हमारे मनपसंद गेम्स

रोल-प्लेइंग गेम का चमत्कारी अनुभव

Divinity II में किरदारों को कस्टमाइज़ करें, स्टोरीलाइन गढ़ें, और अपने ख़ुद के गेम्स बनाएँ।

Divine Order के Magisters आपकी ताक़त से डरते हैं, इसलिए आपकी जादुई शक्तियों को बाँधकर आपको तड़ीपार कर Fort Joy भेज देते हैं। जबकि समंदर में आपका जहाज़ Voidwoken दैत्यों के हमले का शिकार होकर डूब जाता है। आपके फेफड़े पानी से भर जाते हैं और आप समंदर की गहराइयों में नीचे उतरते जाते हैं, तभी आपको रोशनी की एक किरण दिखती है और एक शांत आवाज़ आपके कानों में पड़ती है। आपकी ज़िंदगी अभी ख़त्म नहीं हुई है। बल्कि यह तो बस शुरुआत है। क्योंकि आप Godwoken हैं, एक ऐसा जादूगर जिसे Seven Gods में से एक ने चुना है ताकि वह उठे और सत्ता हासिल करे।

यह तो बस Divinity: Original Sin 2 का पहला दृश्य है। इस गेम को बीते कुछ सालों में आए सबसे ज़्यादा रोमांचक रोल-प्लेइंग गेम्स में से एक माना जाता है। Rivellon की दुनिया को आप कैसे बचाते हैं, यह पूरी तरह आप पर निर्भर है और कई हिस्सों में फैली इसकी स्टोरीलाइन्स आपको बार-बार खेलने के लिए उत्साहित करती हैं ताकि आप इसमें छुपी कई कहानियों को एक्सप्लोर कर सकें। इसलिए अपने गेम्स को सेव करने से न हिचकें; ख़ासकर जब इस बात के आसार ज़्यादा हैं कि जीतने के लिए आप कुछ लड़ाइयाँ एक से ज़्यादा बार लड़ेंगे।

हालाँकि गेम खेलने में नायाब है, Divinity: Original Sin 2 अपनी लड़ाईयों को दायरे में रखते हुए बहुत ही मज़ेदार है।

बारी-आधारित युद्ध में भूभाग और वहाँ के माहौल का ध्यान रखा गया है। उदाहरण के लिए, अपने स्पेल-कास्टर या तीरंदाज़ को किसी ऊँची जगह पर भेजें ताकि वह ऊपर से दुश्मनों को नेस्तोनाबूत कर सके। या फिर अपने स्पेल-कास्टर से ऑयल ड्रम में धमाका करवाएँ ताकि दुश्मन जलकर ख़ाक हो जाए। अगर लड़ाई कुछ ज़्यादा ही मुश्किल लगने लगे तो आप हमेशा गेम का डिफ़िकल्टी लेवल अपने हिसाब से बदल सकते हैं। और एक बार जब सिंगल-प्लेयर वाला गेम पूरा हो जाए, तो मल्टिप्लेयर मोड में अपने दोस्तों के साथ पूरे सफ़र का दोबारा मज़ा लें।

Divinity II में ग्राफ़िक्स थ्री-क्वार्टर्स व्यू में रेंडर किए गए हैं, अगर आपने कोई क्लासिक RPG गेम खेला है तो इससे अवगत होंगे। आप जिस टोली की अगुआई करते हैं उसमें अधिकतम चार योद्धा होते हैं और सबके पास एक-एक अनोखा हुनर होता है। किरदार डिज़ाइन के विकल्प भी काफ़ी अच्छे हैं; हर किरदार के पास एक अनोखी मूल ताक़त होती है, लेकिन आप उन्हें बड़े विस्तार से कस्टमाइज़ कर सकते हैं, यहाँ तक कि जब वे आपकी टोली से जुड़ते हैं, तब आप उन्हें बता सकते हैं कि आपको उनसे किस तरह से रोमांचक होने की उम्मीद है।

गेम में किरदार को कस्टमाइज़ कर सकने वाला यह लचीलापन आपको सीमाओं से आज़ाद करता है, ताकि आप हर किरदार को अपने हिसाब से ढाल सकें।

यह गेम बहुत हद तक Dungeons & Dragons के क्लासिक पेन-और-पेपर वाले रोल-प्लेइंग गेम से प्रेरित है और इसे डेवलपर Larian Studios पूरी तरह से स्वीकार करता है। मुख्य स्टोरीलाइन के अलावा, इसमें एक Game Master मोड है जिसकी मदद से आप D&D की तरह ही दूसरे प्लेयर्स के साथ कस्टम गेम्स बना सकते हैं।

Larian Games ने Metal, Touch Bar सपोर्ट और MFi-संगत गेम कंट्रोलर्स सहित अन्य Apple टेक्नोलॉजी को अपनाकर एक कमाल का Mac गेम अनुभव तैयार किया है। इसके कारण Divinity II को Mac पर खेलने का मज़ा ही कुछ और होता है।

तो उठ खड़े हों और अपनी ताक़त पहचानें। आपका सफ़र आपको दुनिया के उस पार एक ऐसे सफ़र पर ले जाएगा जहाँ या तो आपका सामना चमत्कार से होगा या फिर सर्वनाश से।