हमारे पसंदीदा

शानदार Mac गेम्स

पिछले साल के हमारे कुछ सबसे पसंदीदा गेम्स आज़माएँ।

Apple सिलिकॉन की दमदार ताक़त और कुछ वाक़ई शानदार गेम्स की बदौलत, Mac पर गेम खेलने का इससे अच्छा समय हो ही नहीं सकता।

पिछले साल के हमारे पसंदीदा गेम्स के साथ शुरुआत करें।

हर गेम सभी डिवाइसेज़ पर डाउनलोड करने के लिए उपलब्ध नहीं है। कुछ गेम्स में वयस्क कॉन्टेंट मौजूद होता है और हो सकता है कि वे 17 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सही न हो।


निरंतर कार्य

Cyberpunk 2077: Ultimate Edition
इस RPG का उथल-पुथल भरा लेकिन मंत्रमुग्ध कर देने वाला महानगर Night City बदनाम गैंग्स, अंडरवर्ल्ड के शातिर किरदारों और भविष्यवादी अजीबो-ग़रीब दुनिया से भरा है। एक साइबरनेटिक के रूप में उन्नत मर्सनरी बनकर आप अँधेरी गलियों में टेक बेचने वाले रिपरडॉक्स की तलाश करेंगे, जो आपको ऐसे अपग्रेड्स देंगे जिनसे आप कंप्यूटर हैक कर सकें या छतों पर होने वाली भिड़ंत में बढ़त पा सकें। हालात ऐसे भी बन सकते हैं कि आपको ख़ुद ही अपराध करने पड़ें, जिससे आपका वांटेड लेवल बढ़ेगा और लोकल क़ानून-व्यवस्था की नज़र आप पर टिक जाएगी। अगर आपने हद पार कर दी, तो ऑग्मेंटेड MaxTac स्क्वाड सीधे आपके पीछे होगा – अब भागना ही बेहतर है!

Asphalt Legends
कमर कस लें! मोबाइल रेसिंग इस अद्भुत स्पीडस्टर से ज़्यादा तेज़ नहीं हो सकती, जहाँ लाजवाब ग्राफ़िक्स और लगातार चलता ऐक्शन एक साथ मिलते हैं। लाइसेंस्ड सुपरकार्स में बैठकर हिमालय की सुरंगों और रोम के Colosseum से गुज़रते हुए फ़र्स्ट प्लेस की होड़ लगाएँ या रोमांच से भरी को-ऑप चेज़ में दुश्मनों को पीछे छोड़ें। कभी लगातार रैंप्स से बैरल रोल, तो कभी 360 स्पिन से विरोधियों को सड़क से बाहर करें या विशाल खाइयों पर नाइट्रो-बूस्ट की उड़ान। नए ट्रैक्स और कारों के साथ आने वाले सीज़नल अपडेट्स की बदौलत यहाँ ऐक्शन कभी पुराना नहीं होता।

Control Ultimate Edition
Federal Bureau of Control में आपका स्वागत है, एक ऐसी इमारत जहाँ वास्तविकता बदल जाती है, दीवारें खिसकती हैं और परछाइयों में अलौकिक ख़तरे साँस लेते हैं। Control Ultimate Edition की Jesse Faden बनकर आप इस दमदार ऐक्शन गेम में रहस्यमय सरकारी परिसर के गुप्त सच तक पहुँचने की कोशिश करेंगे। भौतिकी को चुनौती देने वाली लड़ाइयों में टिके रहने के लिए नई टेलीकाइनेटिक शक्तियों का इस्तेमाल करें और दूर तक फैली साज़िशों का पर्दाफ़ाश करें। क्या आप अब कंट्रोल अपने हाथ में लेने के लिए तैयार हैं?

