विश्व प्रीमियर

पेश है Warcraft Rumble!

इसे अपने Apple silicon वाले Mac पर खेलें।

यह ऐप सिर्फ़ Apple silicon वाले Mac पर उपलब्ध है।

Grommash Hellscream अपनी मुहिम पर निकल पड़ा है, लेकिन आप चुटकियों में इस मशहूर Warsong सरदार और उसकी सेना को रोक सकते हैं। बस कुछ Murloc Tidehunters, Gnoll Brutes और एक Molten Giant तैयार करें!

ये उन कमाल की सेनाओं में से बस कुछ की झलक है, जिन्हें आप Warcraft Rumble में पलक झपकते ही बुला सकते हैं।

Warcraft का मशहूर डेवलपर Blizzard ने इस लोकप्रिय फ़्रैंचाइज़ को एक बार फिर से इसकी बुनियादी ख़ूबी, यानी रणनीतिक कौशल के साथ पेश किया है। यहाँ आपको Warcraft की ऐतिहासिक यूनिट्स का नेतृत्व करने का मौक़ा मिलेगा, जिनकी मदद से आप दुश्मनों के टावर्स को मिट्टी में मिला सकेंगे और ख़तरनाक दुश्मनों से खौफ़नाक जंग लड़ते हुए व सूझ-बूझ के साथ झड़पों से निपटते हुए आगे बढ़ेंगे। यहाँ जानें कि Azeroth में आपके लिए क्या-क्या है…

छोटी-छोटी बेजोड़ लड़ाइयाँ

एक रहस्यमयी, पिनबॉल जैसी मशीन के अंदर रचे गए Warcraft Rumble में, आप कलेक्टिबल Minis की एक सेना तैयार कर सकते हैं, जिसे आप मल्टी-लेन वाले अरीनाज़ में अपने विरोधी को हराने के लिए खुली छूट दे सकते हैं। इसमें कुछ चतुराई से तैयार किए गए फ़ीचर्स भी शामिल हैं, जो Warcraft के किसी भी प्रशंसक को एक सहज अनुभव दे सकते हैं, जैसे कि काम पर तैनात किए जा सकने वाले माइनर्स, जो खुदाई करके एक्स्ट्रा गोल्ड निकालते हैं और किसी यूनिट का रास्ता बदलने की योग्यता।

क्या आपकी ख़ुफ़िया नज़रों को किसी लेन से Harpies की टोली अपनी ओर बढ़ती हुई दिखाई दे रही है? अगर ऐसा है, तो अपने आग बरसाने वाले Ogre Mage की जगह बदलकर उनके रास्ते पर लाएँ और उन्हें धराशायी होता देखें। यहाँ आपके पास उड़ाकू सैन्य टुकड़ियाँ, घेराबंदी करने वाले वाहन, मज़बूत टैंक्स, काँच से बनी तोपों जैसी दर्जनों टुकड़ियाँ मौजूद हैं, जिन्हें आप अनलॉक करके इस्तेमाल कर सकते हैं। यहाँ रणनीतियों की कोई कमी नहीं है।

कहानियाँ ही कहानियाँ

दशकों से गेमिंग समुदाय के बीच मशहूर रहे Warcraft की समृद्ध कहानी जाने-माने कैरेक्टर्स और लोकेशन्स से भरी हुई है जिन्हें Warcraft Rumble में बिलकुल नए अंदाज़ में पेश किया गया है।

गेम के डायरेक्टर Tom Chilton कहते हैं, “मिशन शुरू करने से पहले बॉस के बारे में कुछ ज़रूरी जानकारियाँ हासिल कर लें, क्योंकि हर जानकारी के साथ कोई न कोई क़िस्सा ज़रूर जुड़ा हुआ है। इसे बड़े प्यार से लिखा गया है, ताकि यह समझने में मदद मिल सके कि World of Warcraft या फिर Warcraft RTS (रीयल-टाइम स्ट्रैटजी) सीरीज़ में वह कैरेक्टर कैसा था।

