वर्ष का सर्वश्रेष्ठ गेम

Lies of P में जान बचाने के 5 टिप्स

इन चतुर चालों से बॉसेस को हराएँ।

यह ऐप केवल Apple silicon वाले Mac पर उपलब्ध है।

Lies of P भले ही Pinocchio की कहानी पर आधारित हो, लेकिन इस बेहतरीन ऐक्शन-अड्वेंचर गेम में कुछ भी परिकथाओं जितना आसान नहीं है। Krat महानगर में नक़ाबपोश हत्यारों, विशालकाय मशीनी कठपुतलियों और अनगिनत दूसरे ख़तरों से बचने के लिए आपको हर संभव मदद की ज़रूरत पड़ेगी।

इन बॉस-बीटिंग टिप्स के साथ शायद, शायद आप एक मौक़ा पा सकें। गुड लक!

1. बेहतरीन ब्लॉकिंग करें

हमलों से बचना बेहद ज़रूरी है, लेकिन ब्लॉकिंग को अपना पहला बचाव बनाएँ। बिलकुल सही समय पर ब्लॉक करने से नुक़सान टलता है और आप मज़बूत पलटवार कर सकते हैं। इसलिए यह कौशल सीखने को प्राथमिकता दें।

बड़े बॉसेस को मार गिराने के लिए, उनके विनाशकारी हमलों को सटीकता से ब्लॉक करना सीखें। टाइमिंग ही सब कुछ है!

2. हथियार भोथरे न होने दें

हथियार इस्तेमाल से कुंद पड़ जाते हैं और हो सकता है कि जंग की जदोजहद में भोथरी हो रही तलवार पर आपका ध्यान न जाए। हर लड़ाई से पहले और बाद में अपना गियर एक ग्राइंडर पर पैना करने की आदत डाल लें। लंबे बॉस बैटल्स के दौरान, कुछ समय के लिए पीछे हटकर अपने हथियारों पर ध्यान देना पड़े, तो ऐसा करने से झिझकें नहीं।

3. अपने Ergo पर ध्यान दें

जब आप मरते हैं, तब आपका सारा Ergo पीछे छूट जाता है। यह वह करेंसी है जिससे आपका लेवल अप होता है और आप चीज़ें ख़रीद सकते हैं। वापस ज़िंदा होने पर आपको सबसे पहले वह Ergo रिकवर करना होगा, वह भी दुश्मनों से लड़े बिना, क्योंकि दुश्मन का हर वार लगने के साथ उस Ergo में कमी आती जाएगी।

(नोट : सामान्य Ergo के विपरीत, उसे स्टोर करने वाले Ergo fragments आपके मरने पर पीछे नहीं छूटते। उन्हें Ergo में बदला जा सकता है, लेकिन ऐसा तभी करें जब आपको कोई नया हथियार ख़रीदना हो या लेवल अप करना हो।)

4. ज़्यादा सामान साथ न लें

हालाँकि आपको बहुत सारे हथियार साथ लेने का लालच हो सकता है, लेकिन आपके पास जितना ज़्यादा सामान होगा, आपके स्पीड और डॉजिंग उतने ही धीमे पड़ते जाएँगे। अतिरिक्त सामान Stargazer सेव पॉइंट्स पर रख दें और अपने साथ केवल एक या दो मुख्य हथियार रखें। Electric Coil Stick गेम की शुरुआत में एक बेहतरीन हथियार साबित होता है। आगे बढ़ते हुए Two Dragons Sword और Holy Sword of the Ark जैसे शानदार हथियारों पर नज़र रखें।

5. चारा डालें, पास बुलाएँ

आप आरे के दाँत लगे चक्के दूर से ही फेंककर दुश्मन को नुक़सान पहुँचा सकते हैं, लेकिन वे दुश्मन को ललचाकर आपके पास बुलाने के लिए और भी कारगर होते हैं। कुछ बदमाशों के पास पहुँचकर सबसे नज़दीक वाली कठपुतली को एक चक्के से ललचाएँ, जिससे वह आपके पास आ जाएगा। तब आप उस एक-अकेले से लड़ सकते हैं। पत्थर बन रहे इंसानों को भी चक्कों की मदद से कठपुतलियों की ओर भेजा जा सकता है। वे एक-दूसरे से लड़ने लगेंगे, आप बस बैठकर तमाशा देखें!

इस ऐप को 17+ रेटिंग दी गई है, अर्थात इसमें अपमानजनक भाषा, कार्टून, फ़ैंटसी या वास्तविक-जैसी हिंसा, और वयस्क, डरावने या कामुक थीम हो सकते हैं जो 17 से कम आयु के बच्चों के लिए उपयुक्त न हों।