Resident Evil Village के इस गॉथिक हॉरर में, नौ फ़ुट लंबी वैम्पायर महिलाएँ तो बस आपकी परेशानियों की शुरूआत हैं। एक घबराए हुए पिता का किरदार निभाते हुए अपनी छोटी बेटी को ख़ौफ़नाक सम्प्रदायवादियों से बचाने की कोशिश में और इससे भी बदतर स्थितियों में आपको ज़िंदा रहने के लिए चतुराई और कुशलता की ज़रूरत पड़ेगी। शुरूआत करने के लिए ये चतुर रणनीतियाँ एक बेहतरीन उपाय हैं।
अपना सामान बाँध लें
नए सामान के लिए जगह ढूँढना लगभग उतना ही मुश्किल है जितना कि खून के प्यासे गार्गॉयल्स से लड़ना। कैश बचाकर रखें और जितना जल्दी हो सके घुमक्कड़ मर्चेन्ट से बैगेज के अपग्रेड्स ख़रीदें। बेशक ये महंगे होते हैं, लेकिन भारी हथियार की स्टोरेज के लिए बिलकुल सही हैं।

कॉम्बोज़ का अभ्यास करें
जब आपके आस-पास दुश्मनों का झुंड हो, तो ब्लॉक-किक कॉम्बो मास्टर करना आपके लिए फ़ायदेमंद हो सकता है—दुश्मन को उसके साथियों के बीच धकेलने से पूरा समूह अस्त-व्यस्त हो जाएगा। दुश्मन के हमले को रोकने के लिए, स्पेस बार (या कंट्रोलर पर लेफ्ट शोल्डर बटन) को दबाए रखें, उसके बाद तेज़ी से किक मारने के लिए इसे फिर से दबाएँ।
लाल क्षेत्र को नीले में बदलें
आपके मैप पर, लाल क्षेत्र का मतलब है कि उस जगह पर अभी भी कुछ ऐसी वस्तुएँ हैं जिनकी खोज नहीं की गई है। लटकते हुए पक्षियों के पिंजरे, टूटने वाले फूलदान, और ऐसी किसी भी चीज़ की तलाश करें जो चमकदार हो। जब आप सारा सामान इकट्ठा कर लेंगे तो यह क्षेत्र नीला हो जाएगा, जिससे आपको पता चल सकता है कि इस जगह की पूरी जाँच कर ली गई है।

ध्यान से निशाना लगाएँ
हर कहीं गोली न चलाएँ। जब आप दुश्मन के पैर पर गोली मारेंगे, तो वे लड़खड़ा जाएँगे (जो तब फ़ायदेमंद है जब आप जल्दी में पीछे हटना चाह रहे हों), और जब आप दुश्मन की बाजू पर गोली मारेंगे, वे अपना हथियार गिरा देंगे, जो तब उपयोगी है जब आप कुल्हाड़ी चलाने वाले Lycans और बाक़ी ख़तरनाक बदमाशों का सामना कर रहे हों।
सेट्स खोजें
कुछ ख़ज़ानों को मिलाकर एक ऐसी वस्तु बनाई जा सकती है जो उसके हिस्सों की क़ीमतों के योग से कहीं ज़्यादा क़ीमती होगी। जैसे, जब तक आपको दोनों Pigeon Blood Rubies न मिल जाएँ, तब तक Necklace With Two Holes न बेचें। इन रत्नों और गहनों को मिलाकर Dimitrescu का Necklace बनता है, जिसकी क़ीमत 50,000 Lei है।

जब कुछ समझ न आए, तो बाहर निकल जाएँ
भागना कभी-कभी बचने का सबसे अच्छा तरीक़ा होता है! इसकी एक बेहतरीन मिसाल है गेम की शुरूआत में Lycan की ओर से बड़ा हमला। आगे बढ़ें, इन दुश्मनों को मुश्किलों में धकेलें और ज़िंदा रहें। चर्च की घंटी बजने पर यह मुक़ाबला ख़त्म हो जाएगा, लेकिन इसके बाद आप ख़ुद को इससे भी चुनौतीपूर्ण स्थिति में पाएँगे। (बस देखते जाएँ!)