हमारे मनपसंद ऐप्स

Adobe Lightroom में AI के साथ क्रिएटिव बनें

जनरेटिव फ़ीचर्स जटिल एडिट्स को आसान बना देते हैं।

जब आप “जनरेटिव AI” सुनते हैं, तब आपके मन में कंप्यूटर पर बनी फ़ोटोरियलिस्टिक या पूरी तरह काल्पनिक तस्वीरों का ही ख़याल आता होगा जो टेक्स्ट प्रॉम्प्ट्स से बनाई जाती हैं। लेकिन Adobe Lightroom में टास्क-स्पेसिफ़िक टूल्स के एक सुइट के लिए जनरेटिव AI का इस्तेमाल किया जाता है जिससे समय की बचत होती है और आपके लिए फ़ोटोज़ में बेहतरी लाना ज़्यादा आसान हो जाता है।

यहाँ हम Lightroom के सबसे उपयोगी AI-असिस्टेड टूल्स पर एक नज़र डालेंगे और जानेंगे कि उनका पूरा फ़ायदा कैसे उठाया जाए।


ऑब्जेक्ट्स हटाएँ, बड़ी सरलता से

डिजिटल फ़ोटो रिपेयर अब तक यहीं तक सीमित थी कि “अच्छे” पिक्सल्स को कॉपी करके उन्हें दाग़-धब्बों पर पेस्ट कर दिया जाए। लेकिन यह तरीक़ा बड़े आइटम्स और जटिल बैकग्राउंड्स के लिए कारगर नहीं था। Lightroom का Generative Remove Adobe Firefly का इस्तेमाल करके तस्वीरों में अनचाहे ऑब्जेक्ट्स की जगह रीकन्स्ट्रक्टेड इमेजरी डाल देता है जो बाक़ी तस्वीर के साथ पूरी तरह मेल खाती है।

Generative Remove अनचाहे ऑब्जेक्ट्स को हटाकर उनकी जगह स्वाभाविक लगने वाला कॉन्टेंट ले आता है, न कि तस्वीर में किसी जगह से क्लोन किए पिक्सल्स।

Remove टूल में Use Generative AI चेकबॉक्स पर क्लिक करें और उस एरिया पर पेंट करें जो निकाला जाना है। उसके चारों ओर थोड़ा अतिरिक्त एरिया भी ले लें ताकि टूल को काम करने की जगह मिले। अगर आप स्पष्ट किनारों वाला कोई आइटम हटा रहे हों, तो Detect Objects चालू कर लें ताकि हटाया जाने वाला एरिया बेहतर पहचाना जा सके।

Remove पर क्लिक करें, तब Lightroom ऑब्जेक्ट को हटा देगा और उसकी जगह रखने के लिए कई विकल्प बना देगा। ये विकल्प ब्राउज़ करने के लिए Variations के तीरों पर क्लिक करें। अगर वे पसंद न आएँ, तो Generate को क्लिक करने पर एक नया सेट तैयार हो जाएगा।


लोगों और प्रतिबिंबों को हटाएँ

अगर आपकी फ़ोटो में लोग या खिड़कियों पर पड़ने वाले प्रतिबिंब जैसी अनचाही चीज़ें नज़र आ रही हैं, तो Lightroom का Distraction Removal फ़ीचर (जो Remove टूल में मौजूद होता है) उनका तुरंत पता लगाकर उन्हें हटा देता है।

कभी-कभी शीशे पर पड़ने वाले प्रतिबिंबों से बचना मुमकिन नहीं होता, लेकिन Lightroom में उन्हें आसानी से हटाया जा सकता है।

People पर क्लिक करते ही, Lightroom फ़ोटो में मौजूद सभी लोगों की पहचान कर लेता है और हर एक व्यक्ति को नीले डॉट से मार्क कर देता है। जब आप Remove पर क्लिक करते हैं, तो उन्हें हटाकर वहाँ की खाली जगह को जनरेट किए गए कॉन्टेंट से बिलकुल स्वाभाविक ढंग से भर दिया जाता है। (क्या आप किसी ख़ास व्यक्ति को फ़ोटो से नहीं हटाना चाहते? अगर ऐसा है, तो Remove पर क्लिक करने से पहले उन पर लगा नीला डॉट मिटा दें।)

अपनी तस्वीर में शीशे पर पड़ने वाले प्रतिबिंबों को धूमिल करने या उन्हें पूरी तरह से हटाने के लिए Reflections > Apply पर क्लिक करें। Amount स्लाइडर की मदद से आप चुन सकते हैं कि आपको तस्वीर पर प्रतिबिंब की कितनी मात्रा रखनी है।


किसी भी तस्वीर में बैकग्राउंड ब्लर बनाएँ

मँजे हुए फ़ोटोग्राफ़र्स विशिष्ट लेन्सेस और सेटिंग्स का उपयोग करके ख़ूबसूरत पोर्ट्रेट्स बनाते हैं जिनमें ऑब्जेक्ट्स तस्वीर की सॉफ़्ट बैकग्राउंड में उभरकर दिखते हैं। iPhone पर कैमरा ऐप का Portrait मोड ऐसा ही इफ़ेक्ट देता है। Lightroom का Lens Blur फ़ीचर किसी भी फ़ोटो को ऐसा रूप दे सकता है।

Edit टूल्स के Lens Blur सेक्शन में Apply पर क्लिक करें, Lightroom उस तस्वीर में डेप्थ का अनुमान लगाता है और बैकग्राउंड ब्लर अप्लाय कर देता है। अगर आप एक Portrait मोड की तस्वीर एडिट कर रहे हों, तो Lens Blur कैमरे द्वारा पहले से कैप्चर किए डेप्थ डेटा का इस्तेमाल कर लेगा।

Lightroom किसी भी फ़ोटो में बैकग्राउंड ब्लर को अप्लाय कर सकता है, तस्वीर में कोई डेप्थ डेटा न हो, तब भी!

