चाहे आप एक ट्यूटोरियल बना रहे हों या ऑनलाइन रसीद सेव कर रहे हों, एक स्क्रीनशॉट हमेशा आपके काम आता है। आपके Mac में इसके लिए लंबे समय से उपयोगी टूल्स मौजूद रहे हैं, लेकिन macOS ने उन्हें और शक्तिशाली बनाया है। इन फ़ीचर्स और इनसे भी ज़्यादा काम के कुछ ऐप्स का फ़ायदा उठाने के तरीक़ों के बारे में जानें।
सब कैप्चर करें
अपने Mac की पूरी स्क्रीन का स्क्रीनशॉट लेने और इसे डेस्कटॉप पर सेव करने के लिए Shift-Command-3 दबाएँ। अगर आपके पास कई डिस्प्ले हैं, तो आपको हर एक डिस्प्ले की एक अलग फ़ोटो मिलेगी।
कोई भी स्क्रीनशॉट लेने के बाद, अपनी स्क्रीन के सबसे नीचे दाएँ कोने में दिखने वाले थंबनेल पर क्लिक करके फ़ोटो को देखें और एडिट करें : आप फ़ोटो को क्रॉप करने, घुमाने और टेक्स्ट व ऐरो से एनोटेट करने के साथ-साथ अपने सिग्नेचर भी जोड़ सकते हैं। (क्या आपको रिज़ल्ट अच्छा नहीं लगा? फ़ोटो को तुरंत डिलीट करने के लिए, ट्रैश-कैन के आइकॉन पर क्लिक करें।)

इमेज में फेरबदल करने के बाद शेयर बटन या सेव करने के लिए “पूर्ण” (Done) पर क्लिक करें। आप “रद्दी” (trash) आइकॉन पर भी क्लिक कर सकते हैं, अब आपको स्क्रीनशॉट को डिलीट करने के लिए इसे डेस्कटॉप में ढूँढना नहीं पड़ेगा।
चुनकर कैप्चर करें
अपनी स्क्रीन के बस किसी हिस्से को कैप्चर करने के लिए Shift-Command-4 दबाएँ और फिर क्रॉसहेयर को ड्रैग करें। काम का सुझाव : अपने चुने हुए हिस्से को एक से दूसरी जगह ले जाते हुए उसके आकार को फ़्रीज़ करने के लिए स्पेस बार दबाए रखें या Shift दबाकर चुने गए हिस्से को एक ऐक्सिस—लंबवत या क्षैतिज—पर लॉक रखते हुए, दूसरे को एडजस्ट करें।।
किसी विंडो, मेन्यू या डायलॉग पर फ़ोकस करें
खुली हुई विंडो या मेन्यू को झटपट कैप्चर करना चाहते हैं? पहले Shift-Command-4, फिर स्पेस बार दबाएँ। क्रॉसहेयर, एक कैमरा आइकॉन में बदल जाएगा जिससे आप उस आइटम को चुन सकते हैं जिसे आप कैप्चर करना चाहते हैं। विंडो या मेन्यू का पूरी तरह से दिखना ज़रूरी नहीं है, macOS इसके सामने की हर चीज़ को अनदेखा कर देता है।
सुझाव : किसी डायलॉग को कैप्चर करने के लिए उसे सिलेक्ट करते समय Command को दबाकर रखें जिससे यह डायलॉग अपने पीछे की विंडो से अलग हो जाए।

