ऐप के पीछे की दास्ताँ

LookUp को ख़ास लुक कैसे मिला

यह सचित्र डिक्शनरी ऐप सफलता की परिभाषा है।

पुरस्कार-विजेता डिक्शनरी ऐप LookUp के डेवलपर, विदित भार्गव के लिए सीखना एक विज़ुअल अनुभव है।

भार्गव कहते हैं, "लोगों को लंबे-लंबे टेक्स्ट के बजाय तस्वीरें ज़्यादा अच्छी तरह याद रहती हैं।" यही वजह है कि उन्होंने ऐप के Word of the Day के लिए लगभग एक दशक तक हर दिन एक तस्वीर बनाई है। "LookUp में दिए गए इलस्ट्रेशन आपके मस्तिष्क पर एक छाप छोड़ने के लिए ही डिज़ाइन किए गए हैं।"

हर Word of the Day के लिए एक कस्टम इलस्ट्रेशन है जो शब्द के अर्थ के साथ-साथ उसके उपयोग का उदाहरण, परिभाषाएँ, पर्यायवाची शब्द और बहुत कुछ दिखाता है। यहाँ तक कि फ़ॉन्ट भी शब्द के मिज़ाज से मेल खाने के लिए ख़ास तौर पर चुना जाता है।

भार्गव और उनके भाई, मुदित द्वारा बनाए गए LookUp को 2014 में लॉन्च किया गया और इसके तुरंत बाद इसके ट्रेडमार्क Word of the Day पोस्टर्स की शुरुआत हुई।
तब से ही भार्गव — जिन्होंने अपना करियर एक इंटरफ़ेस और विज़ुअल डिज़ाइनर के रूप में शुरू किया था — लगभग 3,500 इलस्ट्रेशन बना चुके हैं। (वैसे, ज़्यादातर इलस्ट्रेशन ही हैं। भार्गव कहते हैं, “मैं एक पिज़्ज़ा शेफ़ हूँ, इसलिए ‘delectable’ के लिए पिज़्ज़ा की तस्वीर मेरे ही बनाए हुए पिज़्ज़ा की फ़ोटो है।”)

हमने भार्गव से उनकी विज़ुअल डिक्शनरी की रचना के बारे में बात की—और यह भी जाना कि वे रोज़ एक इलस्ट्रेशन कैसे बनाते हैं।

हमें LookUp के पीछे के दर्शन के बारे में कुछ बताएँ।

LookUp का विचार मुझे उन समस्याओं से आया जिनका सामना मैंने हाई स्कूल में अपने अंग्रेज़ी शब्द ज्ञान को मज़बूत बनाने के दौरान किया था। एक गैर-अंग्रेज़ी भाषी होने के नाते, मैं अक्सर परिभाषाएँ खोजता था, लेकिन नतीजे डरावने और लंबे टेक्स्ट ब्लॉक होते थे; मैं वाकई इसे आसान बनाना चाहता था।

यह ऐप एक डिक्शनरी और थिसॉरस है—हम Oxford English Dictionary को अपने डेटा स्रोत के रूप में इस्तेमाल करते हैं—लेकिन यह शब्दावली को बेहतर बनाने वाला एक उतना ही मददगार टूल भी है। आप खोजे गए शब्दों को पसंदीदा बना सकते हैं, उन्हें कस्टम कलेक्शन्स में डाल सकते हैं और किसी कलेक्शन में मौजूद शब्दों पर आधारित इंटरैक्टिव क्विज़ में हिस्सा ले सकते हैं। साथ ही, यह उन वक्ताओं के साथ मेरे इंटरव्यू से प्रेरित एक अनोखा Pronunciation Tips फ़ीचर प्रदान करता है, जिनकी नेटिव भाषा अंग्रेज़ी नहीं है : पारंपरिक उच्चारण संकेतों के अलावा, LookUp किसी शब्द का उच्चारण कैसे करें, इस पर नेचुरल-लैंग्वेज में सुझाव बनाने के लिए AI का उपयोग करता है।

LookUp आसानी से समझ में आने वाले उच्चारण के सुझाव तैयार करने के लिए AI की मदद लेता है।

आप हर Word of the Day कैसे चुनते हैं?

