ख़ूबसूरत ग्राफ़िक्स। कमाल की पहेलियाँ। ख़ौफ़नाक साउंडट्रैक। जब 1990 के दशक की शुरुआत में सदाबहार और रोमांच से भरा Myst रिलीज़ हुआ, तो इसने माहिर खिलाड़ियों को तो आकर्षित किया ही, लेकिन गेम में बहुत ज़्यादा दिलचस्पी न रखने वाले लोगों को भी यह पसंद आया। लाखों की संख्या में इसकी कॉपी बिक चुकी है और इसने इस शैली को एक नए सिरे से परिभाषित किया है।
Apple silicon वाले Mac के लिए ऑप्टिमाइज़ किए गए Myst गेम के इस संस्करण में न केवल ओरिजिनल गेम को क्लासिक बनाने वाली सारी ख़ूबियाँ मौजूद हैं, बल्कि इसमें शानदार नए फ़ीचर्स भी जोड़े गए हैं—साथ ही, एक नया युग भी शामिल है।
ये हैं इसकी कुछ ऐसी विशेषताएँ जिनकी वजह से आपको इस दिलचस्प पहेली की दुनिया में एक बार फिर से लौटना चाहिए :
पुराने ज़माने का मज़ेदार गेम
बुनियादी तौर पर यह गेम ओरिजनल गेम जैसा ही है : एक जादुई किताब के ज़रिए आप एक रहस्यमय द्वीप पर पहुँच जाते हैं। यहाँ पर आप कुछ संकेतों को ढूँढकर यह जानने की कोशिश करते हैं कि इस किताब के रचयिता Atrus और उसके बेटों, Sirrus और Achenar की क़िस्मत में क्या लिखा है। सुनने में आसान लगने वाली यह पहेली इतनी भी आसान नहीं है, क्योंकि इस दुनिया में आपको मिलेगी चतुराई और कौशल से बनाई गई कई पहेलियाँ—इनमें से कुछ आसान हैं और कुछ इतनी मुश्किल कि दिमाग़ को चकरा दें। इन्हें सुलझाकर आप दूसरी जगहों तक पहुँच पाएँगे और नए-नए इलाक़े खोज पाएँगे।

गेम में नया क्या है
Myst को रियल-टाइम 3D इंजन की मदद से बेहद बारीक़ी से नए सिरे से बनाया गया है, ताकि यह मॉडलिंग, टेक्स्चर और डायनामिक लाइटिंग इफ़ेक्ट के लिहाज़ से काफ़ी ज़्यादा बेहतर हो सके। पानी की सतह पर होने वाली हलचल, हवा से हल्के-हल्के हिलते हुए पेड़ और घास—साथ ही बेहतर ऑडियो—इन सारी ख़ूबियों की वजह से खिलाड़ी पहले से कहीं ज़्यादा इस गेम में डूब जाते हैं।

ओरिजनल Myst में आप ज़्यादातर कुछ स्थिर और बँधे-बँधाए सेट तक ही सीमित थे, लेकिन अब आप पूरी आज़ादी से चीज़ें एक्स्प्लोर कर सकते हैं। क्या आप पहले ही इस गेम की पहेली सुलझा चुके हैं? नए Puzzle Randomization मोड की मदद से आप गेम का एक बिल्कुल नया अनुभव पा सकते हैं।
इस गेम को Apple सिलिकॉन वाले Mac के लिए ऑप्टिमाइज़ किया गया है, ताकि 4K रिज़ॉल्यूशन पर बिना रुकावट मोशन का अनुभव मिल सके। अगर आपके पास M3 या M4 चिप वाला Mac है, तो आपको Myst में रे ट्रेसिंग सपोर्ट मिलेगा, जो गेमप्ले को और भी अधिक वास्तविक लगने वाला बनाता है।
कुछ ज़रूरी जानकारी
पहेलियाँ सुलझाने के लिए अब आपको कुछ लिखने की ज़रूरत नहीं है—Myst का नया वर्ज़न आपको गेम में महत्वपूर्ण दृश्यों और सुराग़ों की फ़ोटो कैप्चर करने की सुविधा देता है। आपको ये चीज़ें कैप्चर करनी भी चाहिए : किताब में लिखे किसी वाक्य से लेकर गेम में इधर-उधर बिखरी इमेज तक, क्योंकि यहाँ हर चीज़ किसी वजह से दी गई है। शायद कुछ घंटे पहले देखी गई चीज़ में पहेली को सुलझाने की कुंजी हो या शायद इसमें कोई असली कुंजी ही छिपी हो।