Dead Island 2
धूप, पाम ट्रीज़ और सड़ते-गलते सेलिब्रिटीज़ – HELL-A में आपका स्वागत है! Dead Island 2 आपको क्वारंटीन किए गए लॉस एंजेलिस की चमचमाती कोठियों और विशाल साउंड स्टेट के बीच बसे एक डार्कली मज़ेदार ज़ॉम्बी सर्वनाश में उतार देता है। इलेक्ट्रिफ़ाइड गॉल्फ़ क्लब, आग बरसाने वाली नेल गन और दूसरे सनकी हथियार तैयार करें या ज़मीन हिला देने जैसे अलौकिक स्किल्स से आस-पास के दुश्मनों को चित कर दें। अपने स्लेयर के आउटफ़िट को नए शानदार लुक्स से अपडेट करना न भूलें। दुनिया का अंत है—तो क्यों न इसे पूरे स्टाइल में जिया जाए!

RoboCop: Rogue City
इस फ़र्स्ट-पर्सन ऐक्शन गेम में आप आधे इंसान, आधे मशीन और पूरी तरह से एक पुलिस वाले हैं। RoboCop 2 और RoboCop 3 के बीच सेट यह धमाकेदार अनुभव जबरदस्त शूट-आउट्स और हाई-टेक पुलिस वर्क को एक साथ लाता है, जहाँ आप गंभीर रूप से घायल अफ़सर से एक्स्पेरिमेंटल साइबॉर्ग बने Alex Murphy के रूप में सड़कों पर गश्त करते हैं। Peter Weller एक बार फिर हमारे हीरो को आवाज़ देते हैं, मशीन में इंसानियत भरते हुए, जब वह इस सवाल से जूझता है कि इंसान कहाँ ख़त्म होता है और मशीन कहाँ से शुरू होती है। क्या आप अपराधियों पर रहम करेंगे या क़ानून की किताब से एक इंच भी नहीं हटेंगे? सोच-समझकर फ़ैसला लें, क्योंकि आपके निर्णय दूसरे किरदारों की क़िस्मत बदल देते हैं।


शानदार अड्वेंचर्स

Assassin’s Creed Shadows
लोकप्रिय ओपन-वर्ल्ड Assassin’s Creed फ़्रैंचाइज़ी की यह नई पेशकश आपको 16वीं सदी के जापान के उथल-पुथल भरे Azuchi–Momoyama दौर में ले जाती है। विशाल क़िलों की खोज करें, दुश्मनों की लहरों से भिड़ें और बदले की तलाश में बेख़ौफ़ घूमते रहें। चालाक शिनोबी Naoe और ताक़तवर समुराई Yasuke—दोनों के रूप में खेलते हुए आप रणनीतिक चुपके वाले मिशन और सिनेमैटिक कॉम्बैट के बीच अदला-बदली करेंगे—कभी सटीक वार से दुश्मनों को ढेर करें, तो कभी ज़बरदस्त ताक़त से उन्हें पीछे धकेल दें।

Dredge
Dredge के रहस्यमय समुद्र मछलियों से भरे हैं, जहाज़ों के मलबों में लूट छुपी है और हर मोड़ पर डरावने ख़तरे मंडरा रहे हैं। एक अनजान द्वीपसमूह में भटके मछुआरे के रूप में आप कोहरे में लिपटे द्वीपों के बीच रास्ता बनाते हुए अजीबो-ग़रीब ख़ज़ाने पकड़ते हैं। हर मिशन के साथ कहानी की एक और परत खुलती जाती है – कलेक्टर कौन है और वह आपको डूबी हुई कलाकृतियों की तलाश में क्यों भेज रहा है? इन द्वीपों पर छाई अलौकिक दहशत की जड़ क्या है? रहस्यों के पीछे डोर डालते रहें और आख़िरकार सच्चाई भी आपकी पकड़ में आ जाएगी।

Wuthering Waves
Wuthering Waves की कल्पनालोक जैसी दुनिया में हर चीज़ फ़्रीक्वेंसी पर चलती है और अब आपकी बारी है ट्यून होने की! तलवारबाज़ों, गनस्लिंगर्स और मार्शल आर्टिस्ट की टीम का नेतृत्व करें और अलौकिक आपदाओं से तबाह हो चुके ग्रह पर रोमांचक, किरदार-आधारित मिशनों और तेज़-तर्रार लड़ाइयों में उतरें। Echoes में ट्रांसफ़ॉर्म करें यानी उन जीवों के सार में जिन पर आप विजय पा चुके हैं – कभी आग उगलने वाली छिपकली बनकर दुश्मनों को झुलसा दें, तो कभी कार के आकार के गैंडे-बग की तरह उन्हें ज़मीन पर पटक दें। यह आपकी ताक़त है। आप एक जानवर हैं!

