डेवलपर से मिलें

जो सम्मान के हक़दार हैं

BBEdit के निर्माता Rich Siegel यूज़र्स को सबसे ऊपर रखते हैं।

BBEdit भले ही किसी भी प्लेटफ़ॉर्म पर सबसे ज़्यादा पसंद किए जाने वाले डेवलपर टूल में से एक हो, लेकिन इसके क्रिएटर Rich Siegel की ज़्यादा महत्वाकांक्षाएँ नहीं थीं। उन्होंने इस सॉफ़्टवेयर का पहला संस्करण साल 1989 में लिखना शुरू किया क्योंकि उन्हें एक ऐसे एडिटर की ज़रूरत थी जो 32 KB से “बड़ी” फ़ाइलों को सँभाल सके।

“Macintosh Pascal की कई बंदिशों में से एक यह थी कि सोर्स फ़ाइल 32 किलोबाइट से ज़्यादा की नहीं हो सकती,” वे बताते हैं।

BBEdit के कमर्शियल डेब्यू को क़रीब 25 साल हो चुके हैं और यह ऐप अपनी ज़बरदस्त क्षमताओं और रफ़्तार के चलते डेवलपर, वैज्ञानिक, वेब डिज़ाइनर और लेखकों के बीच समान रूप से लोकप्रिय है। (Siegel इन दिनों नियमित रूप से 12 GB की फ़ाइलें टेस्ट करते हैं।)

Siegel अब भी BBEdit के मुख्य आर्किटेक्ट और लीड इंजीनियर बने हुए हैं और उनके हाथ पर बना कैफ़ीन मोलिक्यूल का टैटू उनके काम करने के अंदाज़ के बारे में बहुत कुछ कह देता है। हमने Boston स्थित उनके Bare Bones Software हेडक्वार्टर्स से उनसे बातचीत की, जहाँ Siegel के साथ-साथ अफ़्रीकी मूल के ग्रे रंग के तोते की एक जोड़ी भी रहती है।

BBEdit के शुरुआती दिन कैसे थे?
उस ज़माने में किसी Mac सॉफ़्टवेयर को दुनिया के सामने लाने के लिए उसे Info-Mac Archive पर सबमिट करना पड़ता था। यह एक FTP रिपॉज़िटरी थी जिसे Stanford होस्ट करता था। तो मैंने वही किया और फिर बड़ी तेज़ी से इसे लेकर ऑनलाइन बातें होनी शुरू हो गईं।

मैंने तब कहा था कि अगर किसी को डिस्क पर इसकी कॉपी चाहिए तो वे एक फ़्लॉपी और अपना पता लिखा एक लिफ़ाफ़ा मेरे घर पर मेल कर सकते हैं। मेरे पास फ़्लॉपी डिस्क की भरमार लग गई थी।

सॉफ़्टवेयर स्टैंडर्ड के हिसाब से देखें तो BBEdit हमारे बीच काफ़ी समय से है। आपके मुताबिक़ यूज़र बेस कैसे बदला?
हमारा यूज़र बेस Mac के सॉफ़्टवेयर डेवलपर्स, वैज्ञानिक, सिस्टम ऐडमिनिस्ट्रेटर्स और दूसरे टेक्निकल यूज़र्स से शुरू हुआ। पहला बड़ा बदलाव था, HTML ऑथर और वेब बैकएंड डेवलपर के बीच इसकी लोकप्रियता का बढ़ना। जैसे-जैसे बात फैली, हम लोगों को यह समझाने में कारगर हुए कि इंटरनेट टेक्स्ट से बना है—और टेक्स्ट को डेटा की तरह या एक डॉक्यूमेंट की तरह लिया जा सकता है। तो इसके बाद जो नए लोग आए, उनमें इंटरनेट आर्किटेक्ट, साइफ़र एनालिस्ट और वैज्ञानिक तक अलग-अलग क्षेत्रों के लोग शामिल थे।

फिर इसके बाद ज़्यादातर वैसे लोग आए जो लेखक या दूसरे तरह के कॉन्टेंट क्रिएटर थे—वैसे लोग जिनके लिए टेक्स्ट डेटा नहीं बल्कि शब्द थे, और जो अपने और अपने शब्दों के बीच कम से कम तामझाम चाहते हों।

