ऐसे बहुत से ऐप्स हैं जो आपकी स्क्रीन के सबसे ऊपर दाईं तरफ़ दिए हुए मेनू बार आइटम्स के ज़रिए फ़ीचर्स को जल्दी से एक्सेस करने की सुविधा देते हैं। यह काफ़ी काम का है! लेकिन अगर आप इसका बहुत ज़्यादा इस्तेमाल करेंगे तो आपका मेनू बार बहुत भरा-भरा दिखाई देगा। पर Hidden Bar के साथ, आप उन ऐप्स को छिपा सकते हैं जिनकी आपको बहुत ज़्यादा ज़रूरत नहीं होती या जिन्हें आप कभी-कभार ही देखते हैं—और जब चाहें सिर्फ़ एक क्लिक में उन्हें देख भी सकते हैं। इसके साथ आप अपने मेनू आइटम्स को आसानी से पुनर्व्यवस्थित कर सकते हैं, जो आप सामान्य तौर पर नहीं कर पाते।
हमें यह क्यों पसंद है : क्योंकि इसके साथ अपने मेनू बार को साफ़ करना बहुत आसान है। किसी भी आइटम को छिपाने या दिखाने के लिए, आपको एक सिंपल सी कमांड (ड्रैग और ड्रॉप) देनी है। जिन आइटम्स को छिपाना है, उन्हें Hidden Bar के मेनू आइकॉन (>) के बाईं ओर ड्रैग करें; और जिन आइटम्स को आप हर समय देखना चाहते हैं उन्हें इसके दाईं ओर ड्रैग करें। (आइटम्स को अपने मनचाहे क्रम में व्यवस्थित करने के लिए भी इसी प्रक्रिया का इस्तेमाल करें।) जब आप सब कर लें, तो अपने अलग से बनाए हुए मेनू बार और पूरे मेनू के बीच टॉगल करने के लिए “>” पर क्लिक करें।
ख़ास सुझाव : अपने छिपे हुई आइटम्स में से किसी एक को देखना चाहते हैं — उदाहरण के लिए, मौसम डिस्प्ले देखना है? Hidden Bar के लिए एक कीबोर्ड शॉर्टकट बनाएँ, जिसके ज़रिए आप जल्दी से जब चाहें अपने छिपे हुए सेक्शन को देख सकेंगे (और फिर दोबारा इसे छिपा भी सकेंगे)। हम Shift-Control-| शॉर्टकट का सुझाव देंगे, क्योंकि इसमें भी Hidden Bar का बार (|) है।
निर्माता से मिलें : Hidden Bar, डेवलपर Superbits में macOS डेवलपमेंट सीखने के लिए एक टीम प्रोजेक्ट के रूप में शुरू हुआ था। इसमें हमारा पसंदीदा फ़ीचर “Always hidden” का ऑप्शन है (ऐप की प्राथमिकता विंडो में विवरण दिया गया है), जिसके ज़रिए आप उन मेनू आइटम को पूरी तरह से छिपा सकते हैं जिन्हें आप कभी नहीं देखना चाहते—एक बार छिपाने के बाद, ये एक्स्पैंडेड मोड में भी दिखाई नहीं देंगे।
