शुरू करें

अजेय साम्राज्य खड़ा करें

पाँच आसान चरणों में। Civilization VI के लिए क्रैश कोर्स।

साम्राज्य खड़ा करने वाले गेम Civilization VI में जीत के कई रास्ते हैं। आप चाहें तो अपनी फ़ौज की ताक़त से अपने दुश्मनों को गाजर-मूली की तरह रौंद सकते हैं या कुछ ऐसी कमाल की सांस्कृतिक गतिविधियाँ विकसित कर सकते हैं कि दूर-दूर से लोगों का जत्था उन्हें देखने के लिए आपके शहर का रुख़ करे। क्या पता आप एक ऐसी संस्कृति पा लें जो पूरी दुनिया में फैल जाए या फिर अंतरिक्ष की होड़ में शामिल होकर मंगल ग्रह पर पहुँचने वाली सबसे पहली सभ्यता बनें।

इन तमाम रास्तों में से कोई एक रास्ता चुनना और एक ऐसे लीडर के तौर पर खेलना जिसके अनोखे हुनर आपकी रणनीति से मेल खाते हों, आपको कामयाबी की राह पर ले जा सकते हैं। लेकिन जो इस गेम में नए हैं वे विकल्पों की भरमार से देख सकते हैं।

अगर आप भी इसी कैटेगरी में आते हैं तो डरिए मत। Civilization VI की शुरुआत में आपको सिर्फ़ छोटी-छोटी चीज़ों पर फ़ोकस करना होगा। एक बार जब आप अपनी बुनियाद खड़ी कर लेंगे, अपना शहर बसा लेंगे तब आपके पास गेम-जिताऊ रणनीतियों की गहराई में उतरने के लिए काफ़ी वक़्त होगा। यहाँ पाँच नुस्ख़े दिए गए हैं जिन पर अमल करके आप Civ VI की अपनी पहली जीत की ओर बढ़ सकते हैं।

सांस्कृतिक जीत की कामना रखते हैं? स्क्रीन के ऊपरी हिस्से पर मौजूद विकल्प के ज़रिए सिडनी ओपेरा हाउस बनाएँ। यह संगीतकारों को अपनी ओर आकर्षित करेगा और पर्यटन को बढ़ावा देगा।

गेम को हल्का रखें

Civilization VI में कुल आठ डिफ़िकल्टी सेटिंग्ज़ हैं जो Settler (बसने वाले) से लेकर Deity (ईश्वर) तक जाते हैं। स्टैंडर्ड गेम्स डिफ़ॉल्ट रूप से Prince (जो बीच का लेवल होगा) के साथ शुरू होता है—लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इसी लेवल से खेल शुरू करना आपके लिए सही है।

Play Now विकल्प पर जाकर फटाफट गेम शुरू करने के बजाय मेन मेनू में जाकर Create Game चुनें और वहाँ मौजूद मापदंडों के साथ थोड़ी छेड़-छाड़ करें। Warlord या Chieftain सेटिंग के साथ गेम शुरू करना इसके मेकैनिक्स को अच्छी तरह से समझने का बेहतरीन तरीक़ा है। यहाँ आप अपनी विरोधी सभ्यताओं को ख़ुद चुन सकते हैं—अगर आपने कुछ ख़ास शासकों के ख़िलाफ़ खड़ा होने का सपना देखा है तो इनके ज़रिए आप उसे पूरा कर सकते हैं।

फ़ौज खड़ी करें

अपने शहरों को बेहतर करने के कई तरीक़े हैं, अपनी अर्थव्यवस्था मज़बूत करें और अपने लोगों को ख़ुश रखें। मगर ऐसा न हो कि अपनी फ़ौजी टुकड़ियाँ विकसित करना छोड़ आप उनके घरों को सुख-सुविधा से संपन्न बनाने में लग जाएँ। ऐसी दुविधाएँ आपके सामने आती रहेंगी, जैसे एक शानदार मॉन्यूमेंट बनाने या पुराने उबाऊ तीरंदाज़ों को ट्रेन करने के बीच आपको चुनना होगा।