Cat Quest III
Purribean Sea में आपका स्वागत है—जहाँ एक लेजेंडरी पायरेट ख़ज़ाने की अफ़वाहें आपकी मूंछों को फड़का रही हैं। ट्रॉपिकल द्वीपों की खोज करें! गुप्त गुफ़ाओं को लूटें! इसकी तेज़-तर्रार कॉम्बैट हमें बेहद पसंद है, जहाँ आप फ़ायरबॉल और बिजली के वार कर सकते हैं, फ़्लिंटलॉक पिस्टल से गोलियाँ दाग सकते हैं और फिर कटलैस या पंजों से दुश्मनों पर झपट सकते हैं। (काश, दुश्मनों के पास भी नौ ज़िंदगियाँ होतीं।) तगड़े स्टारफ़िश और स्नाइपर स्क्विड से भिड़ंत के बीच आपको “फ़र-ओशियस” मज़ेदार बिल्ली के चुटकुले बनाने के ढेरों मौक़े मिलेंगे।

Harold Halibut
ज़िंदगी में लीकेज ठीक करने और फ़र्श पर पोंछा लगाने के अलावा और भी बहुत कुछ है, लेकिन जब आप एक अनजान समंदर के तल में फँसी एक स्पेसशिप में रहते हों, तो आपके पास करियर के ज़्यादा विकल्प नहीं होते। Harold Halibut में आप एक रहमदिल कारीगर हैं, जिसे पानी से लबालब भरी एक अनजान दुनिया से बच निकलने के लिए अजीबो-ग़रीब दोस्ताना संबंध बनाने पड़ते हैं और विचित्र टेक्नॉलजी का इस्तेमाल करना पड़ता है। इसका मतलब दीवारों से रहस्यमय भित्तिचित्रों को साफ़ करना या समय-समय पर एक संदिग्ध CEO के साथ उलझना हो सकता है। और जब कोई अप्रत्याशित मेहमान आता है, तो यह आपकी नाव को हिला देगा—और इस शानदार ग्राफ़िकल रोमांच की असली गहराई को उजागर करेगा।


मन को भाने वाली रणनीति

Blue Prince
गुप्त कमरे, रहस्यमय सुराग और शर्तों वाली वसीयत? इस ताज़ा और ओरिजिनल पहेली में, आपको अपने चाचा से विशाल Mount Holly Estate विरासत में मिला है—लेकिन इसे अपने पास रखने के लिए आपको एक हवेली में 46वाँ कमरा खोजना होगा, जबकि 45 होने चाहिए सिर्फ़। यह जितना सुनने में आसान लगता है, उतना है नहीं : इस दिमाग़ घुमा देने वाली हवेली को आपको चलते-चलते बनाना होगा, हर दरवाज़े के पीछे क्या होगा – यह रणनीतिक रूप से तय करते हुए। कहीं एक चालाक डार्टबोर्ड पहेली वाला बिलियर्ड रूम होगा, तो कहीं एक ऑब्ज़र्वेटरी जो आपको सिक्के और चाबियाँ दे सकती है। सवाल यह है कि क्या आप ख़ुद को एक कोने में फँसाने से पहले इस पारिवारिक रहस्य की सारी परतें खोल पाएँगे?

