आप कई अवॉर्ड जीतने वाले स्नोबोर्डिंग गेम, Alto’s Adventure से बेहतर सीक्वल कैसे बना सकते हैं?
इसके ख़ूबसूरत नज़ारों, पहाड़ी से नीचे स्लाइड करने के ऐक्शन और शानदार बैकफ़्लिप को और मज़ेदार बनाकर।
जैसा नाम वैसा काम, Alto’s Odyssey में आपको 180 चैलेंज पार करने होंगे, इसके साथ नए किरदार भी अनलॉक करने को मिलेंगे – यह गेम Adventure से कहीं ज़्यादा बड़ा है। आप अपना रास्ता चुन सकते हैं, ज़्यादा जोखिम भरे रास्ते चुनने पर आपको ज़्यादा सिक्के मिलेंगे : जैसे कि हॉट-एयर बलून पर उछलने से लेवल पार करने पर आपको ज़्यादा इनाम मिलेगा। आप वॉल-राइडिंग के नए फ़ीचर में माहिर भी हो सकते हैं।
अगर आपको बस रेगिस्तान के ख़ूबसूरत नज़ारों को निहारना है (Odyssey में Adventure की बर्फ़ के बदले रेत है) तो Zen मोड आज़माएँ, जहाँ गेम-ओवर की स्क्रीन ही नहीं आएगी। जब Alto किसी चीज़ से टकराएगा तो वह उठकर फिर से आगे बढ़ने लगेगा।

Odyssey के कंट्रोल उतने ही सरल हैं जितने इसके पहले आए गेम के थे, गेम बनाने वाली टीम के Eli Cymet के मुताबिक़ ऐसा जानबूझकर किया गया है।
वह कहते हैं कि “कोई भी नया टच कंट्रोल गेम को ज़्यादा मुश्किल और उलझन भरा बना देता था, हमने Alto की उन चीज़ों को बरक़रार रखने में बड़ी मेहनत की जिन्हें प्लेयर पसंद करते थे और आरामदेह समझते थे।”