फ़ीचर्ड गेम

शाही चीन को एक करिए

Total War का The Three Kingdoms से मिलन हो गया।

Han राजवंश का सैकड़ों साल पुराना राज ख़त्म हो गया है और चीन अब सेनापतियों की जागीर के हिस्सों में बँट गया है। हज़ारों लोग मर चुके हैं और मर रहे हैं। क्या आप शांति लाकर देश को फिर से जोड़ सकते हैं?

Total War: Three Kingdoms आपको चीन ले जाता है जहाँ Three Kingdoms उभर रहे हैं। हर गुट के सरदार के पास अनोखी योग्यताएँ और शक्तियाँ हैं। 12 अलग-अलग गुटों में से एक के सरदार बनकर रियल-टाइम लड़ाई और टर्न-बेस्ड स्ट्रैटजी के ज़रिए जंग की कला सीखें और राजनीति के उस्ताद बनें।

युद्ध में आप ख़ुद को सीधा रणभूमि के बीच पाएँगे। सेना और सवार सिपाहियों को आप ऊपर से निर्देश दे सकते हैं, और ज़ूम-इन करके लड़ाइयाँ नज़दीक से देख पाएँगे, जैसे दो जेनरल का भिड़ना।

अपनी सेना को समझदारी से तैनात करें : सेबर थामे सिपाही ज़मीन पर दुश्मन से निपट सकते हैं पर कुशल घुड़सवार सेना के सामने कमज़ोर पड़ जाते हैं और सटीक निशाना लगाने वाले तीरन्दाज़ दूर से तीरों की बारिश कर सकते हैं। जैसे-जैसे आप युद्धभूमि में अनुभव प्राप्त करेंगे वैसे-वैसे आप विशेष शक्ति वाले नए यूनिट अनलॉक कर पाएँगे। बेशक़ीमती बोनस पाने के लिए उन यूनिट को अपनी सेना में भर्ती करें जो आपके जनरल की शक्तियों को बेहतर सूट करते हों।

पर सब लड़ाई पर निर्धारित नहीं है : कैम्पेन प्ले में लम्बी रणनीति बनाना ज़रूरी होता है, उसमें आप टेकनोलोजी का विकास करते हुए शहरों की रचना करेंगे और वो क़ानून बनाएँगे जो आपकी जनता की ज़िंदगी में सुधार लाएँ। बेहतर व्यापारिक सौदे करें, कूटनीतिक संबंध बनाएँ, और अपने साथियों और दुश्मनों को एक-दूसरे से लड़ने के लिए उकसाएँ — पर ध्यान रहे कि वक़्त के मुताबिक़ आपको धोखा भी मिल सकता है।

यहाँ आपके फ़ैसले आपके साम्राज्य को बना या बिगाड़ सकते हैं : सफलता से आपकी विश्वसनीयता बढ़ेगी - जिसका इस्तेमाल आप भविष्य के सौदों में कर पाएँगे।

12 सरदारों में आप चुनाव कर सकते हैं, जिससे हर गेम एक बिलकुल नया अनुभव प्रस्तुत करता है। दो गेम मोड और भी ज़्यादा विभिन्नता लाते हैं : Records of the Three Kingdoms इतिहास के मुताबिक़ जंग को प्रस्तुत करेगा और Romance of the Three Kingdoms मोड चीन की कथाओं से चीज़ें लेते हुए आपको सूपरहीरो जैसी शक्तियों वाले जनरल और हीरो देता है।

आप जो भी एडवेन्चर चुनें, आपके सरदार, हीरो और फ़ौज का एक ही लक्ष्य होगा : एक नया राजवंश बनाना।