Agenda नोट्स लेने के लिए तारीख़ के अनुसार काम करने का रवैया अपनाता है। एक बार जब आप इस अनोखे वर्कफ़्लो की आदत डाल लेंगे, तो अपने दैनिक कामों में आपका ज़्यादा कारगर हो पाना तय है। यहाँ दिए गए बेहतरीन तरीक़े अपनाकर आप Agenda में महारत हासिल कर सकते हैं!
Markdown के ज़रिए इसे मार्क करें
Agenda आपका ख़ास मार्कडाउन एडिटर नहीं है, लेकिन यह कुछ ऐसे काम के कमांड्स को सपोर्ट करता है जिनकी मदद से आप टाइपिंग के दौरान बिना कुछ क्लिक किए टेक्स्ट को फ़ॉर्मैट कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, किसी शब्द या वाक्य के दोनों छोर पर ऐस्टेरिस्क (*) लगाकर आप उसे *आआइटैलिक* बना सकते हैं। इसी तरह दोनों छोर पर दो-दो ऐस्टेरिस्क लगाने पर वह **बोल्ड** हो जाएगा। अगर आप आइटैलिक और बोल्ड ***दोनों*** करना चाहते हैं तो तीन ऐस्टेरिस्क लगाएँ।
एक और बड़े काम का कमांड है ब्रैकेट्स (< >) का इस्तेमाल, जिससे आप चेकबॉक्स बना सकते हैं। अगर आप एक चेकबॉक्स बनाकर उसे टिक भी करना चाहते हैं तो ब्रैकेट्स के बीच में एक ‘x’ डालना होगा। किसी लाइन या शब्द को काटा हुआ दिखाने के लिए उसके दोनों छोरों पर दो टिल्ड (~~) डालें।

काम आसान करने वाले टेम्पलेट
अपनी तारीख़ आधारित शैली के चलते Agenda मीटिंग्स और सेल्स पिच जैसे दोहराए जाने वाले नोट्स के लिए काफ़ी कारगर रहता है। लेकिन हर बार एक जैसे नोट्स सेट-अप करना बड़ा बोझिल काम है। यहाँ हम उन टेम्पलेट के बारे में बता रहे हैं जो आपका वक़्त बचाएँगे।
नीचे की तरफ़ बाईं ओर मौजूद प्लस (+) बटन को क्लिक करके और New Category चुनकर एक नई कैटेगरी बनाएँ। इसके लिए Templates एक अच्छा नाम होगा, लेकिन आप इसे अपनी पसंद का कोई भी नाम दे सकते हैं। इसके बाद उसी प्लस बटन को क्लिक करके और New Project का चयन करके एक नया प्रोजेक्ट सेट-अप करें।
फ़िलहाल के लिए आप एक सिंगल प्रोजेक्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं। प्रोजेक्ट में जाकर एक नया नोट बनाएँ। मीटिंग पर नोट बनाने के लिए Date, Attending, Topics, Notes और Action items बड़े काम के फ़ील्ड हैं।
अगली बार जब आपको एक ऐसा नोट बनाना हो जिसके लिए आपने पहले ही एक टेम्पलेट बनाकर रखा है, तो सीधा प्रोजेक्ट में जाएँ और टेम्पलेट कॉपी करने के लिए नोट को राइट क्लिक करके Copy करें (या Command-C दबाएँ)। जिस प्रोजेक्ट पर इसे अमल में लाना है, वहाँ मेनू बार में Edit पर जाकर पेस्ट पर क्लिक करके (या Command-V दबाकर) टेम्पलेट पेस्ट करें।

समुदाय से जुड़ें
Agenda लॉन्च करें। विंडो के ऊपरी दाएँ कोने में देखें। वहाँ आपको नन्हे-से पहाड़ दिख रहे होंगे। उन पर क्लिक करें। एक बिल्कुल नई दुनिया में आपका स्वागत है!
एक नन्हे-से बटन के पीछे Agenda यूज़र्स का एक पूरा समुदाय रहता है, जिससे आप जुड़ सकते हैं। यहाँ आप ऐप से जुड़ी बेस्ट प्रैक्टिसेज़, बाक़ी यूज़र्स द्वारा इसके इस्तेमाल के तरीक़ों के बारे में पढ़ सकते हैं और ऐप को अपनी ज़रूरतों के हिसाब से और कारगर बना पाने के ज़रिए तलाश सकते हैं। Agenda में इतना ज़्यादा लचीलापन है कि आप बाक़ी यूज़र्स को ऐसे अंदाज़ में काम करते हुए पाएँगे जिनके बारे में आपने अब तक सोचा भी नहीं था।

ऐप के डेवलपर्स से संपर्क करने और नए फ़ीचर्स के लिए उन्हें सुझाव देने का ठिकाना भी यही है। अगर आपको Agenda पसंद आता है लेकिन कुछ ऐसी चीज़ें हैं जो आपको लगता है कि यहाँ होनी चाहिए थीं, तो Feedback फ़ोरम में आप अपनी सलाह रख सकते हैं।