अपना हुनर बढ़ाएँ

Civ VI में लोकेशन की अहमियत क्यों है

जानिए अपने साम्राज्य के लिए रियल एस्टेट की प्लानिंग।

कहते हैं कि जब बात प्रॉपर्टी की हो तो इसकी लोकेशन ही सबकुछ होती है। यही बात साम्राज्य खड़ा करने वाले स्ट्रैटेजी गेम Civilization VI पर भी लागू होती है।

आपका लक्ष्य है एक इकलौती छोटी-सी बस्ती से शुरू करना और अपनी रियासत को विस्तार देकर उसे फ़ौजी ताक़त, धर्म के प्रचार-प्रसार, आकर्षक संस्कृति या फिर अत्याधुनिक विज्ञान के ज़रिए दुनिया के सबसे ताक़तवर देश में बदलना। लेकिन आपकी सभ्यता का जन्म बड़ी होशियारी के साथ लगाए गए ऐक्रॉन के पौधों से होना चाहिए। अपने विकसित देश की स्थापना करने के लिए इन पाँचों बातों पर ध्यान दें।

1. शुरुआत छोटे स्तर से करें



Civ में यह आपकी शुरुआत है? तो फिर उसे Small या Tiny पर रखना सही रहेगा। इससे आपको बस मुट्ठीभर बस्तियों पर फ़ोकस करने में मदद तो मिलेगी ही, साथ ही शहरों के काम करने के तौर-तरीक़ों पर भी आपकी पकड़ मज़बूत होगी। बाद में आपके पास बड़े नक़्शों और शानदार मुक़ाबलों के लिए काफ़ी वक़्त होगा।

छोटे नक़्शे का मतलब है कि आप अपने पड़ोसियों के बेहद क़रीब होंगे, लेकिन इससे गेम की बुनियाद पर आपकी पकड़ बनाने में काफ़ी सहायता होगी।

2. जो मिल जाए उसमें ख़ुश रहें

Civilization VI में एक ऐसा सिस्टम है जो आपकी पहली बस्ती को उस इलाक़े में शुरू करने का मौक़ा देता है जो कुछ हद तक जीने लायक हो। अक्सर आपको पहली या दूसरी बार में ऐसी जगह मिल जाएगी जहाँ आप अपनी बस्ती बसाना शुरू कर सकते हैं।

अपने पहले शहर के लिए संसाधनों से घिरे और उपजाऊ ज़मीन वाली परफ़ेक्ट लोकेशन तलाशने का लालच होना लाज़िमी है। लेकिन जितना वक़्त आप इस तलाश में बिताएँगे, उतना ही आप अपने दुश्मनों से पीछे होते जाएँगे।आपके नागरिक अपना घर बनाने से पहले ख़ूँखार दुश्मनों के हत्थे चढ़ सकते हैं, ऐसा होना शर्मनाक़ होगा।

3. भविष्य पर नज़र रखें

भोजन और अन्य संसाधनों के पास शहर बनाने से विकास जल्दी हो सकता है : नदियों से शहरों में बड़ी जनसंख्या रह सकती है और हीरे, मार्बल जैसे संसाधनों से आपकी आर्थिक हालात बेहतर होगी।

पर जैसे-जैसे आपका शहर बढ़ेगा, आपकी दूसरी ज़रूरतें भी बढ़ेंगी, इसलिए अपनी शुरुआती टाइल से अलावा यह सोचें कि आपको आगे कहाँ जाना है। उदाहरण के रूप में, आस-पास स्थित पहाड़ धार्मिक स्थलों के लिए ठीक है जबकि वर्षा-वन बगल के कैम्पस डिस्ट्रिक्ट को बूस्ट करते हैं।

समुद्र तट पर शहर को रखने से आप जहाज़ का निर्माण करके समुद्र को एक्सप्लोर कर सकते हैं।

4. बड़ी तस्वीर देखें

कुछ समाज विशेष तरह के नक़्शों के लिए बेहतर होते हैं। अपने समाज और दुनिया को एक-दूसरे के मुताबिक़ रखना सफलता का राज़ है।

उदाहरण के लिए, अगर आपने पानी से घिरे नक्शे के साथ नार्वे जैसे समुद्री जीवन पर ध्यान देने वाला समाज चुना है तो अपने पहले शहर के ज़मीन से घिर जाने से आपकी विशेष शक्तियाँ बेअसर हो जाएँगी। पानी के किनारे की जगह खोजने के लिए कुछ टर्न ख़र्च करें।

5. समझदारी से चुनें

एक बार आपका पहला क़स्बा बस गया, उसके बाद आपको यह फ़ैसला करना होगा कि आप सबसे पहले वहाँ क्या चाहते हैं। क्या आप एक खोजी दल बनाएँगे जो पूरे इलाक़े का मुआइना करे, एक योद्धा बनाएँगे जो आपके शहर को सुरक्षित रखे या बिल्डर बनाएँगे जो खेती करे और पहाड़ों में खान बनाए? “सबसे पहले क्या बनाया जाए?” यह बहस उतनी ही पुरानी है, जितने पुराने Civilization फ़्रेंचाइज़ी के गेम्स।

ज़्यादातर मामलों में एक योद्धा या उससे भी बढ़िया एक स्लिंगर चुनना अच्छा होता है। ये मिलिट्री यूनिट स्काउट यानी खोजी दल जितनी तेज़ी तो नहीं दिखा सकते, लेकिन छोटी दूरियों की खोज-ख़बर के लिए उपयोगी हैं और तब और भी काम आते हैं जब आप एक बर्बर क़बीले के पास हों।

उसके बाद? उसके बाद क्या बनाना है, यह Civilization की दूसरी सबसे पुरानी बहस का मुद्दा है। गुड लक!