नतीजा कस्टमाइज़ करने के लिए, Blur Amount स्लाइडर की मदद से बैकग्राउंड ब्लर की मात्रा को कंट्रोल करें। Bokeh बटन्स से आप अलग-अलग प्रकार के लेन्सेस सिम्युलेट कर सकते हैं, जबकि Bokeh Boost स्लाइडर बैकग्राउंड के प्रकाश स्रोतों की ब्राइटनेस अड्जस्ट करता है। लेकिन इसकी असल ताक़त है Focus Range स्लाइडर, जिसके ज़रिए आप इफ़ेक्ट की डेप्थ अड्जस्ट कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, अगर आपके सब्जेक्ट के पीछे कोई खड़ा हो, तो आप उसे भी फ़ोकस में ला सकते हैं। और इसमें Refinement कंट्रोल्स भी हैं जिनके साथ आप उन एरियाज़ को “पेंट” कर सकते हैं जिन पर फ़ोकस कम या ज़्यादा करना हो।


ऑब्जेक्ट्स को आसानी से मास्क करें

मास्किंग से आप किसी तस्वीर का केवल वह हिस्सा चुन सकते हैं जिसे अड्जस्ट करना हो। इससे आपको पूरी तस्वीर पर काम नहीं करना पड़ेगा। उदाहरण के लिए, आप अपने सब्जेक्ट के कपड़ों की छटा अड्जस्ट कर सकते हैं, लेकिन तस्वीर में उसी छटा वाले बाक़ी हिस्सों पर असर नहीं होगा। Lightroom की AI-आधारित मास्किंग के साथ आप आसमान या व्यक्तियों जैसे विशिष्ट हिस्से मास्क कर सकते हैं। अब उन हिस्सों को हाथ से पेंट करने की मेहनत से छुटकारा मिल गया है!

Lightroom फ़ीचर्स और कपड़ों की पहचान करता है, और उन्हें एडिट करने के लिए मैन्युअल सिलेक्शन की ज़रूरत नहीं पड़ती।

मसलन, किसी व्यक्ति की तस्वीर एडिट करते समय Masking पैनल में Subject बटन पर क्लिक करें, Lightroom तस्वीर में सबसे उपयुक्त लग रहे सब्जेक्ट को निर्धारित करके उसके लिए एक मास्क बना देगा। अगर सब्जेक्ट कोई व्यक्ति है, तो People पैनल में उस व्यक्ति पर क्लिक करें। इस ऐप में केवल आँखें, बाल, त्वचा, कपड़े आदि फ़ीचर्स मास्क करने का विकल्प भी मिलता है ताकि आप केवल उन एरियाज़ को ही एडिट कर सकें।


नॉइस हटाएँ

डिजिटल नॉइस ख़ासकर अँधेरे सीन्स में या उच्च ISO वैल्यू की तस्वीरों में आम होती है. लेकिन नॉइस कम करने वाले टूल्स फ़ोटोज़ को ज़्यादा सॉफ़्ट बना देते हैं। Lightroom AI प्रोसेसिंग के ज़रिए नॉइस पैटर्न को अड्जस्ट करता है और ज़्यादा स्पष्ट तस्वीरें देता है।

Denoise फ़ीचर नॉइसी फ़ोटोज़ में अद्भुत बदलाव लाता है।

Edit टूल्स का Detail सेक्शन खोलें और Denoise पर क्लिक करें, फिर Amount स्लाइडर को अड्जस्ट करके बिलकुल सही लेवल का सुधार पाएँ। (टिप : तुलना के लिए Detail के बगल में दिए गए आँख के आइकॉन को क्लिक करके होल्ड करें — इससे आपको ओरिजिनल तस्वीर दिखाई देगी।)


AI एडिट्स में पूरी पारदर्शिता रखें

जनरेटिव AI टूल्स इतने बढ़िया नतीजे दे सकते हैं कि वे ही असल तस्वीर लगने लगते हैं। अगर कोई टूल केवल रिपेयर के लिए ही डिज़ाइन किया गया हो, तब भी उसकी प्रोसेस नए पिक्सल्स जोड़ देती है जो मूल तस्वीर में मौजूद नहीं थे।

इस पर Adobe का उपाय है Content Credentials. यह टेक्नॉलजी जनरेटिव AI टूल्स से एडिट की गई तस्वीरों में उसकी पहचान करने वाला मेटाडेटा जोड़ देती है। कई कंपनियों ने इस टेक्नॉलजी को उनके ऐप में शामिल करने के लिए आवेदन किया है। Lightroom में कोई तस्वीर एक्स्पोर्ट करते समय Apply Content Credentials बॉक्स को चिह्नित कर दें ताकि उसमें यह मेटाडेटा जोड़ा जा सके। अगर उस फ़ाइल को किसी ऐसे ऐप में खोला जाए जो इस फ़ीचर को सपोर्ट करता हो, तो आपको उस तस्वीर के कॉन्टेंट के बारे में विस्तृत जानकारी मिलेगी। Lightroom और Adobe Photoshop, दोनों ही इस फ़ीचर को सपोर्ट करते हैं।