जहाँ आप जा रहे हैं, वहाँ आपको सड़कों की ज़रूरत नहीं है, क्योंकि SnowRunner में आपको धरती की कुछ सबसे बड़ी, सबसे बेहतरीन ऑल-टरेन व्हीकल्स चलानी हैं। विशालकाय लॉगिंग ट्रक्स, तेज़तर्रार 4x4s और दूसरी दमदार गाड़ियों को दलदल से भरे घने जंगलों और बर्फ़ से ढँके पहाड़ों पर ले जाएँ। किसी उफ़नती नदी में पलटे पिकअप वाहन को बाहर खींचने जैसे मुश्किल मिशन पूरे करके पैसा कमाएँ और कम्यूनिटीज़ को फिर से आबाद करें।
असली फ़िज़िक्स की बदौलत, आपके वाहनों का हैंडलिंग भी असल जैसा ही होगा, मतलब कीचड़ में आपके टायर अपनी जगह ही घूमते रहेंगे और उससे छुटकारे के लिए विंच का सहारा लेना पड़ेगा। अनलॉक करने के लिए दर्जनों गाड़ियाँ और एक्स्प्लोर करने के लिए विशाल मैप्स के साथ आपको हर मोड़ पर एक नई चुनौती मिलेगी।
हमें यह क्यों पसंद है : यहाँ एक-एक इंच प्रगति के लिए संघर्ष करना पड़ेगा! गहरे कीचड़ में चींटी की चाल से रेंगते पहियों की चप-चप, और इंजन पर ज़ोर पड़ने के कारण उसकी “चीख़” आपको परेशान कर देगी, और यही कारण है कि उस दलदल से सफलतापूर्वक बाहर निकलने पर आपको ख़ुशी भी दुगुनी मिलेगी!
सुझाव : हड़बड़ी न मचाएँ। मुश्किल परिस्थितियों में ज़्यादा ऐक्सीलेटर दबाने का नतीजा यही होगा कि आप अटक जाएँगे, या हो सकता है आपका ट्रक पलट ही जाए। और अपने गंतव्य तक पहुँचने के लिए सबसे छोटे रास्ते के लालच में न आएँ। वह शॉर्टकट आपको कुछ बेहद मुश्किल रास्तों पर ले जा सकता है। आगे का एरिया स्कैन करें, कुछ धीमा, और सोच-समझकर चलें।
निर्माता से मिलें : SnowRunner सीक्वल है Saber Interactive के ज़बरदस्त ऑफ़-रोडिंग सिम MudRunner का। Saber ने, जिनका फ़्लोरिडा में मुख्यालय और दुनिया-भर में स्टूडियोज़ हैं, Phoenix Point, Evil Dead: The Game, और World War Z: Aftermath जैसे गेम्स भी रिलीज़ किए हैं।
