सितारों और ऐक्शन से भरपूर व ग्राफ़िक्स का एक निहायत बेहतरीन अनुभव। Cyberpunk 2077 आपको गेमिंग के भविष्य की एक झलक दिखाता है, साथ ही यह टेक्नॉलजी और मानवता के बीच के कम होते अंतर को भी रेखांकित करता है। आइए देखते हैं कि इस साय-फ़ाय विश्व में क़दम रखने पर आपको क्या मिलेगा :
साइबरनेटिक सिनेमा
बड़ी ख़ूबसूरती से चित्रित, एक बेहद अराजक महानगर Night City में सेट किए गए Cyberpunk 2077 में आप मर्सेनरी V होंगे। एक काम बिगड़ जाने के बाद, Keanu Reeves द्वारा अभिनीत एक भूतपूर्व लेजेंडरी रॉक स्टार को, जो अब केवल एक डिजिटल अस्तित्व है, आपके दिमाग़ में अपलोड कर दिया जाता है। यहाँ से चीज़ें ज़्यादा अजीब होती चली जाती हैं।
दुष्ट गैंग मेंबर्स और अंडरवर्ल्ड बदमाशों से लोहा लेते हुए आपको भविष्य की और अजीब चीज़ें मिलेंगी। इसका ऐक्शन तेज़ और घमासान है, और फ़र्स्ट-पर्सन पर्स्पेक्टिव तथा पूरी बारीकियों के साथ निर्मित माहौल एक अद्भुत दुनिया पेश करते हैं जिसमें ढेर सारी संभावनाएँ हैं। तैयार रहो, समुराई!
शहर में घूमें-फिरें
Night City बेहद जीवंत लगता है, और ऐसा केवल इसके भव्य ग्राफ़िक्स के कारण नहीं है, जो M3 या उससे नए चिप से युक्त Mac पर हार्डवेयर-ऐक्सेलरेटेड रे ट्रेसिंग के कारण बेहद असल-जैसे लगते हैं। इसमें एक-एक चीज़ पर पूरा ध्यान दिया गया है। रात की लड़ाइयों में सड़क पर पड़े पानी में दिखते प्रकाश के प्रतिबिंबों का बिखरना, Night City की ऊँची इमारतों पर चढ़ते हुए चक्कर आने की लगभग वास्तविक अनुभूति, हर एक बात इसकी भव्यता में योगदान देती है। जगमगाते Jig-Jig Street मार्केट से लेकर ख़ूबसूरत कॉर्पोरेट पेंटहाउसेज़ तक, हर इलाक़े का अपना अलग इतिहास और अपनी अलग सांस्कृतिक ख़ूबियाँ हैं।
अपनी वास्तविकता चुनें
नैतिकता और अनैतिकता की सीमा पर खड़े विकल्प इसकी कहानी को दिशा देते हैं, जिससे हर प्लेथ्रू ख़ास आपका बन जाता है। यह तभी से शुरू हो जाता है जब आप गेम को चालू करते हैं। आप इस अराजकता में कैसे उतरेंगे, एक स्ट्रीट-स्मार्ट बच्चा बनकर, बाहरी पिछड़े इलाक़े से आया एक गंदा-सा ख़ानाबदोश बनकर, या एक लालची और ख़ुदग़र्ज़ कॉर्पोरेट अधिकारी बनकर?
यह तो फ़ैसले लेने की शुरुआत-भर है। आप AI से संचालित होने वाली और संवेदनशील बन जाने वाली रोबो-टैक्सियों की मरम्मत करेंगे, या उन्हें संवेदनशील बने रहने देंगे? एक खतरनाक VR धार्मिक कार्य से लोगों की ज़िंदगियों को ख़तरे में पड़ने देंगे, या उन्हें ख़ुद को नुक़सान पहुँचाने से बचाएँगे? आप किसका साथ देंगे? किस पर भरोसा करेंगे?
अपनी ताक़त को कस्टमाइज़ करें
इस गेम की कॉम्बैट सिस्टम को भी कस्टमाइज़ किया जा सकता है। आप बदमाशों को राइफ़लों और पिस्तौलों जैसे पुराने तरीक़ों से ठिकाने लगा सकते हैं, लेकिन जिस दुनिया में साइबरनेटिक संवर्धन बेहद आम हों, वहाँ थोड़ा मज़ा क्यों न लिया जाए?
Reflexes, Body, और Cool के लिए पॉइंट्स तय करके एक स्ट्रीट समुराई बनकर खेलें और अँधेरे में छिपते-छिपाते आगे बढ़ें, डबल-जंप लगाकर छतों पर चढ़ें और अपनी समुराई तलवार के साथ दुश्मनों से लड़ें। या Intelligence और Technical Ability पर फ़ोकस करके एक नेटरनर बनें जो एक जगह-बैठे-बैठे ही कैमरे बंद कर सकता है और दुश्मनों को हैक करके उन्हें उनके ही साथियों के ख़िलाफ़ खड़ा कर देता है। इससे भी ज़्यादा ज़ोरदार कुछ चाहिए? तो अपने साधारण हथियारों को Mantis Blades के साथ अपग्रेड करें और विरोधियों को गाजर-मूली की तरह काट डालें। विकल्पों की कोई कमी नहीं है यहाँ!
इस गेम में वयस्क कॉन्टेंट है, इसलिए हो सकता है यह 17 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए उपयुक्त न हो।
Cyberpunk 2077: Ultimate Edition कम से कम 16 GB मेमोरी और macOS 15.5 या बाद के संस्करण वाले Apple silicon Mac कॉन्फ़िगरेशन पर चलता है।
