फ़ीचर्ड ऐप

लिखें बेहतर ब्लॉग, वो भी जल्दी

ब्लॉग एडिटिंग से लेकर पब्लिश करने तक, MarsEdit सब संभाल लेता है।

ब्लॉग लिखना तो पसंद है, लेकिन ज़्यादा झंझट नहीं चाहते? चिंता न करें, पेश है आपकी मदद के लिए MarsEdit! अब उन पुराने वेब-आधारित एडिटर्स पर काम करना भूल जाएँ : ब्लॉग पब्लिश करने का यह पावरहाउस आपको एक तेज़ और इस्तेमाल करने में आसान एडिटर देता है जिस पर आप ऑनलाइन और ऑफ़लाइन दोनों तरीक़ों से काम कर सकते हैं। यह आपके सभी लेखों को व्यवस्थित करता है और उन्हें सीधे होस्टिंग सेवाओं पर पब्लिश भी करता है।

हमें यह क्यों पसंद है : क्योंकि इस पर ब्लॉगिंग करना बहुत आसान है। बस आप जिन भी साइट्स पर काम करते हैं वो जोड़ें (यह WordPress, Tumblr, Movable Type, Typepad और बहुत सी अन्य सेवाओं को सपोर्ट करता है) और MarsEdit वहाँ से आपकी मौजूदा पोस्ट्स डाउनलोड करेगा। अगर आपको कभी कोई लेख अपडेट करना हो, तब भी यह बहुत काम आएगा। WYSIWYG एडिटर का इस्तेमाल करके, नई पोस्ट बनाएँ और शीर्षक, टैग्स, बॉडी टेक्स्ट एवं इमेजेस जोड़ें। फिर लाइव प्रीव्यू (View > Show Preview) के ज़रिए देखें कि पब्लिश होने के बाद आपकी पोस्ट कैसी दिखाई देगी। जब आपका काम पूरा हो जाए, तो बस एक क्लिक से अपने ब्लॉग्स पर लेख और अपडेट्स तुरंत अपलोड करें।

यह यूज़र-फ़्रेंडली एडिटर (बाएँ) आपको सभी विकल्प एक ही जगह देता है और एक रीयल-टाइम प्रीव्यू भी दिखाता है।

सुझाव : MarsEdit में, ख़ास अनुभवी ब्लॉगर्स के लिए डिज़ाइन किए गए कई फ़ीचर हैं। प्लेन टेक्स्ट में एडिट करना पसंद है? Markdown और HTML सिंटैक्स हाइलाइटिंग से फ़ॉर्मैटिंग और टैग्स देखना बहुत आसान है। माइक्रोब्लॉगिंग के शौक़ीन हैं? सिस्टम-वाइड कीबोर्ड शॉर्टकट की बदौलत फ़टाफ़ट सिर्फ़ टेक्स्ट वाले पोस्ट तुरंत बनाएँ और पब्लिश करें। किसी वेबसाइट के बारे में लिख रहे हैं? तो MarsEdit का Safari एक्स्टेंशन इस्तेमाल करें। यह मौजूदा URL और आपके चुने गए किसी भी टेक्स्ट से एक नया ड्राफ़्ट तैयार कर देता है। ऑफ़लाइन काम कर रहे हैं? कहीं भी, कभी भी इस पर पोस्ट बनाएँ या एडिट करें, फिर इंटरनेट से जुड़ने पर पब्लिश कर दें।

निर्माता से मिलें : बोस्टन स्थित डेवलपर Daniel Jalkut कैलिफ़ोर्निया में जन्मे और वहीं पले-बढ़े। शुरुआत में MarsEdit जाने-माने Mac RSS रीडर NetNewsWire का एक बिल्ट-इन फ़ीचर था, लेकिन जल्दी ही यह अपना ख़ुद का ऐप बन गया। जिसको बाद में Jalkut के Red Sweater Software ने ख़रीद लिया। उन्हें MarsEdit में Perfect Preview फ़ीचर काफ़ी पसंद है, जिसमें आप ज़्यादा सटीक आर्टिकल प्रीव्यू के लिए अपने ब्लॉग के आधार पर ख़ास टेम्प्लेट्स जोड़ सकते हैं।