाने के अहसास की बराबरी अगर कोई कर सकता है, तो वह है Neva को आपके साथ मिलकर दुश्मनों को चीरते हुए देखने का अहसास।
सुझाव : नक़ाबपोश क्रिटर्स से सावधान रहें, जो बड़े-बड़े जीवों के शवों पर क़ब्ज़ा कर लेते हैं। Neva को चोरी छिपे हमला करने वाले इन दुश्मनों का पीछा करने का आदेश दें, ताकि आप इन्हें मृत जानवरों पर क़ब्ज़ा करने से पहले ही मार सकें। यह किसी दानवाकार और बिफरे हुए जंगली सूअर का सामना करने से कहीं ज़्यादा आसान है।
निर्माता से मिलें : बार्सिलोना में स्थित Nomada Studio की स्थापना डेवलपर Adrián Cuevas और Roger Mendoza तथा विज़ुअल आर्टिस्ट Conrad Roset ने की थी। इसे स्थापित करने के पीछे उनका मक़सद Roset की चित्रकला की हैरतअंगेज़ शैली को वीडियोगेम्स की दुनिया में लाना था। शक्तिशाली और दिल को छू लेने वाला उनका पहला गेम GRIS था, जिसे 2019 के App Store Awards में, Mac Game of the Year से पुरस्कृत किया गया था।
