फ़ीचर्ड ऐप

लंबे लेखन कार्यों का साथी

Scrivener 3 के साथ लंबे फ़ॉर्मैट वाले प्रोजेक्ट्स लिखें और व्यवस्थित करें।

Scrivener 3 को वर्ड प्रोसेसर और असली राइटिंग असिस्टेंट के बीच का माना जा सकता है। आपके भारी-भरकम रीसर्च नोट्स और ड्राफ़्ट्स (जो बेशक अपने अलग-अलग चरणों में होंगे) को बड़ी होशियारी से व्यवस्थित करने के अलावा, यह आपकी स्क्रिप्ट, डॉक्टरल थीसिस, उपन्यास या आत्म-कथा को उभारकर लाने में आपकी मदद के लिए डिज़ाइन किया गया है। यहाँ आप इसके काम करने के तरीक़ों से अवगत होंगे।

चलिए इसे टुकड़ों में बाँटते हैं
आम वर्ड प्रोसेसर्स से अलग, Scrivener ख़ास तौर पर लंबे फ़ॉर्मैट वाले लेखन के लिए बना है। अगर आप कोई बड़ा उपन्यास लिख रहे हैं, तो उसे कई सेक्शंस में बाँटकर यह आपको उसके किसी भी हिस्से में जाकर वहाँ से कहानी को आगे बढ़ाने देता है। जब आप अपने प्रोजेक्ट को एक क्रम में पूरा देखना चाहें, तो Scrivener 3 बड़ी आसानी से सारे हिस्सों को मिलाकर उसे एक साफ़-सुथरे डॉक्यूमेंट में बदल देता है।

इसमें मौजूद कई पट्टियों की मदद से आप एक नज़र में Scrivener के ज़बर्दस्त राइटिंग टूल्स देख पाएँगे।

सबसे कारगर टूल
स्क्रीन के बाईं ओर मौजूद बाइंडर, Scrivener का बेहद सक्षम व्यवस्थित करने वाला टूल है। यही वह जगह है जहाँ आप एक या उससे ज़्यादा दस्तावेज़ों वाले सेक्शन्स बनाकर अपने लेखन के लिए स्ट्रक्चर या प्लॉट तैयार कर सकते हैं। भारी-भरकम तादाद में मौजूद अपनी सोर्स सामग्रियों (फ़ोटो, वीडियो, वॉइस रिकॉर्डिंग्स, PDF इत्यादि) को एक साथ रखने के लिए उन्हें ड्रैग करके सीधा बाइंडर के रीसर्च फ़ोल्डर में ले आएँ।

शब्दों के साथ खेलें
जब रीसर्च और प्रोजेक्ट से जुड़ी बड़ी तस्वीर सोचने का आपका काम पूरा हो जाए तो एडिटर और इंस्पेक्टर में लिखने का काम शुरू करें। एडिटर ऐसी जगह है जहाँ आप अपने लेखन का मूल हिस्सा टाइप करेंगे (यहाँ भी आपके पास स्टैंडर्ड और स्क्रिप्टराइटिंग फ़ॉर्मैट्स के बीच स्विच करने का विकल्प है)। इंस्पेक्टर ऐसी जगह है जहाँ आपके सारे इनलाइन कॉमेंट्स और फ़ुटनोट्स लिखे जाएँगे। जब ज़रूरत पूरी कॉपी पर फ़ोकस करने की हो तो View > Enter Composition Mode पर जाएँ, यह बाइंडर और इंस्पेक्टर को छुपा देगा और एडिटर पूरी स्क्रीन पर आ जाएगा, ताकि कोई और चीज़ आपका ध्यान न भटका पाए।