हमारे मनपसंद गेम्स

ये समंदर भुतहे हैं!

अगर हिम्मत है, तो ज़रा Dredge के अँधेरे में जाल डालकर देखें।

Dredge के भुतहे समंदरों में पकड़ने के लिए ढेर सारी मछलियाँ, लूटने के लिए कई डूबे जहाज़ और बचने के लिए कई ख़तरनाक मॉन्स्टर्स हैं। अनजान टापुओं की शृंखला में भटककर आए एक मछुआरे के रूप में, आपको कोहरे से ढँके टापुओं में रास्ता ढूँढ़ते हुए अपने जाल से अद्भुत चींज़ें पकड़नी होंगी। बस सूरज डूबने तक बंदरगाह पर आना न भूलें, वरना विशालकाय भुतही शार्क्स...या उससे भी बड़ी कोई मुसीबत आपके पीछे पड़ जाएगी।

क़ीमती मैकरेल पकड़ना आपके मन में उत्सुकता जगा सकता है, लेकिन शैतानी Mind Suckers का सामना करने पर आपकी धड़कनें यक़ीनन बहुत तेज़ हो जाएँगी।

हमें यह क्यों पसंद है : इसकी रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी कमाल की है। हर मिशन पूरा करने पर इस डरावनी कहानी का कोई दूसरा पहलू आपके सामने आएगा। आख़िर Collector कौन है और उसने डूबी हुई कलाकृतियों की खोज में आपको क्यों भेजा है? टापुओं पर छाई भुतही और डरावनी चीज़ों का स्रोत क्या है? रहस्यों से परदा उठाते रहें और सच आख़िरकार आपके सामने आ जाएगा!

टापुओं पर जगह-जगह समाधियाँ और प्रार्थनास्थल मौजूद हैं। यहाँ सही भेंट चढ़ाने पर आपको बड़े ही काम का गियर मिल सकता है।

सुझाव : कार्गो का स्पेस या लाइट्स की संख्या बढ़ाने से पहले अपने इंजन अपग्रेड कर लें। अगर आप गहराई में रहने वाले क्रीचर्स को पछाड़ दें, तो आपको इसकी फ़िक्र करने की ज़रूरत नहीं रहेगी कि वे आपकी नाव का पेंदा चबा जाएँगे।

निर्माता से मिलें : न्यूज़ी लैंड के Black Salt Games ने Dredge को बनाने से पहले जिन दो शब्दों पर विचार किया था, वे हैं “डरावनी फ़िशिंग”। यह गेम बस चार लोगों की टीम ने डेवलप किया था और वे सभी इस बात को स्वीकार करते हैं कि उन्होंने असल ज़िंदगी के मुक़ाबले वीडियोगेम्स में फ़िशिंग करते हुए ज़्यादा वक़्त बिताया है।