जब आप बड़े हो रहे होते हो, वक़्त अलग रफ़्तार से चलता है। गर्मियों के मौसम में दिन पहाड़ की तरह बीतते हैं और फिर भी पूरा बचपन ऐसे गुज़र जाता है जैसे बस कुछ लम्हों में ख़त्म हो गया हो। The Gardens Between एक बेहतरीन पहेली गेम है जिसमें आप समय के इस खट्टे-मीठे सफ़र का हिस्सा बनेंगे और यह सब सिर्फ़ गेम का थीम होने तक सीमित नहीं है। इस गेम में दरअसल समय ही आपके वश में होता है।
The Gardens Between दो जिगरी दोस्त Arina और Frendt के साथ शुरू होता है। अगले दिन Frendt की फ़ैमिली शहर छोड़कर जा रही है और बिछड़ने से पहले दोनों रात को अपने ट्री फ़ोर्ट में एक-दूसरे के साथ हैं। तभी बाहर एक भयंकर तूफ़ान चलने लगता है और जब पास में बिजली कड़कती है, तो दोनों एक अजूबी दुनिया में पहुँच जाते हैं। यहाँ उन्हें साथ बिताए अपने यादगार पलों को फिर से जीते हुए कई गुत्थियाँ सुलझानी होंगी।

कहानी के हीरो अपने हिसाब से ही आगे बढ़ेंगे। आपका काम बस समय को आगे या पीछे धकेलना है। उदाहरण के लिए, एक के ऊपर एक सलीक़े से रखे गए लकड़ी से बने ब्लॉक्स जो बिखर गए हैं, उन्हें आप वक़्त को पीछे धकेलकर बिखरने से रोकेंगे। एक जगह Arina बोर्ड में फँसी एक विशालकाय आरी पर कूदती है जो एक बोर्ड में फँस गई है। समय को आगे और पीछे ले जाकर आप तब तक बार-बार उसे उस आरी पर जम्प करवाते हैं जब तक कि लकड़ी को चीरते हुए वह आरी नीचे न गिर जाए और Frendt के लिए रास्ता न बना दे।
एक छोटे से वीरान पहाड़ पर खेले जाने वाले हर लेवल में Arina और Frendt की दोस्ती के यादगार लम्हों से जुड़ी बातें होती है। एक घुमावदार पहाड़ी रास्ते पर आप एक पुराना टेलिविज़न सेट और वीडियो गेम कंसोल देखेंगे जो तब की यादें ताज़ा करता है जब दोनों साथ में क्लासिक गेम्स खेला करते थे। दूसरा रास्ता ब्लूप्रिंट्स और कंस्ट्रक्शन सामग्रियों से भरा है जो उनके ट्री फ़ोर्ट की यादें ताज़ा करता है।

वैसे ये पहेलियाँ आपकी होशियारी को परखेंगे और चुनौतीपूर्ण होंगे लेकिन गेम की असली अपील इसकी दिलचस्प कहानी में है। भरे हुए बॉक्स, चलती हुई गाड़ी सहित कई सटीक और ज़रूरी ब्यौरों से हर लेवल का बैकग्राउंड भरा नज़र आता है। मद्धम आवाज़ वाला सुकूनदेह साउंडट्रैक और ख़ूबसूरत ग्राफ़िक्स गेम को और निखार देते हैं।
The Gardens Between एक दुर्लभ पहेली गेम है जिसे खेलते हुए आप ख़ुद को इससे बेहद जुड़ा हुआ महसूस करेंगे—और मुमकिन है कि आपको अपने किसी पुराने दोस्त से मिलने का दिल करे।