अपना हुनर बढ़ाएँ

Gorogoa की पहेली बुझाएँ

Gorogoa का रहस्य सुलझाने के जानें 7 टिप्स।

Gorogoa नाम के इस ख़ूबसूरत और सपने जैसे पहेली गेम में जीते-जागते कॉमिक के पैनल में फेरबदल करके उस कहानी को सामने लाएँ जो केवल चित्रों के ज़रिए कही गई है। चित्रों को नए क्रम में लगाने, अलग-अलग करने और नए सिरे से मिलाने के दौरान यह गेम आपको लगातार चौंकाएगा। इस गेम में आप समय, अंतरिक्ष और ज्यामिति का निराला करिश्मा देखेंगे।

Gorogoa दिलचस्प पलों से भरपूर तो है ही, इसमें आपको कई चुनौतियाँ भी मिलेंगी जिनका सामना करना आपके लिए आसान नहीं होगा। इस अनोखी दुनिया के सफ़र को आसान बनाने के लिए ये टिप्स देखें।

संकेतों को पहचानें
Gorogoa के ढेर सारे जानकारी से भरे सीन में बहुत कम चीज़ें सजावटी हैं। शुरू में ही तकिए की डिज़ाइन को बड़ा करके देखने पर इसमें आपको गेम के शुरुआती लक्ष्यों (लाल फल) में से एक को पाने के लिए उठाए गए अपने क़दम दिखाई देंगे। अब आप गेम के रहस्य को सुलझाने का एक अहम उपाय जानते हैं : विस्तृत जानकारी और पैनी नज़र महत्वपूर्ण हैं।

कहानी में आगे बढ़ने पर आपको कई चीजें मिलेंगी - ऐसी पेंटिंग जिनमें आप घुस सकते हैं, अगले क़दम बताने वाली किताबें व विचार के गुब्बारें और वार्डरोब के दरवाज़े में खुदे हुए (carved) टिप्स। उन्हें याद कर लें या रिमाइंडर के तौर पर इनका स्क्रीनशॉट ले लें।

चित्रों को बड़ा या छोटा करके देखते समय चीज़ों की पोज़िशन और आकार पर ध्यान दें। आपको कभी–कभी एक पैनल लेयर को दूसरे पैनल पर रखना होगा।

संकेतों (Hints) की अनदेखी न करें
कुछ गेम्स आपको हैरत में डाल देते हैं, लेकिन Gorogoa उनसे हटकर है। आप न केवल चुस्त रफ़्तार और ख़ूबसूरत डिज़ाइन के कारण इसकी कहानी में खो जाएँगे, बल्कि हर स्टेज को पार करने पर आपको अपनी अक्लमंदी पर नाज़ भी होगा।

कहानी की रफ़्तार को बनाए रखने के लिए गेम में कभी-कभी आपका ध्यान खींचने के लिए कुछ चीज़ों को ऐनिमेट किया जाता है। इनकी अनदेखी न करें। अगर पैनल पर क्लिक करने के बाद कोई चीज़ चमकती है या तीर सामने आता है, तो आपको उससे बात ज़रूर करना चाहिए।

दुनिया को समझें
Gorogoa में माहिर बनने के लिए आपको संपर्कों का पता लगाना होगा, इसलिए दुनिया को समझना ज़रूरी है और यह भी कि उसमें किसी समय क्या-क्या मौजूद रहता है।

नई जगह जाने पर, वहाँ मौजूद पहेली को सुलझाने पर फ़ोकस न करें। चारों ओर देखें और दिमाग़ में आसपास की चीज़ों का नक़्शा तैयार कर लें। आप काम की लगने वाली चीज़ों के बीच के रास्तों को नोट कर सकते हैं। आपको अचानक जब चीज़ें समझ में आ जाएँगी और आप जान जाएँगे कि आगे क्या करना है, तो आपको पता चल जाएगा कि कौन-सी चीज़ कहाँ है और आपको किधर जाना है।

मैच करें
हालाँकि, गेम में आगे बढ़ने पर Gorogoa की पहेलियाँ ज़्यादा खोजी और जटिल होती जाती हैं, लेकिन शुरू में ही खेलने का जो तरीक़ा आप सीखते हैं वही महत्वपूर्ण है। मैच होने वाली चीज़ों पर नज़र डालने के महत्व को याद रखें।

उदाहरण के लिए, अगर आप बुझा हुआ लैंप देखते हैं, तो संभावना है कि उसे कैसे जलाना है यह आपको पता करना होगा। (उसे दूसरे पैनल में ले जाएँ जिसमें चमकीला तारा ठीक उसी जगह पर है।) अगर दो पैनल ऑफ़िस का शेल्फ़ दिखाते हैं, तो दोनों को तब तक बड़ा करके देखते रहें जब तक दोनों शेल्फ़ साथ मिलकर अगली चुनौती को अनलॉक न कर दें। पूरे गेम में इस स्ट्रैटेजी को याद रखें।

एक से दूसरे पैनल तक फैली चीज़ों को सीधी रेखा में करने के मौक़े ढूँढें।

विज्ञान को याद रखें
आपको कभी-कभी पैनल के अंदर की चीज़ों में सीधे फेरबदल करना होता है। ऐसा करते समय यह सोचें कि असली ज़िंदगी में वे कैसा व्यवहार करती होंगी। Gorogoa फ़ैंटसी जैसा लगता है, लेकिन यह असली दुनिया की भौतिकी (Physics) पर आधारित है। जैसे, घड़ी के धातु वाले काँटे को चुंबक से खींचकर सही जगह लाया जा सकता है।

सीक्वेंस का अभ्यास करें
Gorogoa में समय आगे-पीछे हो सकता है, लेकिन कुछ पहेलियों को सुलझाने के लिए आपको पैनल में रियल-टाइम में फेरबदल करना होता है। एक लेवल में (स्पॉइलर अलर्ट!) आप एक तितली को ग्लास जार से आज़ाद करने के लिए जार को गिरते उल्कापिंड से तोड़ते हैं।

इसे सुलझाने के लिए दो पैनल की कई बार अदला-बदली करना होती है, जिसमें हर पैनल को बड़ा किया जाता है ताकि दोनों के रंगीन बैनर्स एक-दूसरे के साथ अलाइन कर सकें। ऐसी पहेलियाँ मुश्किल होती हैं, लेकिन ग़लती का कोई जुर्माना नहीं देना होता। आप बार-बार कोशिश कर सकते हैं। तो क्या करना है यह प्लान कर लें और सही समय आने तक अभ्यास करते रहें।