Escape From Duckov
आपका मिशन : पोस्ट-एपोकैलिप्टिक खंडहरों में डगमगाते हुए चलें, लूट इकट्ठा करें, भारी हथियारों से लैस लुटेरों से बचें और अपनी दुम के पंख बचाकर निकलें! गियर और सामान के लिए जंगलों, गोदामों और बंजर क़स्बों को एक्स्प्लोर करें, फिर क्राफ़्टिंग स्टेशनों से अपना ठिकाना तैयार करें जहाँ फ़र्स्ट-एड किट से लेकर मशीन गन तक सब बनता है। जितना आप अपने अंडरग्राउंड बंकर की सुरक्षा से दूर जाएँगे, लूट उतनी बेहतर होगी—लेकिन आप उन दुश्मनों के भी शिकार होंगे जो पहले गोली मारते हैं और बाद में सवाल पूछते हैं।

Thronefall
ख़ूबसूरत स्ट्रैटजी गेम Thronefall में हर सूर्यास्त अपने टैक्टिक्स परखने का समय होता है। दिन में घर, कारखाने और खदानें बनाकर सोना कमाएँ और उसकी मदद से डिफ़ेन्सिव टावर्स खड़े करें और अपनी सेना को प्रशिक्षित करें। फिर रात होने पर ख़तरनाक दुश्मनों के ख़िलाफ़ अपनी सेना का नेतृत्व करें। रात होते ही ख़तरनाक दुश्मनों की लहरों के ख़िलाफ़ मोर्चा सँभालें। दानव आपकी दीवारों पर गाज गिरा रहे होते हैं, तो आपके तीरंदाज़ विशाल ततैयों को निशाना बना रहे होते हैं; कैटपल्ट्स तीरंदाज़ी टावर्स के टुकड़े-टुकड़े करेंगी, और आपके भालाधारी सैनिक सँकरे पहाड़ी रास्तों पर मॉन्स्टर राइडर्स से भिड़ेंगे। वे आपका क़िला ढहाएँ, इससे पहले ही उनका सफ़ाया कर दें। तब आप एक नया सूर्योदय देख सकेंगे!

Super Farming Boy HD
जब आप अपने अंगों को फावड़े या पानी के डिब्बे में बदल सकते हैं, तो औज़ारों की क्या ज़रूरत? Super Farming Boy के आकार बदलने वाले मिट्टी के रखवाले बनकर आप बीज बोएँगे, प्यारी फ़सलें उगाएँगे और उन्हें ज़मीन से खींचकर चेन-रिएक्शन कॉम्बो बनाएँगे। हर फल या सब्ज़ी पास-पड़ोस के पौधों को एक तय पैटर्न में प्रभावित करती है – सही जगह सही फ़सल लगाइए और कैश की जबरदस्त बरसात पाइए। अजीब किरदारों और मज़ेदार रहस्यों से भरी दुनिया में घूमते हुए अपनी किडनैप हुई माँ को खलनायक Korpo से बचाने की कोशिश भी जारी रहेगी।

Let’s! Revolution!
इस टर्न-बेस्ड क्वेस्ट में, अपने प्रजाजनों की ज़िंदगी उजाड़ने पर आमादा एक घमंडी राजा को खोजने के लिए प्रक्रियात्मक रूप से बने भूलभुलैयों में नैविगेट करें। हर किरदार की अपनी अलग चालें और स्किल्स होती हैं, जिनसे आप टाइल्स पलटते हैं और सामने आते हैं राजा के ख़तरनाक गुर्गे या आपके मूव्स बेहतर करने वाले मददगार दुकानदार, जो आपकी इन्वेंट्री भी भरते हैं। आपका आख़िरी मक़सद? अपने अकेले विद्रोह को राजा के दरवाज़े तक पहुँचाना—और उस रणनीतिक फ़ाइनल भिड़ंत में ज़िंदा बचना।

Time Flies
इस चालाकी भरे, समय-सीमा वाले रोमांच में हर सेकंड मायने रखता है। आप एक घरेलू मक्खी हैं, जिसकी ज़िंदगी अब बस थोड़ी ही बची है; हर प्लेथ्रू यह परखता है कि आप अपने बचे हुए कीमती मिनटों का कितना असरदार इस्तेमाल कर पाते हैं। एक सामान्य से दिखने वाले घर के कोनों-दरारों में भिनभिनाते हुए अपनी बकेट-लिस्ट पूरी करें और यह भी सीखें कि अगली बार और बेहतर तरीक़े से कैसे उड़ना है। हो सकता है रास्ते में कुछ राज़ भी खुलें—और थोड़ी-सी रचनात्मकता के साथ आपको कुछ और मायनेदार पल भी मिल जाएँ।