हालाँकि इन तमाम बदलावों के बीच हमारे विविध ग्राहकों में जो एक बात आम है, वह है : ये वैसे लोग हैं जो बस अपने काम को अंजाम तक पहुँचाने की चाहत रखते हैं। वे अपने सॉफ़्टवेयर टूल्स में मौजूद किसी तामझाम या चमक-धमक से भटकते नहीं।

कुछ ऐसे प्रोजेक्ट के बारे में बताएँ जो लोगों ने BBEdit की मदद से बनाए और जिन्हें देखकर आप दंग रह गए?
ऐसा बहुत कुछ हुआ है! हमारे ग्राहकों ने BBEdit का इस्तेमाल उपन्यास लिखने में किया है, थीसिस लिखने में किया है, यहाँ तक कि बड़े-बड़े लेखों के लिए इसका इस्तेमाल हुआ है। एक ग्राहक ने BBEdit का इस्तेमाल F-16 फ़ाइटर जेट वाले आकार के UAVs [मानवरहित हवाई यान] उड़ाने के लिए वर्कफ़्लो तैयार करने में किया; फ़्लाइट कंट्रोल सिस्टम अपना डेटा रियल टाइम में BBEdit पर भेजता है, जहाँ इंजीनियर उस डेटा की जाँच करते हैं, उसे बदलते हैं, और महज़ कुछ सेकंड के भीतर वापस एयरक्राफ़्ट पर भेज देते हैं। और यहाँ तक कि Human Genome Project में BBEdit का इस्तेमाल DNA के लंबे सीक्वेंस का विश्लेषण करने में किया जाता है।

साल 1994 में “Power Macintosh के लिए” BBEdit का संस्करण 3.0 लाया गया।

इतने सालों के दरमियान यह सॉफ़्टवेयर किस तरह विकसित हुआ है?
BBEdit एक के बाद एक कई बड़े बदलावों से गुज़रा है। पहले PowerPC के लिए पोर्ट हुआ करता था। हमने एक OpenDoc कॉम्पोनेंट और इंटर्नल आर्किटेक्चर से जुड़ी कुछ चीज़ें विकसित की जो आज भी प्रचलन में है।

फिर इसके इंटर्नल आर्किटेक्चर को तक़रीबन पूरी तरह से नए सिरे से लिखा गया, इसके बाद Mac OS X के लिए पोर्ट बनाया गया—BBEdit नए OS पर चलाया जाने वाला पहला थर्ड-पार्टी ऐप्लिकेशन था—और फिर हमने Intel के लिए पोर्ट विकसित किया। पिछले साल हमने BBEdit को फिर से लिखने का काम पूरा किया, इस बार यह एक AppKit ऐप्लिकेशन के तौर पर लिखा गया है।

PowerPC और OpenDoc के बीच एक और डेवलपमेंट हुआ : वर्ल्ड वाइड वेब (WWW) का उभर कर आना। BBEdit में उस वक़्त एक प्लग-इन मॉडल था, और हमारे दो ग्राहकों ने—एक ब्रिटेन में और एक स्पेन में— ने स्वतंत्र रूप से HTML मार्कअप टूल्स लिख डाले। यह 1995 की बात है और हमें इस बात का पता भी नहीं था कि HTML क्या चीज़ है, लेकिन हम यह ज़रूर कह सकते थे कि उसे प्रसिद्धि मिल रही थी। तो हमने टुल्स को देखा-परखा, उनका एक सेट चुनकर उन्हें BBEdit से जोड़ा, और फिर बात जितनी आगे बढ़ी, उसकी अपेक्षा भी नहीं थी…

BBEdit सबसे ज़्यादा पसंद किए जाने वाले ऐप में से एक है। आपको क्या लगता है, ऐसा क्यों है?
हमने यूज़र को हमेशा सबसे ज़्यादा तवज्जो दी। सॉफ़्टवेयर के रंग-रूप और इसके फ़ंक्शन से जुड़े हमारे सभी आंतरिक फ़ैसलों का आधार यही सवाल होते थे, “ग्राहक की क्या ज़रूरत है?” और “उन्हें ज़्यादा प्रोडक्टिव बनाने में हम कैसे मदद कर सकते हैं?” (यह नहीं कि “उन्हें जो चाहिए, हम कैसे दे सकते हैं?” क्योंकि सही जवाब तक पहुँचने के लिए यह सवाल सही नहीं है।) Macintosh इस मक़सद के साथ लाया गया था कि कोई भी शख़्स बड़े काम कर सके। हम इसमें पूरी तरह भरोसा करते हैं।