अपना हुनर बढ़ाएँ

बेहतरीन तरीके से लेखन करें

Scrivener को अपने लेखन प्रोजेक्ट का प्रबंधन करने दें।

Scrivener केवल एक राइटिंग ऐप ही नहीं, बल्कि उससे कहीं बढ़कर है। इसका Binder नाम का साइडबार हर राइटिंग प्रोजेक्ट का मुख्य केंद्र है—यहाँ पर आपकी लिखी गई चीज़ें, रिसर्च मटीरियल, कैरेक्टर स्केच और नोट होते हैं। इसके साथ ही, यह आपको अपने विचारों को व्यवस्थित करने के लिए कई उपयोगी टूल भी देता है

कई तरह से उपयोगी इस फ़ीचर का ज़्यादा से ज़्यादा फ़ायदा उठाने के तरीक़े देखें।

अपना प्रोजेक्ट देखें और व्यवस्थित करें

Binder में अध्यायों के लिए फ़ोल्डर और लोकेशन के साथ ही अलग-अलग सीन या कैरेक्टर के लिए अलग-अलग डॉक्युमेंट उपलब्ध होते हैं। इनकी मदद से आप अपने पूरे प्रोजेक्ट की संरचना को एक ही नज़र में समझ सकते हैं। किसी फ़ोल्डर या दस्तावेज़ पर क्लिक करके उसके कॉन्टेंट को मुख्य विंडो एरिया में देखें; किसी भी फ़ोल्डर को चुनकर Return दबाकर उस फ़ोल्डर में कोई नया आइटम बनाएँ।

Binder एक डायनामिक आउटलाइन का काम भी करता है : आप मैन्युस्क्रिप्ट सेक्शन में फ़ोल्डर और फ़ाइलों को ऊपर या नीचे ड्रैग करके उन्हें नए क्रम में लगा सकते हैं। (सुझाव : जब आप Corkboard या Outline view में होते हैं, तब मुख्य एरिया में डॉक्युमेंट का क्रम बदलने पर Binder में भी उनका क्रम बदल जाएगा।)

Corkboard व्यू में हर चुनी हुई फ़ाइल या फ़ोल्डर का सारांश दिखाता है जिससे आपको अपने प्रोजेक्ट का एक संक्षिप्त ओवरव्यू मिल जाता है।

अपनी रिसर्च एक जगह पर इकट्ठा करें

Research फ़ोल्डर आपके प्रोजेक्ट से संबंधित जानकारी, जैसे टेक्स्ट फ़ाइलों, PDF, तस्वीरों और वीडियो वगैरह को एक जगह पर रखने की सुविधाजनक जगह है। इस फ़ोल्डर में आइटम जोड़ने के लिए उन्हें Finder से यहाँ ड्रैग करें। आप यहाँ पूरे के पूरे वेब पेज भी इस तरह से स्टोर कर सकते हैं : File > Import > Web Page चुनें और URL पेस्ट करें।

टाइमलाइन या किसी कम महत्त्वपूर्ण कैरेक्टर का ट्रैक रखना है? Notes फ़ोल्डर में अपने वर्किंग नोट्स रखें—अपनी ज़रूरत के हिसाब से आप जितने चाहें उतने रिच-टेक्स्ट डॉक्युमेंट रख सकते हैं। अगर आप प्रकाशित करने जा रहे हैं, तो टाइटल पेज, कॉपीराइट पेज और प्रस्तावना जैसी चीज़ें रखने के लिए Front Matter फ़ोल्डर बढ़िया जगह है।

लोगों और जगहों की गहराई से जानकारी पाएँ

रचनात्मक लेखन के टेम्पलेट के हिस्से के तौर पर Characters और Places फ़ोल्डर ख़ास हैं : किसी एक को चुनें और Return दबाएँ। इससे आपको एक नया Character Sketch या Setting Sketch मिल जाएगा। इन डॉक्युमेंट में प्रासंगिक प्रॉम्प्ट पहले से दिए गए होते हैं जिसकी मदद से आप किसी व्यक्ति या स्थान को अपने लेखन में ज़िंदा कर सकते हैं।

Template Sheets फ़ोल्डर (Binder में सबसे नीचे) में आप संबंधित दस्तावेज़ों को आवश्यकतानुसार एडिट करके इन टेम्पलेट में बदलाव कर सकते हैं।

Character फ़ोल्डर आपकी कहानी में मौजूद पात्रों का एक Corkboard सारांश दिखाता है; किसी कैरेक्टर पर क्लिक करने पर उसका विवरण नीचे दिखेगा।

संबंधित डॉक्युमेंट तुरंत ऐक्सेस करें

Scrivener के Collections में आप कई संबंधित डॉक्युमेंट को एक ग्रूप में रख सकते हैं, ताकि ज़रूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत देख सकें। उदाहरण के लिए, एक ही कैरेक्टर से संबंधित कई सीन पर काम करते समय आप इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे Binder में इन डॉक्युमेंट की जगह नहीं बदलती है।

कलेक्शन बनाने के लिए, जोड़े जाने वाले दस्तावेज़ों पर Command-click करें, फिर Documents > Add to Collection > New Collection को चुनें और इस नए कलेक्शन को एक नाम दें। (Binder में Collections को दिखाने या छिपाने के लिए View > Show Collection या Hide Collection चुनें।)

डॉक्युमेंट अस्थायी रूप से संयुक्त करें

कभी-कभी जब कई सीन या चैप्टर कथा के एक ही प्रवाह में हों, तो उन्हें एक साथ एडिट करना अधिक आसान होता है—और Scrivenings फ़ीचर इसे आसान बना देता है। कई डॉक्युमेंट या डॉक्युमेंट का फ़ोल्डर चुनें और फिर View > Scrivenings चुनें। डॉक्युमेंट का कॉन्टेंट इस तरह से दिखाई देगा, जैसे वह एक ही डॉक्युमेंट हो और उसका क्रम वही होगा जो Binder में है। इससे इसे स्क्रॉल करना आसान हो जाता है।

Scrivenings मोड में किए गए एडिट ओरिजनल डॉक्युमेंट पर लागू होते हैं—Scrivener सभी एडिट को उनकी सही जगह पर लागू करता है।