स्क्रीनशॉट को झटपट कॉपी करें
अगर आपको अपने स्क्रीनशॉट को डॉक्यूमेंट या ईमेल में पेस्ट करना है, तो ऊपर के कॉम्बिनेशंस में Control बटन जोड़ें (जैसे, Shift-Command-3 की जगह Control-Shift-Command-3)। इससे स्क्रीनशॉट डेस्कटॉप में सेव होने की जगह क्लिपबोर्ड में कॉपी हो जाता है।
फ़िल्में, टाइमर्स और साथ ही बहुत कुछ
आपको इतने सारे शॉर्टकट याद करने में परेशानी हो रही है? बस Shift-Command-5 को याद रखें। इससे macOS स्क्रीनशॉट पैनल सामने आता है, जिसमें पूरी स्क्रीन, किसी विंडो या स्क्रीन के चुने गए हिस्से को कैप्चर करने के लिए बटन मौजूद होते हैं। इस पैनल से आप अपनी पूरी स्क्रीन या उसके किसी हिस्से का स्क्रीनकास्ट वीडियो ले सकते हैं और विलंबित (delayed) स्क्रीनशॉट भी ले सकते हैं, जो तब मददगार होता है जब कीबोर्ड शॉर्टकट दबाने से उस एक्शन में बाधा पहुँचती है, जिसे आप कैप्चर करना चाहते हैं (जैसे, पॉप-अप मेन्यू जो कोई कुंजी दबाने पर ग़ायब हो जाता है)। आपको ये फ़ीचर्स “विकल्प” पर क्लिक करने पर दिखेंगे। आप “विकल्प” मेन्यू से स्क्रीनशॉट सेव करने की लोकेशन बदलने, प्रीव्यू/एडिट थंबनेल को डिसेबल करने जैसे कई काम कर सकते हैं।

और विकल्प चाहिए? ये ऐप्स आपके Mac के बिल्ट-इन स्क्रीनशॉट फ़ीचर्स के अलावा और फ़ीचर्स भी हैं।
उस अस्त-व्यस्त डेस्कटॉप को छिपाएँ
DeskMat के साथ आपको अपना डेस्कटॉप साफ़-सुथरा रखने की फ़िक्र करने की ज़रूरत नहीं होती (यक़ीन करें!)। बस इसके हमेशा दिखाई देने वाले फ़्लोटिंग बटन पर क्लिक करें या कोई कीबोर्ड शॉर्टकट दबाएँ और DeskMat आपके डेस्कटॉप को आपकी मौजूदा डेस्कटॉप इमेज या आपकी चुनी हुई किसी दूसरी इमेज से कवर कर देगा। आप DeskMat को किसी ख़ास ऐप, जैसे कि आपके स्क्रीन रिकॉर्डिंग या प्रेज़ेंटेशन ऐप के चलने के दौरान, अपने डेस्कटॉप को छिपाने के लिए भी कॉन्फ़िगर कर सकते हैं।

ख़ास विंडोज़ छिपाएँ
Desktop Curtain की मदद से आप स्क्रीनशॉट लेते समय आसानी से कुछ ख़ास ऐप्लिकेशन्स या किसी ऐप की कुछ ख़ास विंडोज़ भी छिपा सकते हैं। बस “परदा गिराने” के लिए कीबोर्ड शॉर्टकट को दबाकर जहाँ तक चाहें, छिपाएँ : डेस्कटॉप आइटम्स के पीछे, डेस्कटॉप आइटम्स के आगे, डेस्कटॉप विजेट्स के आगे या ऐक्टिव ऐप की विंडोज़ के पीछे। या फिर, आप कोई बैकग्राउंड चुन सकते हैं, जो किसी स्टैंडर्ड विंडो जैसे काम करेगा, ताकि आप उसे अन्य विंडोज़ की तुलना में बिल्कुल उसे अपने मनचाहे लेवल पर रख सकें।

लेयर्स वाले स्क्रीनशॉट लें
कमाल की यूटिलिटी ScreenToLayers में लेयर्ड स्क्रीनशॉट्स लेने की बेहद उपयोगी क्षमता है : इसकी मदद से विंडोज़, डायलॉग बॉक्सेज़, मेन्यू और अन्य आइटम्स को आपकी स्क्रीन पर अलग-अलग लेयर्स में सेव किया जा सकता है और आपके पसंदीदा फ़ोटो एडिटर में इनमें से हर एक की पोज़ीशन बदली जा सकती है, उसे नए क्रम में लगाया जा सकता है, एडिट किया जा सकता है और डिलीट किया जा सकता है। क्या आपके पास सभी फ़ीचर्स से युक्त फ़ोटो एडिटर अभी तक नहीं है? Acorn (नीचे दिखाया गया) आपकी इस ज़रूरत को पूरा करेगा, जिसमें इसका अपना लेयर्ड-स्क्रीनशॉट फ़ीचर है, इसलिए किसी अलग ऐप की ज़रूरत नहीं है।

