कुछ नया सीखें

Excel के जादुई फ़ॉर्मूलाज़ देखें।

डायनामिक ऐरे के साथ समय और मेहनत दोनों बचाएँ।

यह आपकी Excel स्किल को बढ़ाने पर एक सीरीज़ का हिस्सा है। आपको अन्य कहानियों के लिंक नीचे मिलेंगे।

ज़्यादातर लोगों को Excel के फ़ॉर्मूला के बारे में सुनकर यही लगता है कि इसका इस्तेमाल बस स्प्रेडशीट की किसी ख़ास सेल में कोई एक नतीजा निकालने के लिए किया जाता है।

लेकिन Excel के डायनामिक ऐरे फ़ीचर के ज़रिए एक ही फ़ॉर्मूला बहुत सारे सेल में काम कर सकता है—वह भी हर एक में अलग-अलग गणना के साथ—जिससे बड़ी से बड़ी वर्कबुक चुटकियों में बन जाती है और साथ ही ग़लतियाँ भी कम होती हैं। आपको जहाँ भी डेटा के एक समूह में किसी गणना को दोहराना है, वहाँ आप इन फ़ॉर्मूलाज़ का इस्तेमाल कर सकते हैं।

इन दो उदाहरणों में देखें कि आप डायनामिक ऐरे का इस्तेमाल करके अपना समय और मेहनत कैसे बचा सकते हैं।

शुरू करें : एक एडिशन टेबल बनाएँ

आपका लक्ष्य : नीचे दिखाए गए तरीक़े से एक एडिशन टेबल बनाएँ और उत्तर कुंजी हासिल करें, ताकि आपका बच्चा गणित सीख सके (और आप उनके दिए गए जवाब जाँच सकें)।

पुराना तरीक़ा : पहली पंक्ति और पहले कॉलम में जोड़ने के लिए मान डालने के बाद आप टेबल की पहली सेल में =C4+B5 जैसा एक फ़ॉर्मूला टाइप करते थे, फिर उसे कॉपी करके पहली पंक्ति में पेस्ट करते थे, फिर उस पंक्ति को कॉपी करके टेबल की बाक़ी की पंक्तियों में पेस्ट करते थे। यह सब बड़ी परेशानी का काम था!

डायनामिक तरीक़ा : सेल की पूरी रेंज को संदर्भित करता एक ऐसा फ़ॉर्मूला बनाएँ जो एक ही बार में सभी मानों की गणना कर सकता है।

यह कैसे करें : नीचे दिए टेबल का उदाहरण लेते हुए, पहली सेल में =C4:J4+B5:B18 डालें, जहाँ C4:J4 पहली पंक्ति में सेल की रेंज होगी और B5:B18 पहले कॉलम में सेल की रेंज होगी। Enter दबाएँ और पूरे टेबल में मान भर जाएँगे!

एक डायनामिक-ऐरे फ़ॉर्मूला (दाएँ) के इस्तेमाल से भरा गया एक ख़ाली एडिशन टेबल (बाएँ)।

लेवल अप : व्यक्ति या कैटेगरी के अनुसार डेटा का सारांश तैयार करें

आपका लक्ष्य : साप्ताहिक बिक्री प्रतियोगिता के विजेताओं को डालकर हर व्यक्ति के हिसाब से कुल बिक्री की गणना करना—और नए विजेता जुड़ने के साथ इस कुल योग को अपडेट करना।

पुराना तरीक़ा : आप हर व्यक्ति के अनुसार बिक्री का सारंश तैयार करने के लिए =SUMIF() फ़ंक्शन का उपयोग कर सकते थे, लेकिन चूँकि हर सप्ताह नए विजेताओं के जुड़ने से सेल की रेंज बढ़ती जाएगी, इसलिए आपको हर बार ख़ुद ही फ़ॉर्मूला ऐडजस्ट करना पड़ता था।

डायनामिक तरीक़ा : डायनामिक ऐरे का उपयोग करें जो साप्ताहिक विजेता जुड़ते ही रेंज को अपने आप अपडेट कर देता है।

यह कैसे करें : नीचे दिया गया टेबल अब तक के साप्ताहिक विजेताओं को दिखाता है। सेल्सपर्सन की सूची पाने और डुप्लिकेट एंट्री हटाने के लिए नया UNIQUE() फ़ंक्शन इस्तेमाल करें : वर्कबुक की किसी ख़ाली जगह में =UNIQUE(B3:B12) फ़ॉर्मूला टाइप करें, जहाँ B3:B12 मौजूदा विजेताओं की सूची है :

हर व्यक्ति की कुल बिक्री जानने के लिए आप =SUMIF() फ़ंक्शन के एक विशेष वर्जन का उपयोग करेंगे : Murat के नाम से अगले कॉलम में, =SUMIF(B3:B12,E3#,C3:C12) फ़ॉर्मूला टाइप करें, जिसमें B3:B12 विजेताओं की मौजूदा सूची है और C3:C12 साप्ताहिक बिक्री की मौजूदा सूची है।

यहाँ संख्या चिह्न (#) प्रमुख है : यह Excel को डायनामिक ऐरे की पूरी रेंज को संदर्भित करने यानी सभी नई पंक्तियों को गणना में शामिल करने का संकेत देता है। बस Enter दबाएँ और Excel हर एक व्यक्ति की कुल बिक्री को सारांश रूप में प्रस्तुत कर देगा।

अब जब आप सप्ताह 11 के विजेता के रूप में Alyssa को जोड़ेंगे, तो सारांश सूची में डेटा अपने आप जुड़ जाएगा :

Excel में आप डायनामिक ऐरे का इस्तेमाल कईं तरीक़ों से कर सकते हैं, जिसमें FILTER(), SORT(), SORTBY(), SEQUENCE() और RANDARRAY() फ़ंक्शन भी शामिल हैं। अनगिनत सेल्स को भरने के लिए आपको इन फ़ॉर्मूलाज़ में से हर एक को सिर्फ़ एक बार टाइप करना पड़ेगा, यानी डायनामिक ऐरे के साथ तो आप अपना काफ़ी सारा समय बचाने वाले हैं।