आपकी सौर-ऊर्जा से चलने वाली नाव तेज़ी से प्रदूषकों से भर रही है – और Spilled! में, यह एक अच्छी बात है। जैसे ही आप पिक्सेल-आर्ट जलमार्गों से गुज़रते हैं, आपका जहाज़ तेल के रिसावों को सोखता है और प्लास्टिक की बोतलों को रीसाइक्लिंग बार्ज की ओर इकट्ठा करता है, जिससे पानी गंदे भूरे रंग से साफ़, चमकीले नीले में बदलता है और जीवंत जलीय दुनिया सामने आती है।
यह एक शांत, ध्यानपूर्ण अनुभव है, लेकिन इसके भीतर एक गहरा संदेश भी है – जो Lente Cuenen के दिल के बेहद क़रीब है।
“इस शहर में भी पानी में बहुत सारा प्लास्टिक है,” गेम की 26 वर्षीय सोलो डेवलपर Cuenen कहती हैं। “और लोग अपने टैंक भरते समय सावधानी नहीं बरतते और तेल भी गिरा देते हैं। कभी-कभी बड़ा रिसाव दिखता है – आप उसकी गंध महसूस करते हैं, और आप बत्तखों को ठीक उसके बीच से गुज़रते हुए देखते हैं।”

यह ऐसा अनुभव है जिसे उन्होंने ख़ुद जिया है – नीदरलैंड्स में हाउसबोट पर रहते हुए।
वे कहती हैं, “यह सही नहीं लगता। इसे ऐसा नहीं होना चाहिए”।
नए आइडियाज़ की तलाश
तैरती प्लास्टिक की बोतलों को रीसायकल करना, तेल साफ़ करना और पेट्रोलियम के कीचड़ में फँसे जानवरों को बचाना तो बस शुरुआत है। Cuenen ने साइडक्वेस्ट भी जोड़े हैं – जैसे नाव की पानी की तोप से जंगल की आग बुझाना और किरदारों के लिए गुम हुई चीज़ों को ढूँढना।
वे मानती हैं, “इसे एक साधारण गेम होना था, लेकिन मुझे इस बात की चिंता थी कि यह ‘गेम’ जैसा महसूस होगा या नहीं”। “आप बस साफ़ करते हैं और आगे बढ़ते हैं। कोई समय सीमा नहीं है – आप इसे जैसे चाहें वैसे खेल सकते हैं।”
फिर भी, चुनौतियाँ आपका इंतज़ार करती हैं। एक अहम बॉस लड़ाई में आपका सामना उस तेल टैंकर से होता है जो उन चिपचिपे रिसावों का कारण है जिन्हें आप अब तक साफ़ करते आए हैं।

Cuenen कहती हैं, “शायद यह थोड़ा हल्का-फुल्का है – कभी-कभी गेम की गंभीरता से अलग”। “लेकिन इसका मज़ेदार होना ज़रूरी है। क्योंकि अगर यह मज़ेदार नहीं होगा, तो लोग इसे खेलेंगे नहीं, देखेंगे नहीं – और जागरूकता भी नहीं बढ़ेगी।”
राह तय करना
Cuenen ने अपना बचपन अपने परिवार के साथ नाव पर बिताया। उनका इलेक्ट्रिक जनरेटर सिर्फ़ ज़रूरत पड़ने पर ही चालू होता था (जैसे वॉशिंग मशीन चलाने के लिए)। पीने के पानी के टैंक नदी के दूसरी ओर स्थित बंदरगाह पर भरने पड़ते थे।
Cuenen कहती हैं, “न बिजली, न बहता हुआ पीने का पानी – कोई बड़ी बात नहीं थी”। “मुझे वह समय बहुत प्यारा लगता है, क्योंकि मैं और मेरा भाई ज़्यादातर समय बाहर खेलते थे। पूरी दुनिया ही हमारा आँगन थी।”

2022 में गेम डेवलपमेंट के लिए कॉलेज छोड़ने के बाद, Cuenen ने 33-फ़ुट की नहर परिवहन नाव को अपने तैरते घर में बदल दिया – जिसे Zusje V नाम दिया गया। वहीं उन्होंने Spilled! बनाना शुरू किया, ताकि खेल के ज़रिए वे अपने स्थिरता से जुड़े वास्तविक अनुभव शेयर कर सकें।
वे कहती हैं, “जब भी मुझे पानी में कचरा या लोगों का छोड़ा हुआ सामान दिखता है, मैं उसे उठाकर सही तरीक़े से डिस्पोज़ करने की कोशिश करती हूँ”।
उदाहरण के लिए, Zusje V के डीज़ल इंजन को सोलर पैनल से चलने वाले इलेक्ट्रिक मोटर से बदलने के अनुभव ने गेम के अपग्रेड सिस्टम को प्रेरित किया – जिससे आप अपनी नाव की गति बढ़ा सकते हैं और बड़े तेल-साफ़ करने वाले बूम जोड़ सकते हैं।
Cuenen कहती हैं, “मुझे चीज़ों को अपने हाथ में लेना पसंद है – कुछ नया बनाने या बदलने के लिए”।

एक अच्छे कप्तान की तरह, Cuenen के पास उन प्लेयर्स के लिए साफ़ दिशा है जो इस सफ़र पर निकलते हैं।
वे कहती हैं, “मैं यह उम्मीद नहीं करती कि लोग जाकर बड़े-बड़े बदलाव करें”। “मक़सद है ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुँचना और जागरूकता बढ़ाना – और शायद उन्हें सही दिशा में ले जाना।”