शानदार इंडी

Sea of Stars के साथ अतीत की ओर लौटें

एक समृद्ध, रेट्रो-प्रेरित RPG एक्स्प्लोर करें।

सबसे बढ़कर, Sea of Stars एक नोस्टाल्जिया से भरा गेम है। यह 90 के दशक के कुछ बेहतरीन JRPG को समर्पित है और इस शैली को उसी तरह पेश करता है जैसा इसे याद किया जाता है – शानदार ग्राफ़िक्स, कभी न ख़त्म होने वाले अड्वेंचर का एहसास और बिना उस भद्दे गेमप्ले के जिसे फ़ैन्स अक्सर नज़रअंदाज़ कर देते हैं। Sea of Stars एक ऐसे शानदार गेम की याद जैसा है जो कभी था ही नहीं –अब तक।

इस रहस्यमय दुनिया में ढेर सारे राज़ और ख़तरे छिपे हैं।

Sea of Stars दो योद्धाओं की कहानी है, जो एक प्राचीन ख़तरे को रोकने के मिशन पर निकले हैं। यह उस दौर और शैली के ज़्यादातर गेम्स जैसा सेटअप ज़रूर लगता है, लेकिन कहानी यहीं तक सीमित नहीं रहती। यह अप्रत्याशित मोड़ों से गुज़रती है – पहले चौंकाती है, फिर अपने साथ जोड़ लेती है – और किरदारों को बदलते हुए उनके व्यक्तित्व को गहराई देती है, पारंपरिक साँचों से अलग हटकर। यह सब बेहतरीन लेखन और हल्के-फुल्के हास्य की चमक के साथ सामने आता है।

रेट्रो आकर्षण, नए अंदाज़ में

जहाँ Sea of Stars सच में चमकता है – कभी-कभी शाब्दिक रूप से भी – वह है इसकी स्टाइल। इसके ग्राफ़िक्स रेट्रो शैली के पूरे आकर्षण को बनाए रखते हैं, बिना किसी तकनीकी सीमाओं के। त्रुटियों वाले ऐनिमेशन की जगह स्मूद, बेहद ख़ूबसूरत और डिटेल्ड विज़ुअल्स ने ले ली है, जो आपको अंत तक हर कोने को एक्स्प्लोर करने के लिए खींचते रहते हैं।

अनोखे और यादगार दृश्यों के इस सफ़र पर निकलें।

भले ही यह दुनिया पूरी तरह ओपन न हो, लेकिन इसकी बारीकियाँ इसे लगभग वैसा ही महसूस कराती हैं। ग्राफ़िक्स के लिहाज़ से, दिन के समय का बदलना सबसे ख़ास है, जो हर सीन को पूरी तरह बदल देता है। साफ़ नीले आसमान और धूप से चमकते समुद्र, शाम ढलते ही गहरे लाल और बैंगनी रंगों में बदल जाते हैं। और हाँ, इतना शानदार गेम बेहतरीन संगीत के बिना अधूरा होता – यहाँ आपको ज़ोरदार बॉस-फ़ाइट ट्रैक्स और सुकूनभरे टाउन थीम्स मिलेंगे।

लड़ाई करने के नए अंदाज़

गेम का कॉम्बैट जाना-पहचाना और सहज है – और अगर आप क्लासिक्स से वाक़िफ़ हैं, तो और भी बेहतर महसूस होगा। पहले की अटपटी चालें अब ज़्यादा स्मूद और विविध हो गई हैं। टाइम-बेस्ड ऐक्शन्स – जैसे सही समय पर बटन टैप करके बोनस इफ़ेक्ट ट्रिगर करना – इसे लगातार दिलचस्प बनाए रखते हैं, जबकि यह मूल रूप से टर्न-बेस्ड ही रहता है।

ऐसी लड़ाइयों में कूदें जो जानी-पहचानी भी लगती हैं और ताज़गी भरी भी।

जैसे-जैसे आप आगे बढ़ते हैं, आपकी पूरी पार्टी को ठीक करने वाली या शक्तिशाली कॉम्बो मूव्स को अनलॉक करने वाली क्षमताएँ धीरे-धीरे अनलॉक होती जाती हैं, जिससे लड़ाइयाँ हमेशा नई लगती हैं। इसके अलावा, कुल मिलाकर प्रगति को इस तरह से डिज़ाइन किया गया है कि आपको वास्तव में ग्राइंड करने की ज़रूरत नहीं पड़ती, जिससे लेवल अप के लिए बार-बार मॉन्स्टर्स को हराने जैसे नीरस कामों से छुटकारा मिलता है।