कई गेम्स में कला हो सकती है, लेकिन Apple Arcade के पज़ल गेम Patterned ने कला के साथ खेलने को मज़ेदार बनाया है।
जिगसॉ पज़ल्स पर आधारित इस चतुराई भरे गेम में आपको पज़ल के हर टुकड़े के लिए स्क्रीन पर दिख रहे इलस्ट्रेशन पर सही जगह खोजनी होगी। यह कोई साधारण कलाकृति नहीं है—हर एक को एक पैटर्न डिज़ाइनर ने बनाया है जो ऐसे इलस्ट्रेशन बनाने में माहिर हैं जिनके पैटर्न्स हर दिशा में रिपीट होते हैं। ऐसे डिज़ाइन वॉलपेपर से लेकर बच्चों के बेड-शीट्स तक काफ़ी जगह पाए जाते हैं।
Apple Arcade पर 2019 में आने के बाद से Patterned पर दुनिया भर के कलाकारों के 3 हज़ार से ज़्यादा इलस्ट्रेशन्स को फ़ीचर किया गया है। इन में से 99 प्रतिशत कलाकार ख़ुद को एक महिला के रूप में गिनते हैं। पैटर्न-डिज़ाइन की दुनिया में यह गेम एक इतनी बड़ी चीज़ बन गया है कि इसके डेवलपर BorderLeap ने एक प्लैटफ़ॉर्म भी लौंच किया है जहाँ पैटर्न आर्टिस्ट्स अपनी प्रतिभा की नुमाइश कर सकते हैं।
इस गेम में 85 से भी ज़्यादा इलस्ट्रेशन्स का योगदान देने वाली Heather Dutton के लिए Patterned कम्युनिटी सबसे अनोखी है। “देखा जाए तो हम सब उन्हीं चंद मौक़ों के लिए एक दूसरे से मुक़ाबले में हैं, लेकिन हर कोई सलाह देकर एक-दूसरे की मदद करता है।”
Patterned के साथ काम करने में जो अलग बात है, वह है BorderLeap का कलाकारों के प्रति इज़्ज़त और उनका लिहाज़ करना।– Ewa Brzozowska, इलस्ट्रेटर
इटली में रहने वाली इलस्ट्रेटर Gaia Marfurt इसके बिज़नेस वाले पहलू से निपटने में कम्युनिटी से मिली मदद के लिए शुक्रगुज़ार हैं। “मुझे शुरुआत में इससे ख़ासी मदद मिली, क्योंकि मैं आर्ट लाइसेन्सिंग के लिए अग्रीमेंट करना नहीं जानती थी। सब कुछ इंग्लिश में जो था!” लेकिन उनके साथी Patterned कलाकारों ने इस प्रक्रिया को पूरा करने में उनकी मदद की।

खेलने लायक़ कला कैसे बनाई जाती है
पोलैंड की इलस्ट्रेटर Ewa Brzozowska के मुताबिक़ एक डिजिटल पज़ल के लिए रिपीटिंग पैटर्न डिज़ाइन करने में और टावल जैसी कोई आम चीज़ डिज़ाइन करने में बहुत फ़र्क़ है।
“जब मैं टेक्स्टाइल के लिए डिज़ाइन करती हूँ तो मेरे क्लायंट्स को आकृतियों के बीच काफ़ी ख़ाली जगह चाहिए होती है, लेकिन Patterned में यह नहीं चलता। कोई ऐसा पज़ल पीस नहीं होना चाहिए जो बस ख़ाली सफ़ेद रंग का हो।” Brzozowska ने सुनिश्चित किया कि गेम के लिए उनके द्वारा डिज़ाइन किए 160 पज़ल्स में विभिन्न एलिमेंट्स से युक्त घने डिज़ाइन्स हों, ताकि हर पीस खेलने वालों को अपनी सही जगह का इशारा दे सके।

