यह गेम सिर्फ़ Apple सिलिकॉन वाले Mac डिवाइसेज़ के लिए उपलब्ध है।
Renaissance Italy. Ancient Egypt. The American Revolution. आपका प्यारा Assassin’s Creed फ़्रैंचाइज़ कभी नहीं थमता और इसका अगला पड़ाव कई सालों से प्रशंसकों की लिस्ट में सबसे ऊपर रहा है।
Assassin’s Creed Shadows में आपका स्वागत है। 16वीं सदी के जापान में Azuchi–Momoyama के उथल-पुथल भरे दौर की पृष्ठभूमि पर आधारित इस कमाल के ओपन-वर्ल्ड गेम में आप यहाँ से वहाँ तक फैले विशालकाय क़िलों को एक्स्प्लोर कर सकते हैं, दुश्मनों के सैलाब को रोक सकते हैं और बदले की ताक में इस दिलकश दुनिया में यहाँ-वहाँ घूम सकते हैं।
यहाँ जानें कि इस शानदार ऐक्शन-अड्वेंचर में आगे बढ़ने पर आपको क्या मिलेगा।
दो महान नायक और एक महागाथा।
आप निन्जा की राह पर चलना चाहेंगे या फिर समुराई का रास्ता अपनाना चाहेंगे? आपको Assassin’s Creed Shadows में ये दोनों रास्ते अपनाने का मौक़ा मिलेगा। आप दो ऐसे नायकों के रूप में खेलेंगे, जिनका मक़सद बदला है।
रहस्यमयी Naoe एक कुशल शिनोबी है, जो छलावे, सेंध लगाने के कौशलों, कुनाई (फेंककर मारने वाले चाकू) और छिपे ब्लेड्स का इस्तेमाल करके अपने निशानों का काम-तमाम करती है और एक बार में अपने एक निशाने का ख़ात्मा करती है। उसके नुकीले हुक को हवा में लहराकर चुपचाप इमारतों की छत पर चढ़ें और उसके सहारे लटककर बीच की खाली जगहों को पार करें। उसके कुसारीगामा को घुमाकर दुश्मनों के समूह पर हमला करें या गाफ़िल दुश्मनों को अचानक अँधेरे में खींच लें।
अगर छलावे से बात नहीं बनती, तो Yasuke को मौक़ा दें। असली अफ़्रीकी समुराई के किरदार पर आधारित Yasuke कई हमलावरों से एक साथ युद्ध करने के लिए कताना, धनुष और एक भारी बख़्तरबंद का इस्तेमाल करता है। यूँ तो वह शक्तिशाली है, लेकिन सटीकता फिर भी मायने रखती है : हमला नाकाम करने, रोकने और टूट पड़ने का समय सही रखकर सबसे सख़्त दुश्मनों को भी धराशायी किया जा सकता है।

जैसे-जैसे आप स्टोरी के मिशन्स और अतिरिक्त अभियान पूरे करते जाएँगे, वैसे-वैसे इन दो कैरेक्टर्स की ताक़त भी साथ-साथ बढ़ती जाएगी। क्या आप Yasuke का कैरेक्टर लेकर खेलते हैं? जब आप Naoe के कैरेक्टर पर स्विच करेंगे, तो पाएँगे कि वह भी उतनी ही घातक बन चुकी है। ख़ुद तय करें कि आपको चालबाज़ी से काम लेना है या फिर शारीरिक ताक़त से।
अत्याधुनिक तकनीक
Metal 3. Apple सिलिकॉन।M3 या इसके बाद के वर्शन वाले Mac पर HDR या रियल-टाइम रे ट्रेसिंग के लिए सपोर्ट। Assassin’s Creed Shadows इस ख़ूबसूरत और ख़तरनाक दुनिया में जान डालने के लिए आपके Mac डिवाइस की पूरी ताक़त का इस्तेमाल करता है।
इसके बदलते मौसम और बदलती ऋतुओं की बदौलत, जापान के सामंती दौर के शहर, क़िले और प्रार्थना-स्थल पूरे साल अलग-अलग दिलकश अंदाज़ में नज़र आते हैं। (डेवलपर ने नमी का सिम्युलेशन भी बनाया है, जो ऑर्गेनिक तरीक़े से बादलों को इकट्ठा करता है)। बदलता मौसम आपके खेलने के तौर-तरीक़ों पर असर डालता है। घना कुहरा दुश्मनों पर चोरी छिपे वार करने में आपकी मदद कर सकता है, जबकि सर्दियों के मौसम में बिना पत्तियों वाली झाड़ियों के पीछे छिपना मुमकिन नहीं होता। भारी बरसात के दौरान आप बूँदों की कर्कश ध्वनि की आड़ में आक्रामक अंदाज़ में आगे बढ़ सकते हैं, जबकि सर्दी के सन्नाटे में आपको बहुत ध्यान से आगे बढ़ना होगा।