मौत का दूसरा नाम कहे जाने वाले ताक़तवर Baron Rivendare को खुली छूट दें और अपनी Undead सेना के लिए अनगिनत ज़ॉम्बीज़ को बुलाएँ। Jaina Proudmoore के रूप में इस Alliance का नेतृत्व करें (और क्रीचर्स की रफ़्तार कम कर देने वाले आइस स्पेल्स का इस्तेमाल करें)। आपकी भिड़ंत कुछ कम जाने-माने कैरेक्टर्स से भी होगी, जैसे कि ठंडे दिमाग़ वाले बहादुर गारगॉयल Gish the Unmoving और विशालकाय गोरिल्ला King Mukla से। इन सबके ऊपर है Onyxia, यानी मशहूर Black Dragon. क्या आप उसकी माँद तक पहुँच सकेंगे?

खेलने के ढेरों तरीक़े

Warcraft Rumble के सिंगल-प्लेयर मोड में पूरे Azeroth में, यानी Westfall से लेकर Ashenvale तक हर जगह में अभियान शुरू किया जा सकता है, क्योंकि यहाँ हर तरफ़ मिशन्स की भरमार है, जिनकी कठिनाई का स्तर बढ़ता जाता है। यह ख़ूबी हमें ओरिजिनल Warcraft गेम्स की याद दिलाती है, जो मुख्य रूप से निर्धारित लेवल्स को पार करने के बारे में था।

लेकिन किसी राज्य को कई तरीक़ों से जीता जा सकता है। कुछ ख़ास यूनिट्स को अपग्रेड करने के लिए Quests पूरे करें या फिर अपने लीडर की सेना को बूस्ट करने के लिए Dungeon गॉन्टलेट की ओर बढ़ें। जब आप पूरी तरह से तैयार हों, तो गिल्ड्स में शामिल होकर, Raids डालकर या फिर PvP में दो-दो हाथ करके अपनी धाक जमाने के लिए मल्टीप्लेयर मोड में चले जाएँ। Horde पर आपकी जीत के नाम!

जाने से पहले जान लें

क्या आपको थोड़ी मदद चाहिए? Chilton आपको अनबाउंड यूनिट्स, जैसे कि S.A.F.E. Pilot से परिचित होने का सुझाव देते हैं (इन मिनी यूनिट्स को मैप पर कहीं भी तैनात किया जा सकता है)।

वह कहते हैं, “इसके साथ कई अलग-अलग तरीक़े से खेला जा सकता है। आप लेन से आपकी तरफ़ बढ़ती किसी रेंज्ड मिनी को तहस-नहस करने के लिए उसकी राह में टैंक तैनात कर सकते हैं या फिर ज़्यादा ज़ोर लगाकर उसे पीछे धकेल सकते हैं, ताकि वह अपने ब्लास्टर का इस्तेमाल करके इलाक़े को डैमेज कर सके। आप चाहें तो किसी अनबाउंड यूनिट को बॉस के पीछे भी तैनात कर सकते हैं। ऐसा करने पर जब आपकी पूरी सेना उससे लड़ने के लिए सामने आएगी, तो उसका रुख़ दूसरी तरफ़ होगा।”

वे आपकी सेना को परिपूर्ण बनाने का सुझाव भी देते हैं।

वे कहते हैं, “आपको एक सहायक सेना बनानी चाहिए, जो अपनी छावनियों की सुरक्षा करे। आपको कोई ऐसी चीज़ चाहिए होगी, जो पूरे इलाक़े को नुक़सान पहुँचाए, वरना दुश्मनों के दस्ते या बड़े-बड़े समूह आपकी नाक में दम कर देंगे। इसके अलावा आपको एयर यूनिट्स को हैंडल करने के लिए भी कुछ चाहिए होगा। अगर आप अपना सारा ध्यान ज़मीन पर ही लगा देंगे, तो आपके लिए मुश्किल खड़ी हो जाएगी!”