फ़ीचर्ड ऐप

लेखन पर ध्यान दें, ऐप पर नहीं

iA Writer लिखने से आपका ध्यान भटकने नहीं देता।

ऐसा अक्सर होता है : हम लिखने के लिए बैठते हैं, लेकिन दूसरे ऐप्स और नोटिफ़िकेशन, यहाँ तक कि राइटिंग ऐप के मेनू, ऑप्शंस और विंडोज़ से भी हमारा ध्यान भटक जाता है। iA Writer हटकर है। इसमें ऐसा राइटिंग स्पेस है जिसके कारण आप बाक़ी सारी चीज़ें भूलकर पूरा ध्यान अपने शब्दों पर दे पाते हैं।

इसका कॉन्सेप्ट यह है कि आप अपने शब्दों को लेकर परेशान होने के बदले पहले अपने विचार लिखें। iA Writer में प्लेन टेक्स्ट का इस्तेमाल होता है जिसमें बुनियादी Markdown फ़ॉर्मैटिंग होती है, जिसमें बोल्ड, आइटैलिक्स, हेडिंग्स, लिस्ट्स और लिंक्स शामिल हैं।

लेकिन ऐप का Focus Mode इसकी असली ख़ूबी है। फ़ुल-स्क्रीन व्यू में देखने पर ब्लैंक स्क्रीन दिखाई देती है, जिसमें ध्यान भटकाने वाली कोई चीज़ न होकर सिर्फ़ टेक्स्ट मौजूद होता है। Focus Mode मौजूदा पैराग्राफ़ या वाक्य को छोड़कर तमाम दूसरी चीज़ों को धुँधला कर देता है ताकि आप आस-पास की चीज़ों पर नहीं, बल्कि अपने शब्दों पर पूरा ध्यान दे सकें।

Focus Mode बेकार चीज़ें हटाकर वाक्य, पैराग्राफ़ या डॉक्यूमेंट पर पूरा ध्यान देने में आपकी मदद करता है।

अगर आप अपनी राइटिंग पर फ़ीडबैक चाहते हैं, तो iA Writer का सिंटैक्स टेक्स्ट को कलर कोड कर देता है ताकि आप अपने वाक्यों और पैराग्राफ़ का कंस्ट्रक्शन देख सकें। इससे आप झटपट जान सकेंगे कि आपकी शैली प्रेमचंद से ज़्यादा मिलती है या यशपाल से।

iA Writer के साइडबार को सामने लाकर अपने सभी डॉक्यूमेंट्स आसानी से देखें, जिनमें iCloud में सहेजे डॉक्यूमेंट्स शामिल हैं। (iCloud डॉक्यूमेंट्स iOS वाले iA Writer के साथ अपने आप सिंक होते हैं, इसलिए किसी भी डिवाइस पर काम हो सकता है।) ऐप छोड़ने की ज़रूरत नहीं होने के कारण ध्यान लगाने में मदद मिलती है।

अपने लिखे हुए को शेयर करने के लिए उसे iA Writer से Word डॉक्यूमेंट, HTML या PDF में एक्सपोर्ट करें या सीधे Medium और WordPress ब्लॉग्स पर पब्लिश करें। ऐप के Preview मोड से देखें कि एक्सपोर्ट करने के बाद आपका टेक्स्ट कैसा दिखेगा। यही नहीं, आप टेक्स्ट को देखने और प्रीव्यू करने का काम एक साथ कर सकते हैं जिसमें टेक्स्ट में बदलाव लाते समय प्रीव्यू उसी समय अपडेट होता है।

हर लेखक को कभी-न-कभी मन बहलाने की ज़रूरत होती है, लेकिन iA Writer से आप कम से कम स्क्रीन पर इस ज़रूरत को ख़ुद पर हावी होने से रोक सकते हैं।