इसका परिवेश ख़ुद ही बड़े काम की चीज़ साबित हो सकता है। क्या आप छिपे रहना चाहते हैं? रोशनी बुझाकर आप सायों का दायरा बढ़ा सकते हैं। क्या आपको किसी पतली दीवार की दूसरी तरफ़ दुश्मनों की आहट मिल रही है? अगर ऐसा है, तो ब्लेड को दीवार के आर-पार करके उस ओर मौजूद दुश्मन को भोंक दें। रे-ट्रेस्ड ग्लोबल इल्यूमिनेशन का विकल्प चालू करने पर रोशनी बड़े ही वास्तविक अंदाज़ में परावर्तित होती है, जिससे सब कुछ बड़ा ही असली और जीवंत लगता है।
एक ऐसी दुनिया, जहाँ हर बारीकी नज़र आती है
मिट्टी के बर्तनों की सतह पर नज़र आने वाली चमक से लेकर शहर के लोगों और कुलीन वर्ग के पहनावे (जो मौसम के साथ-साथ बदलते हैं) की चमक-दमक तक, 16वीं सदी के जापान के हर पहलू को बहुत बारीकी और जतन से उकेरा गया है। धान के खेत, मछुवारों के गाँव, ग्रामीण प्रार्थना-स्थल, Osaka Castle और यहाँ तक कि पेड़ों और काई तक हर चीज़ को बहुत ध्यान से बनाया गया है।

इस गेम के डेवलपर Ubisoft ने ऐतिहासिक सटीकता पक्की करने के लिए विशेषज्ञों की सलाह ली है। यहाँ उस ज़माने की कलाकृतियों और भित्तिचित्रों का इस्तेमाल किया गया है, ताकि उस दौर के व्यावसायिक नगरों, निर्माण-कार्य में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री और दीवारों से घिरे क़िलों के अंदर मौजूद वास्तुकला को गेम में हूबहू उतारा जा सके।
जासूस और सहयोगी
इस गेम का विशालकाय मैप रहस्यों से भरा हुआ है और अलग-अलग क्षेत्रों को अनलॉक करने के लिए आपको बेहद निष्ठावान सहयोगियों की ज़रूरत होगी। आपको जासूसों का एक नेटवर्क बनाना होगा, फिर उन संपर्कों का इस्तेमाल करके उस जगह के बारे में जानकारी जुटानी होगी। किसी क्षेत्र की टोह लेना और काम की जगहों की सटीक लोकेशन उजागर करने का Assassin’s Creed का परंपरागत तरीक़ा यहाँ काम नहीं आएगा : Shadows में दुनिया को समझने के लिए एक बिलकुल नया तरीक़ा पेश किया गया है।

आपके पास यहाँ कस्टमाइज़ किया जा सकने वाला अपना अड्डा भी होगा, जो शुरुआत में एक साधारण-सा फ़ार्महाउस होगा और इसे Assassin’s Creed के खिलाड़ियों की सोच से ज़्यादा तरीक़ों में अपग्रेड किया जा सकता है। इसे काम आने वाली चीज़ों, कलाकृतियों और मनमोहक एनिमेटेड घरेलू पालतू जानवरों से सजाएँ, ताकि ज़बरदस्त ऐक्शन के बाद आपको राहत मिल सके। बदले लेने के लिए एक पूरा गाँव लगता है!

macOS में हाल ही में हुए अपडेट्स की बदौलत, अब Mac पर अगली पीढ़ी के गेम्स इंस्टॉल करने के लिए पहले से कम स्टोरेज की ज़रूरत होती है और (आपके कनेक्शन पर निर्भर करते हुए) इंस्टॉलेशन ज़्यादा तेज़ी से पूरा हो सकता है।
इस गेम में वयस्क सामग्री है और हो सकता है यह 17 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए उचित न हो।