लेकिन Civilization VI में अपनी मिलिट्री के प्रति लापरवाही आपको हार की ओर धकेल सकती है—ख़ासकर गेम के शुरुआती दौर में जब ऐलान-ए-जंग पर जुर्माना या तो बेहद कम होता है या होता ही नहीं। मज़बूत डिफ़ेंस के अभाव में कोई भी आक्रामक, अवसरवादी दुश्मन-या यहाँ तक कि कोई जंगली क़बीला भी—गेम शुरू होते ही आपका सफ़ाया कर सकता है।

आक्रामक हैं, तो ध्यान दें : अपनी सभ्यता को बचाना भी उतना ही ज़रूरी है जितना उसे बढ़ाना।

अपने दुश्मनों को जानें

पहली कुछ बार में एक्सपेरिमेंट करने पर फ़ोकस करें और इस बात पर पूरा ध्यान दें कि आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (AI) से चलने वाले आपके दुश्मन कैसी प्रतिक्रिया देते हैं। क्या आप अपनी बस्ती अन्य सभ्यताओं के बेहद क़रीब बसा रहे हैं इसलिए आप पर फ़ौरन हमला हो रहा है? अपने साम्राज्य को विस्तार देने के लिए जासूसों को दूर-दराज भेजकर वैसे इलाक़ों का पता लगाएँ जो आबाद नहीं हैं (और जो संसाधनों से भरे हों)।

अपने दुश्मनों के दिमाग़ में घुस जाना, Civilization VI में महारत हासिल करने के लिए अहम है—और आख़िरकार ऐसा करना आपकी आदत बन जाएगी।

अपनी ताक़त के हिसाब से खेलें

एक बार जब आपने Civilization VI की बुनियादी चीज़ें समझ ली, तो अब वक़्त है आपके शुरुआती फ़ैसलों का। अलग-अलग शासकों के साथ खेलकर देखें कि आपकी रणनीतियों पर कौन-कौन से फ़िट बैठते हैं। France की Catherine de Medici हरफ़नमौला हैं और उनकी जासूसी क्षमताएँ—Civ VI का एक ऐसा गेम सिस्टम जो कभी-कभार दरकिनार कर दिया जाता है—उन्हें गेम में आगे चलकर बेहद ताक़तवर बना देती हैं, ख़ासकर अगर आप सांस्कृतिक जीत की होड़ में लगे हैं।

आप अपना वर्चस्व क़ायम करना चाहते हैं? Teddy Roosevelt के तौर पर हुक़ूमत चलाइए। शुरुआत में आपको रक्षात्मक होकर खेलना पड़ेगा, लेकिन आपकी सभ्यता के आधुनिक युग में पहुँचते ही, देखते जाइए। अमेरिका की फ़ौजों का कोई जवाब नहीं है।

इनाम पर अपनी नज़र रखें

सबसे बड़े महानगर बनाने, सबसे कमाल की टेक्नोलॉजी पर रीसर्च करने और सरहदों की रक्षा के लिए अच्छी-ख़ासी तादाद वाली फ़ौज रखने की लालसा होना लाज़िमी है। लेकिन जब आप हर क्षेत्र में धाक जमाने में लगे हैं, आपके AI दुश्मन अपने लक्ष्यों से भटके बिना आपकी तलाश में लगे होंगे।

अपना पैर जमा लेने के बाद, स्क्रीन के ऊपरी दाएँ कोने की ओर मौजूद गोल्ड मेडैलियन पर क्लिक करके Civilization VI में जीत से जुड़ी पाँच शर्तों (प्रभुत्व, विज्ञान, संस्कृति, धर्म और स्कोर) का अध्ययन करें। इससे वर्ल्ड रैंकिंग्स मेनू खुलेगा, जहाँ आप यह सीखेंगे कि जीतने के लिए क्या करना है और आख़िर इस जीत से आप—और आपके दुश्मन—कितनी दूर हैं।