आप एक प्यारी बिल्ली हैं, जो एक रहस्यमय साइबरपंक शहर में फँसी है और आपको बस घर पर पहुँचना है! Stray की ख़ूबसूरत दुनिया को पार करने के लिए आपमें चपलता, होशियारी और बिल्ली-सुलभ उत्सुकता होने ज़रूरी हैं। लेकिन सबसे ताक़तवर बिल्ली को भी मदद की ज़रूरत आ पड़ती है। ऐसे समय के लिए पेश हैं ये सात टिप्स :
1. हवा का रुख़ भाँपें
एसी की ओर देखें, जहाँ छोटे-छोटे रिबन्स हवा में लहरा रहे हैं। आम तौर पर इनकी दिशा कलेक्टिबल्स या रोबॉट Companions की ओर इशारा करती है। वे दिखते ही उन पर सवार हो जाएँ और ज़्यादा ऊपर जाने की राह खोजें।
2. बात करें और ट्रेड करें
Companions कभी आपका नुक़सान नहीं करेंगे, इसलिए हर एक से बात करें! वे अकसर आपको ज़रूरी आइटम्स या सुराग़ देंगे और आपको रिलैक्स करने लिए आपको पुचकारेंगे भी। कोई आइटम ग़लत Companion को देने की चिंता न करें, कोई दो रोबोट एक ही चीज़ नहीं माँगेंगे।

3. रोशनी की ओर बढ़ें
समझ नहीं आ रहा कि कहाँ जाना है? नियॉन साइन्स पर नज़र रखें। वे बताएँगी कि आपको कहाँ जाना है। इनमें से कुछ पर तो तीर के निशान भी मिलेंगे। फिर भी अटक जाएँ, तो 1 दबाएँ, या कंट्रोलर के D-pad पर डाउन दबाएँ और अपने ड्रोन साथी B-12 से सलाह लें।
4. Zurks से बचें
ख़तरनाक Zurks की भीड़ से गुज़रते हुए ज़िग-ज़ैग में दौड़ें। इससे ये छोटे शैतान आपको आसानी से पकड़ नहीं पाएँगे। Zurks के हाथों मारी गई बिल्ली देखना रास नहीं आता? तो गेम की सेटिंग्स में “Show Cat Death” बॉक्स को अनचेक कर दें।
5. बैरल में लुढ़कें
बैरल्स सिर्फ़ सोने के लिए अच्छी जगहें नहीं हैं, वे आपको किसी ऊँची कगार पर भी पहुँचा सकते हैं। एक बैरल के अंदर घुसें, वहाँ चलने लगें। बैरल रोल होकर कगार के नीचे तक आ जाने पर छलाँग लगाकर चढ़ जाएँ और आगे बढ़ें। बैरल्स की मदद से आप Zurks की भीड़ का सफ़ाया भी कर सकते हैं। बैरल को तेज़ी से लुढ़काएँ, वह Zurks को रौंद देगा!

6. कोड पहचानें
किसी तिजोरी या दरवाज़े को खोलने के लिए कभी-कभी चार अंकों का एक कोड ज़रूरी होता है। ये अंक आपको आसपास के इलाक़े में खोजने होंगे। Seamus के अपार्टमेंट में यह ज़रा मुश्किल है, जहाँ आपको दीवार पर लगे चित्र स्क्रैच करके उनके पीछे छिपा कीपैड और “Time will tell” क्लू उजागर करना होगा। उसका क्या मतलब हो सकता है? दीवार पर लगी घड़ियाँ देखें। वे संख्या में चार हैं। यह कोई संयोग तो नहीं हो सकता!
7. बिल्ली-सा बरताव
ब्लाइंड्स पर पंजा मारकर उसे रोल करके ऊपर उठा दें, आपको एक नया रास्ता दिखेगा। शेल्फ़ पर रखी चीज़ें नीचे गिरा दें, आपको छिपे कलेक्टिबल्स मिलेंगे। दरवाज़े स्क्रैच करें और देखें कि कोई उन्हें खोलता है या नहीं। Zurks को ट्रैप में फँसाने के लिए म्याऊँ करके उन्हें पास बुलाएँ। आप जितना ज़्यादा बिल्लियों जैसा बरताव करेंगे, उतनी ही ज़्यादा चीज़ें मिलती जाएँगी! लेकिन ध्यान रहे, ज़्यादा उत्सुकता जानलेवा भी हो सकती है!