मनमोहक कहानियाँ

despelote
बात 2001 में इक्वाडोर की राजधानी कीटो की है, जहाँ उत्साह का माहौल है : देश की राष्ट्रीय फ़ुटबॉल टीम पहली बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफ़ाई करने के कगार पर है। इस भावनात्मक अड्वेंचर में, आप 8 साल के सूपरफ़ैन की आँखों से इस जादुई समय का अनुभव करते हैं—और महसूस करते हैं कि कैसे एक साधारण फ़ुटबॉल आपके लिए समुदाय से जुड़ने का ज़रिया बन सकता है। डेवलपर Julián Cordero (जिन्होंने इस गेम को अपने बचपन पर आधार पर बनाया है) द्वारा वर्णित, despelote जीवन का एक दिल से छू लेने वाला हिस्सा है जो आपको सीधे-सादे दौर की यादों से भर सकता है—या आपको बाहर जाकर खेलने के लिए प्रेरित कर सकता है।

Venba
यह गेम आपका एक ऐसे घर में स्वागत करता है जहाँ भोजन ही प्यार है—और परिवार थोड़ा अस्त-व्यस्त हो सकता है। दक्षिण भारतीय आप्रवासी Venba और Paavalan जब कैनडा में एक नई ज़िंदगी शुरू करते हैं तो उन्हें अपनी तमिल संस्कृति से दूर हो जाने की चिंता होती है, ख़ासकर तब जब उनका बेटा, Kavin पुट्टू से ज़्यादा पिज़्ज़ा खाना पसंद करता है। Venba (और बाद में Kavin) के रूप में खेलते हुए, एक पुरानी पारिवारिक रेसिपी बुक की मदद से स्वादिष्ट व्यंजन पकाएँ—ऐसी पहेलियों में, जो प्यार और बिछड़ जाने की इस सचित्र कहानी के साथ ख़ूबसूरती से घुली-मिली हैं।

inZOI
इस देखने में बेहद ख़ूबसूरत सिम्युलेशन में, ज़िंदगी सचमुच वैसी ही बनती है जैसी आप उसे बनाते हैं। अपना ख़ुद का वर्चुअल किरदार (एक Zoi) बनाएँ और उसे कहीं भी अपनी जड़ें जमाने के लिए छोड़ दें, जैसे कि किसी शहरी अपार्टमेंट में या फिर समुद्र किनारे मौजूद एस्टेट में। आपने अपने Zoi को जो कुछ भी बनाने का सपना देखा है, जैसे कि मशहूर कलाकार, प्रतिष्ठित परोपकारी या यहाँ तक कि कुख्यात अपराधी, उसे साकार करने में उसकी मदद करें, लेकिन साथ ही इसका भी ध्यान रखें कि उसे पर्याप्त भोजन और नींद के साथ-साथ सामाजिक मेल-जोल के लिए भी भरपूर समय मिले। अब फ़ैसला आपका है : आप अपनी सपनों की ज़िंदगी को सलीके से गढ़ेंगे या फिर बिना योजना वाले रास्ते की उथल-पुथल को अपनाएँगे?

Is This Seat Taken?
आप हर किसी को ख़ुश नहीं कर सकते – या कर सकते हैं? Is This Seat Taken? की लॉजिक पर आधारित प्यारी पहेलियों में आपके लिए चुनौती यह है कि नकचढ़े लोगों के बैठने या खड़े होने के लिए सही जगह ढूँढकर आपको उन्हें ख़ुश करना है। चाहे वे बस में सवारी कर रहे हों, कोई मैच देख रहे हों या नज़ारे देखने के लिए क्रूज़ पर जा रहे हों, ग्रूप में हर किसी की अपनी पसंद होती है। लोगों को तब तक इधर से उधर शिफ़्ट और शफ़ल करते रहें, जब तक कि इस सारे बदलाव से उन सभी के चेहरे पर ख़ुशी न आ जाए।