25 वर्षों के डेवलपमेंट के बाद, Mac पर लंबे समय से लोकप्रिय ऐप GraphicConverter अब तक ईजाद हुए क़रीबन 200 इमेज फ़ॉर्मैट में से सभी को खोल सकता है और 80 से ज़्यादा फ़ॉर्मैट में एक्स्पोर्ट कर सकता है। हालाँकि अपने बेहतरीन इमेज ब्राउज़र और तस्वीरों को एडिट, ऑप्टिमाइज़, स्कैन और सूचीबद्ध करने के बहुतायत टूल्स के साथ इसकी उपयोगिता केवल एक कन्वर्टर तक सीमित नहीं है, जैसा इसके नाम से लगता है।
हमें यह क्यों पसंद है : बैच प्रोसेसिंग के ज़रिए आप समय की भारी बचत कर सकते हैं। क्या आप किसी मीडिया कैम्पैन पर काम कर रहे हैं? तो एक ऐक्शन सेट-अप करके एक ही तस्वीर के कई संस्करण बनाएँ, जिसमें से हरेक के अलग आकार, फ़िल्टर्स और फ़ॉर्मैट्स हो सकते हैं, फिर उस ऐक्शन को फ़ोटोज़ के एक पूरे फ़ोल्डर पर लागू करें। GraphicConverter का नवीनतम संस्करण वेक्टर-आधारित आकृतियों, टिप्पणियों और कॉल-आउट्स को हैंडल कर सकता है और यह AI की मदद से यह अपने आप ऑब्जेक्ट्स को चुनकर उन्हें मास्क भी कर सकता है।

सुझाव : GraphicConverter के Metadata Juggler की मदद से आप EXIF और IPTC मेटाडेटा व्यवस्थित या साफ़ कर सकते हैं, वह भी तस्वीर की क्वालिटी बदले बिना। GPS डेटा को केवल एक क्लिक से हटाएँ, या फ़ाइलों के नाम, जैसे product-01-2023-07-16.JPG, के आधार पर तारीखें असाइन करें। आपके वर्कफ़्लो में निरंतरता बनाए रखने के लिए इस ऐप पर आप Metadata Juggler के मापदंड सहेजकर उन्हें बाद में भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

निर्माता से मिलें : डेवलपर Thorsten Lemke ने 1992 में GraphicConverter बनाया था ताकि वे अपने डिजिटल फ़ोटो कलेक्शन को Atari से Macintosh फ़ॉर्मैट में बदल सकें। एक वक़्त पर यह ऐप सभी Mac कंप्यूटर्स पर प्री-इंस्टॉल होकर आता था।