हमारे मनपसंद गेम्स

अगर टूटा है, तो जोड़ा जा सकता है

इस जज़्बाती पज़ल गेम में पुश्तैनी चीज़ें सुधारें और दिलों को सुकून दें।

जब Maria ख़ूबसूरत Bellariva पहुँची, तो उसे लगा कि वह अपनी स्किल्स की मदद से टूटी-फूटी प्राचीन चीज़ों की मरम्मत करेगी। लेकिन जल्द ही यह साफ़ हो जाता है कि Assemble With Care की नायिका टूटे रिश्तों को जोड़ने में भी उतनी ही माहिर है। जब आप एक टूटी हुई मूर्ति, एक रोटरी फ़ोन और ऐसी ही दूसरी प्यारी धरोहरों को फिर से जोड़ते हैं, तो आप उनके मालिकों को अपनों से सुलह करने में मदद करते हैं और उन दोस्तों व परिवार के सदस्यों को सम्मान देते हैं, जो अब इस दुनिया में नहीं रहे।

हमें यह क्यों पसंद है : भावनात्मक दृष्टि से बेशक़ीमती समझी जाने वाली इन चीज़ों को ठीक करना बहुत अच्छा लगता है। घड़ी के पेंच खोलकर उसके गियर्स बाहर निकालना, पुराने ज़माने के रिकॉर्ड प्लेयर के वायर्स को उनकी सही जगह पर लगाना, हर मरम्मत अपने-आप में एक संतोषजनक पहेली है। आप जिस तरह चीज़ों को धीरे से घुमाते हैं और निकाले गए पुर्ज़ों को उनकी सही जगह पर लगाते हैं, वह आपके मन में उस बेशक़ीमती वस्तु के प्रति सम्मान की भावना जगाता है, जैसे कि कोई ख़राब हो चुका स्लाइड प्रोजेक्टर, जो बचपन की न जाने कितनी यादे समेटे हुए है, वाक़ई सम्मान के क़ाबिल है।

वे ‘आह-हा!’ वाले पल – जब आपको समझ आ जाता है कि किस तरह की मरम्मत चाहिए बेहद संतोष देने वाले होते हैं।

सुझाव : किसी आइटम को वापस रखने से पहले, पक्का कर लें कि आपने उसके हर ख़राब पुर्ज़े को ठीक कर दिया है। हो सकता है आप हाथों में पकड़कर खेले जाने वाले किसी गेम कंसोल के सर्किट बोर्ड्स वापस लगा दें और फिर आपको याद आए कि आप उसकी टूटी हुई स्क्रीन को बदलना तो भूल ही गए, जिसका मतलब यह है कि आपको फिर से सभी वायर्स डिस्कनेक्ट करने होंगे!

निर्माता से मिलें : लंदन में मौजूद Ustwo Games ऐसे कई गेम्स बना चुका है, जिन्होंने Apple Design Award जीता है और इस फ़ेहरिस्त में उनका पज़ल गेम Monument Valley और इको-फ़्रेंडली अड्वेंचर गेम Alba: A Wildlife Adventure, दोनों शामिल हैं। जब टीम, वर्कशॉप में Assemble With Care के ऑडियो पर काम कर रही थी, तब उन्होंने पाया कि पास्ता कार्बोनारा में चम्मच चलाने से बिलकुल वैसी ही आवाज़ आती है, जैसी गोंद की बोतल को पिचक-पिचककर गोंद निकालते वक़्त आती है।