डेवलपर स्पॉटलाइट

तेज़ी से फ़ोरकास्ट प्राप्त करें

Mercury Weather ऐप बनाने वाले जोड़े से मिलें।

‣ कंपनी : Triple Glazed Studios
‣ संस्थापक : Kai Dombrowski और Malin Sundberg
‣ मिशन : बेहतरीन चीज़ें बनाना
‣ ऐप लॉन्च : 2020
‣ टीम का साइज़ : दो लोग
‣ उपयोग करने के लिए सबसे आम इमोजी : 😅 (Kai) और 🎉 (Malin)


Triple Glazed Studios के संस्थापकों, Kai Dombrowski और Malin Sundberg को भीषण मौसम के बारे में थोड़ा-बहुत पता है।

दस साल पहले यूरोप में बैकपैकिंग करते समय यह जोड़ा पहली बार एक दूसरे से मिला और रिलेशनशीप में आने के कुछ साल बाद इन्होंने अपनी कंपनी शुरू की। कनाडा में (अभी के लिए) बसने से पहले, वे स्वीडन के आर्कटिक क्षेत्र और ऑस्ट्रेलिया के शहरों में रह चुके थे।

Dombrowski कहते हैं, "आर्कटिक वाक़ई में बहुत ज़्यादा ठंडा है, इसलिए हम ऑस्ट्रेलिया आ गए, जो बहुत ही ज़्यादा गरम है। उस वक़्त हमें लगा कि हमें कोई ऐसी जगह ढूँढनी चाहिए जहाँ न ज़्यादा गरमी हो और न ही ज़्यादा ठंड।"

उन्होंने संतुलित मौसम वाले अपने इस परिवेश का पूरा फ़ायदा उठाया है। अपने नए घर में बैठे-बैठे Dombrowski और Sundberg ने दो ऐप्स रिलीज़ किए : एक आसान-सा टाइम-ट्रैकर ऐप Orbit और दूसरा ऐप Mercury Weather, जिसका सुंदर लेआउट मौसम से जुड़ी हर जानकारी प्रदर्शित करता है।

हम Dombrowski से मिले और हमने कड़ी समय-सीमा के भीतर काम करने की ख़ुशी के साथ-साथ सहयोगी जोड़ों के लिए उनकी बेतुकी सलाह के बारे में उनसे बात की।

Mercury Weather के रंग-बिरंगे ग्रेडिएंट्स और कम डिज़ाइन की बदौलत आप एक नज़र में ही पूरा फ़ोरकास्ट देख सकते हैं।

आप और Malin विकास, डिज़ाइन, मार्केटिंग—ये सब काम सँभाल लेते हैं। आप उन जोड़ों को क्या सलाह देंगे जो एक साथ मिलकर आंट्रेप्रेन्योर्स बनना चाहते हैं?
जिस चीज़ की सलाह दी जाती है, हम उसका बिलकुल उलटा करते हैं : हम कई घंटों तक काम करते हैं, हमारे कोई स्ट्रिक्ट रोल्स नहीं हैं, हमारे वर्क-लाइफ़ की कोई सही सीमा नहीं होती और हम किसी भी समय काम के बारे में बात करने लग जाते हैं। अगर कोई समस्या आती है तो हम उस पर बात करते हैं और उसे साथ मिलकर सुलझाते हैं, जिससे हम अच्छे से मिलकर काम कर पाते हैं। हमारे असामान्य दृष्टिकोण के बावजूद, Triple Glazed Studios को साथ मिलकर चलाना अब तक का हमारा पसंदीदा काम बन गया है।

अपनी रचनात्मक प्रक्रिया के बारे में कुछ बताएँ?
स्क्रीन या ऐप आइकॉन के लिए शुरुआती डिज़ाइन तैयार करने के लिए हमारे कई डिज़ाइन सेशन्स होते हैं जो पाँच मिनट तक चलते हैं। फिर हम अगले राउंड में तब तक एक-दूसरे के बेहतरीन विचारों का चयन करते हैं जब तक कि हमारे पास कुछ ऐसा न हो जो हम दोनों को पसंद आए।

हमारे असामान्य दृष्टिकोण के बावजूद, Triple Glazed Studios को साथ मिलकर चलाना अब तक का हमारा पसंदीदा काम बन गया है।

आपने अपना पहला ऐप, Orbit कैसे बनाया?
जब हमने शुरुआत की, तो हमारा पहला विचार था, "यह कितना मुश्किल हो सकता है?" यह सिर्फ़ एक टाइमर है—इसे स्टार्ट करो और बंद कर दो, सब ठीक होगा। हमने अंदाज़ा लगाया था कि इसमें एक वीकेंड लगेगा, वास्तव में इसमें कई महीने लग गए। मुझे आज सुबह एक नोट मिला जिसमें लिखा हुआ था, "मुझे टाइम ट्रैकिंग की ज़रूरत नहीं है, लेकिन मुझे आपका ऐप बहुत पसंद है और मैं इसका उपयोग करने का कोई तरीका ढूँढने की कोशिश कर रहा हूँ।" जब कोई ऐसा कहे कि 'मुझे इसकी ज़रूरत नहीं है, लेकिन मैं इसका उपयोग करने का कोई तरीक़ा ढूँढना चाहूँगा' तो आपके लिए इससे बेहतर फीडबैक कुछ हो ही नहीं सकता!

Mercury ऐप बनाते समय आपके सामने क्या-क्या मुश्किलें आईं?
हमारा लक्ष्य iOS 16 की रिलीज़ के लिए Mercury को सबमिट करना था। Malin ने यूके में एक iOS डेवलपर सम्मेलन में बात करने के बारे में सोचा था, इसलिए हमने FaceTime कॉल के साथ टाइम ज़ोन्स के अनुसार शिफ़्ट में काम किया। इससे थोड़ा तनाव बढ़ गया था, पर हम समय पर इसे सबमिट कर पाए—और Malin की बातचीत भी अच्छी रही!

आपके अनुसार लोगों को Mercury के कौन-से फ़ीचर का ज़्यादा उपयोग करना चाहिए?
Trip Forecast. हमारे यूज़र्स में से एक यूज़र कमर्शियल एयरलाइन पायलट हैं जो सप्ताह में चार या पाँच शहरों की यात्रा करते हैं, और Trip Forecast एक ही बार में सभी यात्राओं के लिए मौसम की जानकारी दे देता है। यह आसान लगता है, लेकिन उस एक फ़ीचर को बनाने में जो समय लगा वह Mercury के पहले वर्शन को पूरा विकसित करने से कहीं ज़्यादा था।

Triple Glazed Studios, App Store स्मॉल बिज़नेस प्रोग्राम का एक हिस्सा है। अगर आप एक डेवलपर हैं, और प्रोग्राम के बारे में ज़्यादा जानना चाहते हैं तो नीचे दिए गए लिंक पर जाएँ।