शुरू करें

PowerPoint से शुरू करें

तीन नुस्ख़े—और आम ग़लतियाँ जिनसे बचने की ज़रुरत है।

एक सूचनाप्रद और दिलचस्प PowerPoint प्रज़ेंटेशन बना पाना कला है। शुक्र है कि जब बात डिज़ाइन की हो तो ज़्यादातर मुश्किल काम ऐप ख़ुद ही आपके लिए कर देता है।

लेकिन वह कहावत है न, ताक़त जितनी ज़्यादा हो, ज़िम्मेदारी भी उतनी ही ज़्यादा होती है। इसे अभी-अभी आज़माना शुरू करने वालों के लिए यहाँ तीन बड़े काम के फ़ीचर बताए गए हैं—और वे आम ग़लतियाँ बताई गई हैं जिनसे बचने की ज़रूरत है।

1. टेंपलेट अपनाएँ (लेकिन शुरू करने से पहले उसे अच्छी तरह समझें)

PowerPoint ख़ूबसूरती से डिज़ाइन किए गए टेंपलेट की एक बढ़िया रेंज ऑफ़र करता है ( इसके लिए New > New from Template चुनें)। हर एक टेंपलेट में अलग आकार के डिफ़ॉल्ट फ़ॉन्ट, अलग टेक्स्ट लेआउट और तस्वीरों व अन्य कॉन्टेंट लगाने के लिए अलग एरिया की सुविधाओं सहित कई स्लाइड डिज़ाइन (जिसे PowerPoint में मास्टर स्लाइड कहा जाता है) शामिल होते हैं।

पेशेवर दिखने के लिए : एक सरल टेंपलेट से शुरू करें और दूसरे टेंपलेट पर मूव करने से पहले उसे बिल्कुल अच्छी तरह सीख लें। हर एक में एक्सप्लोर करने के लिए काफ़ी कुछ है।

सामान्य ट्रांज़िशन वाला एक सरल डिज़ाइन अक्सर काफ़ी डिज़ाइन वाले टेंपलेट के मुक़ाबले ज़्यादा असरदार होता है।

2. विज़ुअल जोड़ें (लेकिन उन्हें सार्थक बनाएँ)

हर नई स्लाइड एक बड़े काम का बटन ऑफ़र करती है जो आपको तालिकाएँ, चार्ट, इमेज, वीडियो और शेप जोड़ने की सुविधा देता है। आप चाहें तो PowerPoint का SmartArt भी जोड़ सकते हैं। यह Venn डायग्राम और फ़्लो चार्ट जैसे चुनिंदा रेडीमेड ग्राफ़िक्स का कलेक्शन है ताकि प्रक्रियाओं और उनके बीच के संबंधों को सही तरह से चित्रित किया जा सके।

पेशेवर दिखने के लिए : अपनी गति थोड़ी धीमी रखें। अपने स्लाइड को विज़ुअल से लैस करने के लिए आप यक़ीनन मचल रहे होंगे, पर यह सुनिश्चित करें कि आप जो भी लगा रहे हों वह आपके आइडिया को स्पष्ट करने वाले हों। सिर्फ़ आँखों को भाने वाली चीज़ें उस अहम संदेश से भटका सकती हैं जो आप इस प्रज़ेंटेशन के ज़रिए देना चाह रहे हैं।

3. ट्रांज़िशन्स का इस्तेमाल करें (लेकिन ज़रूरत से ज़्यादा नहीं)

एक से दूसरी स्लाइड पर जाने के दरमियान इस्तेमाल किया जाने वाला ऐनिमेटेड ट्रांज़िशन साँस लेने जैसा है। एक से दूसरी स्लाइड पर अचानक शिफ़्ट होने की प्रक्रिया को स्मूद बनाते हुए ट्रांज़िशन आपके ऑडियंस को वह सूचना दिमाग़ में बिठाने का अवसर देता है जो आपने पिछली स्लाइड में पेश की है।

एक ट्रांज़िशन डालना आसान है : Transitions टैब पर क्लिक करें, साइडबार से उन स्लाइड का चयन करें जिन पर आप ट्रांज़िशन लगाना चाहते हैं, फिर कोई इफ़ेक्ट चुनें। बेसिक ट्रांज़िशन Wipe हमेशा बढ़िया लगेगा—आख़िर यह क्लासिक है!

पेशेवर दिखने के लिए : हर स्लाइड के लिए अलग-अलग ट्रांज़िशन का इस्तेमाल करने के बजाय अपने पूरे प्रज़ेंटेशन में एक ही ट्रांज़िशन का इस्तेमाल करें। और अपनी सारी स्लाइड पूरी करने तक ट्रांज़िशन की चिंता न करें; क्योंकि एक बार में आप सारी स्लाइड पर ट्रांज़िशन लागू कर सकते हैं।