स्केल एक और महत्त्वपूर्ण पहलू है। टेक्स्टाइल पैटर्न्स ढाई फ़ीट के हो सकते हैं, लेकिन Patterned की पहेलियों का छोटी जगह में फ़िट होना ज़रूरी है, यह कहना है इंडोनीशिया की कलाकार Dewi Masita का। “मैं रेज़ोल्यूशन पर सबसे ज़्यादा ध्यान देती हूँ, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि डिज़ाइन में स्पष्टता रहे।”
गेम में हर आर्टवर्क एक ब्लैक-एंड-वाइट लाइन ड्रॉइंग से शुरू होता है और जैसे-जैसे आप उसे सुलझाते हैं वह रंगीन होता जाता है। (ख़ासकर Apple Vision Pro पर कोई पहेली पूरी करना वाक़ई एक शानदार अनुभव होता है। आपका इलस्ट्रेशन बड़ा होकर आपके आस-पास की जगह भर देता है और एक 360-डिग्री पैनोरामा बन जाता है।) पज़ल पूरी कर लेने पर आप उसे अपने iPhone, iPad या Mac का वॉलपेपर भी बना सकते हैं।
चूँकि हर पहेली एक सादे लाइन आर्ट से शुरू होती है, इसलिए इलस्ट्रेशन का स्टाइल पज़ल की कठिनाई का लेवल बढ़ा सकता है। Brzozowska कहती हैं, “मेरी कुछ कलाकृतियाँ स्केचेस की तरह हैं और उनमें बहुत थोड़ा रंग है। उन्हें हल करना मुश्किल हो सकता है क्योंकि गेम का हर राउंड एक स्केच के तौर पर शुरू होता है।”

कलात्मक विकास की राह
गेम के प्री-लौंच स्टेज में डेवलपर BorderLeap ने Brzozowska और न्यू ज़ीलैंड की कलाकार Mel Armstrong के साथ क़रीबी सहयोग करते हुए विभिन्न पैटर्न स्टाइल्स और ऐनिमेटेड डिज़ाइन्स टेस्ट किए।
Brzozowska कहती हैं कि, “Patterned के साथ काम करने में जो अलग बात है वह है BorderLeap का कलाकारों के प्रति इज़्ज़त और उनका लिहाज़ करना। वे हमें पार्टनर्स मानते हैं, न कि ऐप बनाने की प्रक्रिया में आया एक ख़र्च। वे स्टॉक इमेजेस का इस्तेमाल भी कर सकते थे, लेकिन वे शुरू से ही कुछ अलग करना चाहते थे।”
Patterned वाक़ई यह गेम खेलने वालों का परिचय कला के एक ऐसे क्षेत्र से कराता है जिसके नाम तक से शायद वे आनजान थे। “यह मेरे जैसे डिज़ाइनर्स और यहाँ मौजूद दूसरे सभी कलाकारों पर रोशनी डालता है,” Dutton कहती हैं।
Masita का अनुभव भी कुछ ऐसा ही है। “Patterned के साथ काम करने से मेरे लिए रचनात्मकता के नए दरवाज़े खुल गए हैं। मुझे नहीं पता था कि मेरे डिज़ाइन्स इस तरह एक गेम का हिस्सा बन सकते हैं।” अब Patterned पर उनकी 25 से भी ज़्यादा डिजिटल पहेलियाँ मौजूद हैं।

Brzozowska कहती हैं, “कला और रिलैक्सेशन को इतने उम्दा ढंग से साथ लाने वाले प्रोजेक्ट बहुत कम देखने को मिलते हैं। यह जानकारी होना कि मेरे डिज़ाइन लोगों को ख़ुशी दे रहे हैं, चाहे पहेलियाँ सुलझाते हुए, या बस उन तस्वीरों को उनके iPhone का वॉलपेपर बनाकर। यही तो कला का मक़सद होता है – ख़ुशी और जुड़ाव के पल बनाना।”
Patterned पर आज की तारीख़ में 3 हज़ार से भी ज़्यादा पहेलियाँ उपलब्ध हैं। आप उन्हें कलाकार के नाम से ब्राउज़ कर सकते हैं, या त्योहारों और सीज़न्स से, दुनिया की जगहों से, तितलियों और यूनिकॉर्न्स जैसे फ़ीचर्स से, और दूसरी कई और चीज़ों के आधार पर फ़िल्टर कर सकते हैं।