मैं एक सूची बनाकर रखता हूँ जिसमें मुख्य रूप से GRE (Graduate Record Examination) की तैयारी वाले शब्द शामिल होते हैं, क्योंकि हमारे बहुत-से यूज़र अपनी शब्दावली को बेहतर बनाना चाहते हैं या अंग्रेज़ी दक्षता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे होते हैं; इस सूची में मुझे कहीं दिखाई दिए दिलचस्प शब्द भी शामिल होते हैं। मैं अक्सर इस सूची से एक ऐसा शब्द चुनता हूँ जिससे कोई इलस्ट्रेशन बनाने की प्रेरणा मिलती है। लेकिन कभी-कभी मैं हाल की प्रमुख वैश्विक या खेल की घटनाओं पर आधारित शब्द का इस्तेमाल करता हूँ—कुछ ऐसा जो प्रासंगिक हो।

आप हर रोज़ के इलस्ट्रेशन्स कैसे बनाते हैं?

मैं अपने मुख्य ड्रॉइंग टूल के तौर पर Sketch का इस्तेमाल करता हूँ। मैं इसका इस्तेमाल अक्सर इस्तेमाल होने वाली चीज़ों—अपने बनाए गए कैरेक्टर्स, ऑब्जेक्ट्स और ग्राफ़िक्स—की लाइब्रेरी बनाए रखने और कम्पोज़िट इलस्ट्रेशन बनाने के लिए भी करता हूँ। मेरे कुछ सबसे जटिल इलस्ट्रेशन Sketch में साधारण आकारों और ड्रॉइंग्स को मिलाकर बनाए गए हैं।

भार्गव के पास ख़ास तौर पर बनाए गए ऐसे किरदारों और ऑब्जेक्ट्स की एक Sketch लाइब्रेरी है, जिनका वे अक्सर इस्तेमाल करते हैं।

दूसरे शब्दों के लिए मिक्स्ड-मीडिया आर्ट से इलस्ट्रेशन्स बनाए जाते हैं। उदाहरण के लिए, “careen” के ग्राफ़िक में तेज़ गति दर्शाने वाली एक धुँधली तस्वीर शामिल है—यह असल में मेरे iPhone से जान-बूझकर खींची गई एक हिली हुई तस्वीर है। साथ ही, “fleck” के लिए पेंट जैसा इफ़ेक्ट अलग से बनाया गया था और उसे Sketch में इंपोर्ट किया गया था।

भार्गव ने SwiftUI के Canvas का इस्तेमाल करके "congeal" के इलस्ट्रेशन में कण बनाए, फिर उस इमेज को Sketch में दूसरे एलिमेंट्स के साथ मिला दिया।

क्या आपने Pronunciation Tips के अलावा भी ऐप में जेनरेटिव AI को शामिल किया है?

हम तस्वीरों या परिभाषाओं के लिए AI का इस्तेमाल नहीं करते, लेकिन हमने AI-पावर्ड लर्निंग फ़ीचर्स जोड़े हैं, ताकि हम यह सुनिश्चित कर सकें कि यूज़र्स को सीखने का अच्छा और भरोसेमंद अनुभव मिले। उदाहरण के लिए, यूज़र्स को हमारे इंटरैक्टिव क्विज़ मज़ेदार लगे, लेकिन वे शब्दों को रोज़मर्रा की ज़िंदगी में इस्तेमाल करना भी सीखना चाहते थे, इसलिए अब हम ऐसे क्विज़ मोड ऑफ़र करते हैं जो उदाहरण के तौर पर वाक्य और बातचीत दिखाते हैं : ऐप यह तय करता है कि क्विज़ में यूज़र से किन शब्दों पर सवाल पूछे जाएँ, फिर यह AI का इस्तेमाल करके वाक्य और सवाल बनाता है।

हमारे पास एक नया Explain फ़ीचर भी है जो यूज़र की अंग्रेज़ी भाषा की प्रवीणता, नेटिव भाषा और रुचियों के आधार पर प्रासंगिक व्याख्याएँ और उपयोग के उदाहरण जेनरेट करता है (इसे आप Explain विंडो में कॉन्फ़िगर करते हैं)।

हमारा सिद्धांत है कि AI का उपयोग लोगों की शब्दों की समझ को बेहतर बनाने के लिए किया जाए, न कि परिभाषाओं या वैज्ञानिक रूप से सिद्ध सीखने के तरीक़ों को गैर-ज़िम्मेदाराना ढंग से बदलने के लिए।