हमारे मनपसंद गेम्स

Resident Evil 7: Biohazard में डर भी, मज़ा भी

हिट सर्वाइवल-हॉरर गेम आ गया है!

Resident Evil 7: Biohazard के बीचों-बीच मौजूद सदर्न स्टाइल की ख़स्ता हाल हवेली कोई आम भुतहा मकान नहीं है। इस बेहद डरावने अड्वेंचर में आप एक वाक़ई ख़ौफ़नाक परिसर की छानबीन करेंगे और वहाँ के बिगड़ैल निवासियों से निपटेंगे।

अब Apple silicon वाले Mac, iPhone 15 Pro, iPhone 15 Pro Max, तथा M1 या और नई चिप वाले iPad के लिए उपलब्ध यह अनुभव आप कभी नहीं भूल पाएँगे। इसके चरमराते दरवाज़े खोलने पर क्या सामने आएगा, देखते हैं एक झलक :

आपको कई झगड़ालू लोग मिलेंगे।

भुतहा कथानक

आपको अपनी गुमशुदा पत्नी से ईमेल मिलता है जिसमें आपको उसे लुइज़ियाना में एक फ़ार्म से ले जाने के लिए कहा गया है। आप इस दक्षिणी राज्य में जाते हैं और उस वीरान दिख रहे फ़ार्म में सुराग़ तलाशते हैं। जल्द ही आपका सामना होता है उन्मादी Baker परिवार से, लेकिन पता चलता है कि वहाँ की सबसे ख़तरनाक चीज़ कुछ और ही है। क्या आप ज़िंदा बच पाएँगे?

डर का प्रत्यक्ष अनुभव

खेलने वाले की नज़र से खेला जाने वाला यह गेम तनाव को बेहद बढ़ा देता है। एक टिमटिमाती टॉर्च लेकर अँधेरे कोनों का ठीक से मुआयना करें। सीलन भरी सुरंगें रेंगकर पार करें। म्यूटंट कीड़ों को मार भगाएँ। एक गराज में Baker परिवार के मुखिया Jack से सामना इतना असल लगता है मानो आप वहाँ पड़े तेल की गंध सूँघ भी सकेंगे।

इस गेम में वयस्क कॉन्टेंट है और हो सकता है कि यह 17 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए उपयुक्त न हो।