महत्वपूर्ण विंडो को हाइलाइट करें
HazeOver टॉप विंडो को छोड़कर बाक़ी हिस्से को धुँधला करता है, ताकि आप काम पर फ़ोकस कर सकें। स्क्रीन को कैप्चर या रिकॉर्ड करते समय प्रोफ़ेशनल लुक के लिए इसका इस्तेमाल करें।

वीडियो का फ़्रेम कैप्चर करें
किसी वीडियो का कोई फ़्रेम कैप्चर करना चाहते हैं, वह भी फ़ुल रिज़ॉल्यूशन पर? इसके लिए SnapMotion में एक QuickTime-सपोर्ट वाला वीडियो या YouTube का URL खोलें, मनचाहे फ़्रेम पर जाएँ और Capture बटन क्लिक करें। आप कैप्चर करने से पहले वीडियो को रोटेट या फ़्लिप भी कर सकते हैं या कई फ़्रेम्स को बैच-कैप्चर कर सकते हैं।

स्क्रीन पर दिख रहे आइटम को कैप्चर करके रेफ़रंस करें
ScreenFloat आपके हाल ही में लिए गए स्क्रीनशॉट को स्क्रीन पर ही फ़्लोट करते हुए रखता है, पारदर्शिता के साथ या इसके बिना भी। जब आप किसी और ऐप में काम कर रहे हों और आपको स्क्रीनशॉट से कोई जानकारी चाहिए हो तब यह बहुत काम आता है। आप स्क्रीनशॉट्स को एडिट और एनोटेट भी कर सकते हैं; टेक्स्ट, बारकोड और चेहरों को डिटेक्ट और रिडैक्ट सकते हैं; और स्क्रीनशॉट्स को Shots Browser में सेव करके उन्हें आर्काइव में भेज सकते हैं और व्यवस्थित कर सकते हैं।

अपने स्क्रीनशॉट को डिवाइस में फ़्रेम करें
क्या आप किसी फ़ुल-स्क्रीन स्क्रीनशॉट को उस डिवाइस में दिखाना चाहते हैं, जिस पर उसे कैप्चर किया गया था? बस इमेज को ड्रैग करके Framous की विंडो में लाएँ। ऐप अपने आप सोर्स डिवाइस का पता लगाकर स्क्रीनशॉट को उस डिवाइस के फ़्रेम में रख देगा। Framous डिवाइस में मौजूद कई स्क्रीनशॉट्स को मिलाकर एक इकलौती और सही स्पेस वाली इमेज भी तैयार कर सकता है।
रीसाइज़ करें और दूसरे फ़ॉर्मैट में बदलें
macOS स्क्रीनशॉट को PNG फ़ॉर्मैट में और फ़ुल साइज़ में सेव करता है, लेकिन अपने प्रोजेक्ट के लिए आपको इसे किसी दूसरे फ़ॉर्मैट या साइज़ में भी इस्तेमाल करना पड़ सकता है। GraphicConverter से स्क्रीनशॉट को दर्जनों फ़ोटो फ़ॉर्मेट में से किसी एक में रीसाइज़, कंप्रेस और कन्वर्ट किया जा सकता है। साथ ही, इसके बैच-कन्वर्ज़न फ़ीचर्स की मदद से एक ही बदलाव को दर्जनों या सैकड़ों स्क्रीनशॉट में एक ही बार में लागू किया जा सकता है।

सिर्फ़ टेक्स्ट कैप्चर करें
TextSniper कॉपी नहीं किए जा सकने वाले टेक्स्ट को कॉपी करने का सबसे आसान तरीक़ा है, फिर चाहे वह किसी फ़ोटो, स्क्रीनशॉट, PDF, वीडियो, ऑनलाइन प्रज़ेंटेशन या ऐप्स में हो। बस Shift-Command-2 दबाएँ, फिर स्क्रीन की जिस जगह से आप टेक्स्ट को कॉपी करना चाहते हैं, उसे सिलेक्ट करें—टेक्स्ट आपके क्लिपबोर्ड पर ऐड हो जाएगा और उसे पेस्ट किया जा सकता है।
