हमारे मनपसंद गेम्स

यह शहर आपने बनाया है

Township में अपने सपनों का समुदाय डिज़ाइन करें।

शहरों की भीड़ और चहल-पहल पसंद करते हैं? या आपका झुकाव जुताई-बुवाई और दूध दुहने की ओर है? Township में आपको दोनों विकल्प मिलते हैं। इसके प्यारे-से शहर में आप अनूठे घर और पनपते स्कूल बना सकते हैं, साथ ही खेती और उद्योगों का विकास भी कर सकते हैं। आपके मेयर रहते यह रहने के लिए एक आदर्श जगह होगी!

हमें यह क्यों पसंद है : समुद्र किनारे बसे एक उनींदे क़स्बे को बड़ा होकर एक शहर में बदलते देखना। सागर किनारे कुछ ख़ूबसूरत बंगले बनाकर शुरुआत करें, फिर प्रगति करते हुए शानदार ऊँची इमारतें खड़ी करें, व्यस्त हवाई अड्डों का प्रबंधन करें, और अपने शहर के चिड़ियाघर के लिए जानवर भी चुनें। गेहूँ की फ़सल बोना, काटना, लज़ीज़ ब्रेड बनाना और उसे ग्राहकों तक पहुँचाना — आप सब कुछ करेंगे।

फ़सल लगाएँ, पशुपालन करें, बिज़नेस शुरू करें, और अपना शहर बढ़ाने के साथ-साथ मकान भी बनाएँ।

ख़ास सुझाव : आपके डिलीवरी हेलीकॉप्टर को हेलीपैड पर ख़ाली खड़ा न रहने दें — शहर के बाशिंदों के ऑर्डर लगातार डिलीवर करते रहें, ख़ासकर जब आपके पास ख़ूब सारा माल इकट्ठा हो जाए। आपके कमाए सिक्के अस्पताल, यूनिवर्सिटी, और सबसे महत्त्वपूर्ण, नाश्ता फ़ैक्ट्री बनाने के काम आएँगे! (अपना खलिहान अपग्रेड करते रहें : यदि आपके पास और जगह न बचे, तो कच्चे माल और तैयार सामग्री का यह गोदाम आपके लिए अड़चन खड़ी कर सकता है।)

निर्माता से मिलें : दो भाईयों, Igor और Dmitry Bukhman द्वारा स्थापित Playrix अपनी लाजवाब मैच-3 पहेलियों के लिए जाना जाता है, जिसमें Gardenscapes, Homescapes और Farmscapes शामिल हैं। लेकिन स्टूडियो ने अपना कौशल पहले Township पर परखा था, जो सबसे पहले 2012 में रिलीज़ किया गया था।