1980 के दशक की यादें ताज़ा कराते RoboCop: Rogue City में आप एक मानव-मशीन पुलिस अधिकारी हैं! RoboCop 2 और RoboCop 3 फ़िल्मों के बीच के समय में सेट, गोलियों की बौछार और हाइ-टेक पुलिस वर्क के धमाकेदार मिश्रण वाले इस गेम में आप Alex Murphy बनकर सड़कों पर गश्त करेंगे, जो गंभीर रूप से ज़ख़्मी हो गया था और अब उसे प्रयोग के तौर पर एक साइबोर्ग बना दिया गया है।
उन्मादी गैंग मेंबर्स और दुष्ट रोबॉट्स को अपने भरोसेमंद हथियार Auto 9 का निशाना बनाने के लिए साइबर्नेटिक इम्प्लांट्स का उपयोग करें। एक रहस्यमय क्राइम बॉस की तलाश करें और उसके साथ अपने पुराने संबंधों का पता लगाएँ। अपराधियों के साथ नरमी बरतें, या क़ानून का पूरा पालन करें? सोच-समझकर चुनें, क्योंकि आपके फ़ैसले से दूसरे कैरेक्टर्स पर भी असर पड़ेगा!

हमें यह क्यों पसंद है : RoboCop बनना भला किसे पसंद नहीं आएगा! यहाँ की गोलीबारी अंधाधुंध होती है और इसके विनाशकारी विस्फोट मलबे की बारिश कर देते हैं। अपराधियों को पकड़ने और ख़तरनाक ED-209 सिक्योरिटी बॉट के साथ हाथापाई से फ़ुरसत मिलने पर आप साइड मिशन्स से भी निपटेंगे जिनमें आपको हत्याओं की तफ़तीश करनी होगी, अगवा हुए लोगों को छुड़ाना होगा, और शोर-शराबे जैसी आम शिकायतें भी निपटानी होंगी। आप किसी गुंडे को तेज़ संगीत की आवाज़ कम करने को कहेंगे, या अपना लोहे का मुक्का मारकर उसका रेडियो ही तोड़ देंगे?
सुझाव : दुश्मन को जकड़ लेना एक शानदार योजना है। आपके चँगुल में इस तरह फँसे उस कुकर्मी को आप उसके ही साथियों पर ही पटक सकते हैं, किसी दीवार पर फेंक सकते हैं, या उसे खिड़की से बाहर भी उछाल सकते हैं। अब भुगतो अपने किए का फल!
निर्माता से मिलें : Teyon की स्थापना 2006 में हुई थी और इसका मुख्यालय पोलैंड में है। 1980 के दशक की एक ऐक्शन फ़्रैंचाइज़ पर आधारित RoboCop: Rogue City उनका बनाया दूसरा गेम है। पहला गेम, 2019 में बना Terminator: Resistance उस रोबॉट विद्रोह के समय में सेट है जिसकी भविष्यवाणी Terminator और Terminator 2: Judgment Day फ़िल्मों में की गई थी।