तेज़ उपाय

फ़ोटो निखारने के लिए Lightroom आज़माएँ

यह ऐप दानेदार फ़ोटोज़ पर जादू-सा असर करता है।

डिजिटल नॉइज़ की वजह से अच्छा-ख़ासा शॉट भी दानेदार और बनावटी नज़र आ सकता है, लेकिन Adobe Lightroom के साथ इस समस्या को चुटकियों में ठीक किया जा सकता है, ख़ासतौर पर जब नॉइज़ का कारण कम रोशनी या हाई ISO सेटिंग्ज़ हों। यहाँ इसका तरीक़ा बताया गया है।

AI का इस्तेमाल करके नॉइज़ कैंसिल करें

किसी RAW इमेज में नॉइज़ को फ़ौरन कम करने के लिए, Lightroom के AI-बेस्ड Denoise टूल का इस्तेमाल करें। Edit पैनल में, Detail हेडिंग पर क्लिक करें, फिर Noise Reduction के तहत, Denoise बटन पर क्लिक करें।

भारी ख़राबी एक अच्छी-ख़ासी तस्वीर को बर्बाद कर देती है…

Enhance डायलॉग सिंगल Denoise स्लाइडर दिखाता है और नतीजे की झलक पेश करता है। नॉइज़ (लो वैल्यूज़) और सॉफ़्टनेस (हाई वैल्यूज़) के बीच सही संतुलन बिठाने के लिए स्लाइडर को सरकाएँ। देखा जाए, तो 50 की डिफ़ॉल्ट वैल्यू अक्सर सही मात्रा होती है। एडिट की गई इमेज की तुलना ओरिजिनल इमेज से करने के लिए प्रिव्यू में कहीं पर भी क्लिक करें। नई डिनॉइज़्ड DNG फ़ाइल बनाने के लिए Enhance पर क्लिक करें।

…लेकिन AI के ज़रा-से इस्तेमाल से, ज़्यादातर नॉइज़ ग़ायब हो जाती है, लेकिन फ़ोटो फिर भी स्वाभाविक लगती है।

मैन्युअल रूप से नॉइज़ कैंसिल करें

अगर इमेज RAW फ़ॉर्मेट में नहीं है या फिर आप नतीजे पर ज़्यादा कंट्रोल चाहते हैं, तो Manual Noise Reduction हेडिंग पर क्लिक करके उसके स्लाइडर्स देखें। Noise स्लाइडर रोशनी की कमी के कारण पैदा हुए नॉइज़ पर असर डालता है, जबकि Color Noise स्लाइडर उन हिस्सों पर असर डालता है, जहाँ अतिरिक्त कलर जोड़ा गया है।

कुछ मैन्युअल तरकीबों से नॉइज़ को हटाकर बारीकियों को बरक़रार रखा जा सकता है।

नॉइज़ हटाने से आपकी इमेज और सॉफ़्ट नज़र आती है। यह अड्जस्टमेंट तब तक करते जाएँ, जब तक आपको वह सही तालमेल नहीं मिल जाता, जहाँ फ़ोटो से दाने ग़ायब हो जाते हैं और वह पेंटिंग जैसी भी नहीं लगती।

पेशेवर सुझाव : असली और सुधारी हुई तस्वीर के बीच टॉगल करने के लिए \ दबाएँ या तेज़ी से ज़ूम-आउट व्यू देखने के लिए स्पेस बार दबाएँ।

बारीकियों को उभारकर दिखाएँ

कभी-कभी स्मूद सतहों से नॉइज़ कम करने का सही स्तर फ़ोटो में नज़र आ रहे ऑब्जेक्ट्स के किनारों को धुँधला बना देता है। इन बारीकियों को दिखाने के लिए, Noise के बग़ल में मौजूद त्रिकोण पर क्लिक करें और Detail एवं Contrast स्लाइडर्स को अड्जस्ट करें। Color Noise के तहत, Detail और Smoothness विकल्प रंगीन किनारों को सुरक्षित रखने में मदद करते हैं और इनकी वजह से रंग भी बहते हुए-से नहीं लगते।

दानों को अपनाएँ

दानों और धुँधलेपन के बीच सही संतुलन नहीं बना पा रहे हैं? धुँधलेपन में गड़बड़ हो गई, तो Lightroom से थोड़ा दानेदार बनाएँ। यह बात उल्टी लग सकती है, लेकिन डिजिटल ख़राबी से आए दानों के मुक़ाबले Lightroom के ग्रेन अल्गोरिदम ज़्यादा क़ुदरती लगते हैं, नतीजा यह होता है कि एक ज़्यादा आकर्षक तस्वीर मिलती है।

‘Effects’ हेडिंग पर क्लिक करें, फिर ‘Grain’ स्लाइडर को बिल्कुल थोड़ा-सा बढ़ाएँ—इतना नहीं कि आपके ख़राबी हटाने के काम पर पानी फिर जाए, बल्कि बस इतना कि आपकी तस्वीर और ज़्यादा जानदार बन जाए। (यहाँ पर भी ज़ूम लेवल बदलने के लिए स्पेस बार इस्तेमाल करना मददगार साबित होगा!)