वंशावली ऐप्स के बीच MacFamilyTree का बड़ा रोचक इतिहास रहा है।
यह ऐप 25 साल से भी पहले रिलीज़ किया गया था—जिस ज़माने में लोग अपने पुरखों के बारे में जानने के लिए डीएनए विश्लेषण करवाने नहीं, बल्कि अपने बुज़ुर्ग रिश्तेदारों से मिलने जाया करते थे। तब से ही, MacFamilyTree ने पारिवारिक इतिहास को काग़ज़ पर उतारने, उसे व्यवस्थित करने और देखने में पूरी दुनिया के वंशावली अन्वेषकों की मदद कर रहा है।

ऐसे 3D मॉडल्स जो आपको किसी अन्य ऐप या सर्विस में नहीं मिलेंगे। ये आपकी फ़ैमिली हिस्ट्री को ज़्यादा जीवंत बनाते हैं। इसकी शुरुआत Interactive Family Tree से होती है जिसके ज़रिए आपको अपने परिवार के कई अलग-अलग व्यू मिलते हैं और आप हर सदस्य से जुड़ी जानकारी को विस्तार से देख (और एडिट) कर सकते हैं।आप चाहें, तो Person View का इस्तेमाल करके इमिग्रेशन डॉक्युमेंट, जॉब हिस्ट्री, अवॉर्ड और अन्य जानकारी देख सकते हैं। आप FamilySearch के बड़े डेटाबेस से डेटा को सीधे इंपोर्ट भी कर सकते हैं।

Metal और Apple silicon के लिए ऑप्टिमाइज़ किए गए MacFamilyTree के स्मार्ट चार्ट और आकर्षक मैप तुरंत लोड हो जाते हैं। ऐप का Virtual Globe आपके हर एक पूर्वज के ज़मीनी और समुद्री सफ़र को मैप करके आपके परिवार के इतिहास को जीवंत रूप में दिखता है। साथ ही इसके सक्षम फ़िल्टर्स की मदद से आप कोई भी जानकारी आसानी से देख सकते हैं, जैसे कि भूरी आँखों वाले ऐसे सभी रिश्तेदार जो कभी बॉस्टन में रह चुके हैं, या स्पेन में जन्म लेने वाला ऐसा कोई व्यक्ति जिसके रिकॉर्ड में रिश्तेदारों का डेटा नहीं है।
ऐप को आपके परिवार को फट से और आसानी से आकार देने के लिए भी डिज़ाइन किया गया है। उदाहरण के लिए, जगहों की जानकारी जोड़ते हुए Place Templates आपको दस्तावेज़ों में एक ही क्षेत्र के कई लोगों के लिए जानकारी जोड़ने में मदद करते हैं। ऐप आपके द्वारा पहले इस्तेमाल किए गए स्थानों की जानकारी अपने आप भर देता है, और आप नक़्शा ऐप और Wikipedia के ज़रिए स्थानों की ढूँढ सकते हैं—आप ऐप में ही Wikipedia की तस्वीरें और आर्टिकल्स प्रीव्यू भी कर सकते हैं।

क्या आपको अपने परिवार के इतिहास से जुड़े डेटा और तारीख के अलावा विस्तृत जानकारी भी चाहिए? MacFamilyTree इन तथ्यों और आँकड़ों को एक जीती-जागती कहानी का रूप दे सकता है। (बस Reports पर जाएँ और Person Report पर क्लिक करें।) आपके पास बहुत सी पुरानी तस्वीरें हैं? ऐप की मदद से उन्हें झटपट स्कैन करें और बेहतर व रंगीन बनाएँ—ऑटोमैटिक फ़ेस डिटेक्शन की सुविधा Interactive Tree और अन्य व्यू में सब्जेक्ट के चेहरे को केंद्र में लेकर आती है।

क्या आपका परिवार मिल-जुलकर अपने पूर्वजों की जानकारी को दर्ज करता है? MacFamilyTree की मदद से कई लोग जानकारी को एडिट कर सकते हैं, फिर चाहे वे सात समंदर दूर बैठे हों या फिर मेज़ पर आमने-सामने बैठकर काम कर रहे हों। साथ ही, CloudTree फ़ंक्शन सुरक्षित तरीक़े से आपके डेटा को आपके Mac, iPad और iPhone पर सिंक करता है।
जब आप अपनी रिसर्च शेयर करने के लिए तैयार हों, तो सबकुछ PDF फ़ाइल में सेव करें, एक वेबसाइट बनाएँ, या इसकी एक ऑफ़िशियल किताब का रूप दें। आप अपने परिवार की सभी शाखाओं को अलग-अलग भी कर सकते हैं (हो सकता है कि आपके चचेरे भाई-बहनों को आपकी माँ की तरह से आपके पर-परनाना या दादा की जानकारी देखने में कोई दिलचस्पी न हो)। आपके परिवार को तोहफ़े में देने के लिए… आपके परिवार से बेहतर और क्या होगा?