कुछ गेम्स रहस्यमय होते हैं, लेकिन The Witness में रहस्य अपने चरम पर है। आप एक अजनबी द्वीप पर अकेले हैं और आपको यह नहीं बताया जाता कि आगे क्या करना है। आप किसके साक्षी हैं? गेम इस बारे में कुछ नहीं कहता। असल में, इस संवाद-मुक्त गेम में कुछ कहा ही नहीं जाता।
The Witness का असली मज़ा द्वीप के रहस्यों और इसकी एक-दूसरे से जुड़ी पहेलियों में छिपी पहेलियों को सुलझाने में है। हालाँकि, गेम के शुरुआती पलों में ही जब आप सुरंग से निकलकर पाइपों से भरे बग़ीचे में क़दम रखते हैं, तो उलझन में पड़ सकते हैं। ये रहे गेम से जुड़े कुछ टिप्स जो (बहुत कुछ दिए बिना) शुरुआत करने में आपकी मदद करेंगे।
भाषा सीखें
The Witness में शब्द नहीं हैं, लेकिन इसमें भी आप ख़ास तरह का व्याकरण और शब्दकोश पाएँगे। आप जब किसी पहेली को ठीक से समझ लेंगे, तो बाद में आप उस ज्ञान का टास्क में इस्तेमाल कर सकेंगे। यह विदेशी भाषा सीखने जैसा है, जिसे अच्छी तरह से सीखने में समय लगता है। गेम खेलते समय यह ध्यान रखें।
एक नक़्शा बनाएँ
वैसे तो द्वीप बहुत बड़ा है, लेकिन इसमें कई लैंडमार्क हैं जिनसे आपको ख़ास जगहों तक पहुँचने (और वापस लौटने) में मदद मिलती है। काग़ज़ और पेंसिल (या iPad और Apple Pencil) लें और जो भी महत्वपूर्ण लगे उसे लिख लें।
हो सकता है अभी कोई चीज़ महत्वपूर्ण नहीं लग रही हो, लेकिन आपके सफ़र में आगे वह उपयोगी साबित हो सकती है।

जिज्ञासु बनें
The Witness में शायद ही कुछ संयोग से होता है, अक्सर चुनौती इस बात का पता लगाने की होती है कि चीज़ों के होने का मक़सद क्या है। अगर आप किसी पैनल से केबल को निकलता देखते हैं, तो पता लगाएँ कि वे कहाँ जाते हैं। अगर आपको पेड़ों की कतारों में जगह दिखे, तो जाँच करके देखें कि जंगल में क्या छिपा है। The Witness एक खुली दुनिया है, जहाँ आपको जिज्ञासु होने का इनाम मिलता है।
गेम के निर्देशक Jonathan Blow कहते हैं कि, “इसमें कुछ भी यूँ ही नहीं होता। गेम में हर चीज़ का एक मक़सद होता है। कभी-कभी चीज़ों के दो, तीन या पाँच मक़सद होते हैं।”

स्क्रीनशॉट लें
अगर आप असली द्वीप पर घूम रहे होते, तो आप अच्छी लगने वाली चीज़ की तस्वीर लेते। यहाँ भी वही करें, यानी महत्वपूर्ण नज़ारों और पहेलियों के स्क्रीनशॉट्स (Command-Shift-3) लें। जो पहेलियाँ सुलझ चुकी हैं, उनका स्क्रीनशॉट लेना न भूलें। आप जब दूसरी (या तीसरी) बार यह गेम खेलेंगे तो आपको उनके महत्व का पता चलेगा।
बारिक़ी से देखें
शुरुआती पहेलियाँ आसान होती हैं, लेकिन बाद की पहेलियों को संदर्भ के बिना सुलझाना असंभव हो जाता है। हो सकता है कि आपने पहले जो देखा या सुना है, आपकी पहेली का जवाब उसी में छिपा हो। परछाईं, रिफ़्लेक्शन और पुराने रास्ते आपके लिए महत्वपूर्ण संकेत हो सकते हैं। उन्हें ध्यान से देखें और जब समाधान न सूझे तो पहेली को नई दिशा या जगह से देखें।
Blow कहते हैं, “आप हमेशा इधर-उधर जाकर किसी नई चीज़ को देख सकते हैं और हो सकता है आपको ऐसी चीज़ दिखे जिससे आपको उन चीज़ों को सुलझाने के लिए नए आइडिया मिलें जहाँ आप अटक गए थे।”
नाव चलाएँ
बहुत चलने के कारण आपके वर्चुअल पैर थक गए? द्वीप के दक्षिण-पूर्वी कोने में तट पर जाएँ, जहाँ आपको पत्थर से बने बाँध के अंतिम सिरे पर एक आसान पहेली दिखेगी। उसे सुलझाने पर लहरों के नीचे से एक नाव सामने आती है।
उस पर बैठकर द्वीप के किसी डॉक पर जाएँ। आप नाव चलाने (आपको जिस रास्ते से जाना है उसका बस चित्र बना दें) के लिए जिस नक़्शे का इस्तेमाल करते हैं, उससे ज़मीन पर भी रास्ता देखने में मदद मिलती है। स्क्रीनशॉट लेने की हमारी पिछली टिप याद रखें।

सबकुछ पूरा करने के बाद ही गेम ख़त्म करें।
गेम के लक्ष्यों में से एक—और यह गेम बिगाड़ने वाला नहीं है—पहाड़ पर किरणें फेंकने वाले टॉवर को सक्रिय करना होता है। द्वीप पर 11 टॉवर हैं, जिनमें से आपको पहाड़ पर जाने के लिए केवल सात को सक्रिय करने की ज़रूरत होती है और ऐसा करके आप गेम ख़त्म कर सकते हैं।
लेकिन अगर पहाड़ पर आप जल्दी पहुँच गए, तो The Witness का एक बड़ा हिस्सा नहीं देख सकेंगे। गेम के तमाम रहस्यों से परदा उठाने के लिए उन जगहों पर लौटें, जहाँ काम अधूरा रह गया था। गेम का असली मज़ा इसी में है।