Myst के साथ Hannah Gamiel का रिश्ता सिर्फ़ पुराना ही नहीं, बल्कि गहरा भी है।
वे बताती हैं, “मुझे याद है, मेरी माँ मुझे अपनी गोद में बैठाकर यह खेला करती थीं।” वे आगे कहती हैं, “मुझे गेम तो समझ में नहीं आता था, लेकिन यह ज़रूर याद है कि मेरी मम्मी और पापा Myst को बेहद पसंद करते थे।”
आज Gamiel Myst की बारीक़ियों से भरी, असल-जैसी दुनिया को अपने सामने न केवल बेहतर होते देख रही हैं, बल्कि इसकी बागडोर भी उनके ही हाथ में है। वॉशिंग्टन के स्पोकेन स्थित Cyan Worlds की डेवलपमेंट डायरेक्टर Gamiel की Myst के नए रूप को लॉन्च करने में प्रमुख भूमिका रही है जो हमारा 2021 का सर्वेश्रेष्ठ Mac गेम भी रहा है। वह हँसते हुए बताती हैं, “मेरे माता-पिता को बहुत ख़ुशी हुई।” वे आगे कहती हैं, “इसने एक चक्र पूरा कर लिया है।”
Myst के कई चीज़ें वैसी ही हैं जैसे उनके माता-पिता को पसंद थीं। Gamiel कहती हैं, “ग्राफ़िक्स बिल्कुल नए हैं, लेकिन हम आपको उसी जाने-पहचाने Myst का एहसास भी देना चाहते हैं जिसे आप खेलते आए हैं।”

यानी, गेम की शुरुआत उसी डॉक से होती है और आप ओरिजनल गेम की जानी-पहचानी दुनिया में जाते हैं। लेकिन आपको कई अपग्रेड मिलते हैं, जैसे आप इन-गेम फ़ोटो ऐल्बम में स्क्रीनशॉट सेव कर सकते हैं जो एक बढ़िया सुधार है (पहले आपको संकेत नोट कार्ड पर लिखने पड़ते थे)। साथ ही आपको मिलता है 3D फ़्री मूवमेंट जिससे आपको बार-बार एक स्टैटिक स्क्रीन से दूसरी पर नहीं जाना पड़ता।
Myst को नवीनतम हार्डवेयर के लिए ऑप्टिमाइज़ भी किया गया है : M1 के साथ Mac के लिए बनाया गया यह गेम पहले से कहीं ज़्यादा ख़ूबसूरत है, जो Metal 2.1 और AMD FidelityFX Super Resolution की मदद से 4K रिज़ॉल्यूशन में 30 fps पर चलता है।
हालाँकि Gamiel का Myst से परिचय बचपन में ही हो गया था, लेकिन उन्होंने इस गेम को अपने कॉलेज के दिनों में खेलना शुरू किया। ग्रैजुएशन पूरा करने के बाद, उन्हें Cyan के QA विभाग में इंटर्नशिप मिल गई और आगे चलकर वह फ़ुलटाइम सॉफ़्टवेयर इंजीनियर के रूप में Obduction जैसे गेम्स के लिए ऑडियो पर काम करने लगीं।
एक छोटे से ब्रेक के बाद, वे Cyan से दोबारा जुड़ीं और इस बार उन्हें बुलाने वाले थे ख़ुद Rand और Robyn Miller, यानी वे दो भाई जिन्होंने ओरिजनल Myst गेम को बनाया था। वह कहती हैं, “मैं उन्हें ना नहीं कह सकती थी।” (यहाँ एक पारिवारिक संबंध भी है : Rand उनके सौतेले पिता हैं।) Rand बताते हैं, “Hannah ने इस इंडस्ट्री में तुरंत काम करने का फ़ैसला कर लिया था।” वे आगे कहते हैं, “जब हम सोच रहे थे कि ‘Myst का नया रूप में कैसे लाएँ, आगे क्या करना है?’ , तब हम Hannah और अपने क्रिएटिव डायरेक्टर Eric Anderson को वापस ले आए। तब से, इन दोनों ने कंपनी को एक नई दिशा में आगे ले जाने में बड़ी मदद की है।”

लगभग तीस बरसों से प्रशंसकों के दिल में अपनी जगह बनाए बैठे इस गेम को नया रूप देने में चुनौतियाँ तो आनी ही थीं। Gamiel बताती हैं, “हमारी Rand और Robyn के साथ कई बार बातचीत औ बहस भी हुई।” अपनी बात जारी रखते हुए वे कहती हैं, “किन चीज़ों में बदलाव करना उन्हें ठीक लगेगा? Myst के साथ भावनात्मक रूप से जुड़े प्रशंसक क्या कहेंगे?” लेकिन आख़िरकार, उन्हें और उनकी टीम को मूल निर्माताओं से मंज़ूरी मिल ही गई।
Robyn कहते हैं, “इतने सालों बाद फिर उस दुनिया में जाना बहुत सुखद अनुभव था।” वे आगे कहते हैं, “ख़ासकर Selenitic Age बेहद ख़ूबसूरत है; उसके रंग काफ़ी आकर्षक हैं।” (यहाँ एक और चक्र पूरा हो रहा है : Robyn यह नया संस्करण अपनी 10 साल की बेटी के साथ खेल रहे हैं और अपनी बेटी की नज़र से इसकी दुनिया और चुनौतियों का एक बार फिर से अनुभव ले रहे हैं।)

Robyn की तारीफ़ का मोल Gamiel जानती हैं। “गेम में काम को सही तरीके से पूरा करके वाक़ई बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। बेशक आप सबकी उम्मीदों पर ख़रा उतरना चाहते हैं, लेकिन जब आप गेम के मूल निर्माताओं को इसके नए रूप से संतुष्ट पाते हैं, तो इसका मतलब है आप सही राह पर हैं।”
यह नया रूप Myst के जादू को नई पीढ़ी तक पहुँचाता है, साथ ही पुराने प्रशंसकों को कुछ नया देता है—वह भी गेम के मूल जादू को बरक़रार रखते हुए। वे कहती हैं, “लोग एक ऐसे वातावरण में रिलैक्स हो सकते हैं जो डराता नहीं है या उन पर हमला नहीं करता। मुझे लगता है उन्हें वैसा ही अनुभव फिर से मिलेगा जहाँ वे इस दुनिया में खो सकते हैं, यह जानते हुए कि ऐसा करना सुरक्षित है।” हँसते हुए वे आगे जोड़ती हैं, “और आप इसमें सफल होंगे।”