हमारे मनपसंद गेम्स

रंगों संग सपना देखने की हिम्मत।

Gris में एक मर्मस्पर्शी अड्वेंचर को आपका इंतज़ार है।

अपनी गहरी कहानी की तरह ही GRIS में कई ख़ूबियाँ हैं : एक ज़बरदस्त पहेली-प्लेटफ़ॉर्मर होने के साथ ही यह जीवंत वॉटरकलर पेंटिंग का संग्रह भी है। दिल छू जाने वाला डिजिटल आर्ट – जो उम्मीद, दुख और त्रासदी के बाद बिखरी ज़िन्दगी को समटने की जीत को दर्शाता है।

GRIS बदलते रंगों के पैलेट के इस्तेमाल से बहुत बारीक़ी से बनाया गया है।

गेम के हाथ से ड्रॉ किए गए बेहतरीन लेवल, दुख के पाँच पढ़ाव पर आधारित है। इनसे गुज़रते हुए आप देखेंगे कि नज़ारा मोनोक्रोम (gris का मतलब स्पैनिश में “स्लेटी” होता है) रंग से शुरू होगा पर जल्द ही वह रंगों से भर जाएगा।

इसमें हवादार रेगिस्तान और घने जंगल हैं, उदाहरण के तौर पर पानी के अंदर की दुनिया गड्ढे को दर्शाती है, उसमें आप गहरी डुबकी लगाना सीखेंगे।

जैसे-जैसे आप आगे बढ़ेंगे, गेम के जादू से परदा उठेगा – जैसे कि आपका हवा में लहराता लबादा किसी बाधा को तोड़ने वाले पत्थर में बदल जाएगा।

आरामदेह रफ़्तार से चलने के अलावा GRIS आश्चर्य और जादू से भी भरा है। ख़ुद को मछली में रूपांतरित करें और भूलभुलैया जैसी समुद्री गुफ़ाओं में आराम से गुज़रें। तितलियों से भरे आसमान में छलाँग लगाइए या अपने हवा में बहकते लबादे को विशाल पत्थर में बदल दीजिए जो आपकी तेज़ हवा से रक्षा करेगा। आपके दुख से शक्तियाँ उभरकर सामने आती हैं।

GRIS में मौत नहीं होती। किसी खाई में गिरने पर या ग़लत उछलने पर आप वापस ऊपर आ जाएँगे। और परछाईं के जीव – भयानक काली चिड़िया या ख़ूँख़ार ईल (सर्पाकार मछली) बस आपके सफ़र में पार करने की अड़चने हैं।

GRIS की शुरुआत मोनोक्रोम से होगी, लेकिन हर वातावरण अपने साथ रंग और उसका मतलब लेकर आएगा।

GRIS सभी ख़ूबसूरत तत्वों को आपस में बख़ूबी मिलाता है जैसे कि चेम्बर-पॉप ग्रुप Berlinist का दिल छूने वाला संगीत। एक लेवल में, संगीत का ऐक्शन से इतनी अच्छी तरह मेल हुआ है कि आप धुन के हिसाब से आगे बढ़ सकते हैं।

इसके नाम पर मत जाइए – GRIS रंगों से भरा है। यह एक यादगार अनुभव है जो हमें याद दिलाता है कि ख़ुशी, ग़म और उससे उभर पाना एक-दूसरे से जुड़ी हुई चीज़ें हैं।