हमारे मनपसंद गेम्स

रुकने का समय नहीं है

क्या आप Frostpunk 2 के ख़ूबसूरत, क्रूर विश्व में बचे रह सकते हैं?

Frostpunk 2 की बर्फ़ से ढकी दुनिया में कुछ भी आसान नहीं है। क़यामत के बाद, सिटी-बिल्डर की मूल कहानी के 30 साल बाद के हालात बयाँ करते इस सीक्वल में आप New London के प्रमुख हैं। एक समांतर विश्व की 20वीं शताब्दी में सारी दुनिया आइस एज में आ गई है और यह शहर सभ्यता के आख़िरी ठिकानों में से एक है।

कोयला और तेल जै दुर्लभ संसाधनों को किसी भी तरह जुटाकर अपने इलाक़ों को गर्मी पहुँचाएँ। फ़ैक्ट्रीज़ और रिसर्च इंस्टीट्यूट्स स्थापित करके प्रगति की राह चलें। लेकिन सबसे ज़रूरी है अपने लोगों को सुरक्षित रखना। क्या आप रसूख़दार लोगों को ख़ुश करने के लिए क़ानून बनाएँगे, या आम लोगों को प्राथमिकता देंगे? ग़लत लोगों को नाराज़ करने पर हड़ताल और दंगे-फ़साद का सामना करना पड़ सकता है और आप तख़्तापलट के शिकार भी हो सकते हैं। इससे तो मौत भली!

हमें यह क्यों पसंद है : इसका दायरा नया और बड़ा हो गया है। अब एक-एक बिल्डिंग की जगह आप समूचा एरिया बना सकते हैं, समय अब मिनटों और घंटों की जगह दिनों और हफ़्तों में गुज़रेगा। मूल गेम के सेंट्रल हब से आज़ादी मिल गई है और अब आप ग्लेशियर की गहरी खाई के किनारे-किनारे मीलों तक फैला एक विशाल, बर्फ़ीला महानगर बना सकते हैं, बशर्ते आप अपने नागरिकों को तब तक ज़िंदा रख सकें।

बर्फ़ से ढके अपने शहर को बढ़ाने के लिए आपको संसाधनों को सावधानी से मैनेज करना होगा। लेकिन उसके नतीजे कमाल के हो सकते हैं।

सुझाव : महामारी आपके शहर में जीवन को बड़ी तेज़ी से अस्त-व्यस्त कर सकती है। बीमार लोगों की ज़्यादा संख्या मतलब कार्यबल में कमी, मतलब खाद्यान्न और ईंधन के प्रोडक्शन में कमी, मतलब बीमार लोगों की संख्या में और इज़ाफ़ा। इस दुष्चक्र से बचने के उपाय हैं गंदगी का निपटान, अस्पतालों का निर्माण और हर किसी के लिए पर्याप्त भोजन, आराम और गर्माहट का बंदोबस्त। इससे बीमारी फैल नहीं सकेगी। लेकिन यह कहना सरल है, करना कठिन!

निर्माता से मिलें : 11 Bit Studios की स्थापना वारसॉ, पोलैंड में 2010 में हुई थी और उन्होंने अगले साल उल्टे टावर डिफ़ेन्स वाला गेम Anomaly: Warzone Earth रिलीज़ किया। यह स्टूडियो ऐसे गेम्स बनाता है जिसमें खिलाड़ियों को कुछ मुश्किल फ़ैसले लेने पड़ते हैं, जैसे 2014 का सोचने पर मजबूर कर देने वाला सर्वाइवल गेम This War of Mine और 2018 का मूल Frostpunk.