ये ऐप डेवलपर्स सात ऐसे व्यवसायों के पीछे की ताक़त हैं जिन्होंने रणनीति ही बदल दी। इन्होंने अपनी व्यक्तिगत रुचियों को शक्तिशाली AI टूल्स के साथ सफलतापूर्वक जोड़ा ताकि आपको अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के ज़रिए मिल सकें — जैसे नई भाषा सीखना, अपनी टू-डू लिस्ट को व्यवस्थित रखना, आसानी से सुंदर डिज़ाइन बनाना, और भी बहुत कुछ।
ऐसा हो सकता है कि कुछ ऐप्स या गेम्स आपके क्षेत्र में या सभी डिवाइस पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध न हों।
अपनी टू-डू लिस्ट पर नज़र रखने के लिए
App Store अवॉर्ड विजेता Tiimo आपके कामों और अपॉइंटमेंट्स को एक शानदार टाइमलाइन पर रंगों से कोड करता है, ताकि व्यस्त दिनों को भी आसानी से मैनेज किया जा सके। इसका दोस्ताना और मददगार AI चैटबॉट व्यस्त शेड्यूल को समझने और ज़रूरत होने पर किसी समस्या को सुलझाने में आपकी मदद करता है।

AI का फ़ायदा : Tiimo बनाने से पहले, सह-संस्थापक Melissa Würtz Azari और Helene Lassen Nørlem, IT University of Copenhagen में यह अध्ययन कर रही थीं कि तकनीक कैसे न्यूरोडायवर्जेंट किशोरों की मदद कर सकती है।
Azari कहती हैं, “न्यूरोडायवर्जेंस पर हमारी रिसर्च ने Tiimo के AI को-प्लानर को और विशेष रूप से उसके लहज़े व व्यवहार को आकार दिया है।रिसर्च से पता चलता है कि कई न्यूरोडायवर्जेंट लोग अस्वीकृति और नकारात्मक फ़ीडबैक के प्रति ज़्यादा संवेदनशील होते हैं, इसलिए हमारे लिए एक क्षमाशील, दोस्ताना और ऐसा लहज़ा देना ज़्यादा ज़रूरी था, जिसे सुनकर ऐसा न लगे कि वह उनके बारे में कोई राय क़ायम कर रहा है।
Azari बताती हैं, इस टोन को निखारने की शुरुआत “Tiimo की पर्सनैलिटी पर आधारित एक बड़ी फ़ाइल” से हुई—जो उनकी प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग के लिए एक सेंट्रल रिपॉज़िटरी है और उनके रिसर्च से मिली अहम इनसाइट्स पर आधारित है। उदाहरण के लिए, Tiimo कभी भी यूज़र्स की पिछली ग़लतियों या असफलताओं का ज़िक्र नहीं करता, भले ही उन्होंने पूरे दिन में एक भी टास्क पूरा न किया हो।
Azari कहती हैं, “जब कई यूज़र्स पहली बार ऐप इस्तेमाल करना शुरू करते हैं, तो वे ख़ुद से बहुत ज़्यादा उम्मीदें लगा लेते हैं। को-प्लानर को इसी पैटर्न को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया गया है, ताकि परफ़ेक्शनिज़्म को बढ़ावा देने के बजाय यूज़र्स को धीरे-धीरे ज़्यादा व्यावहारिक और हासिल किए जा सकने वाले प्लान्स की ओर गाइड किया जा सके।”
मिस न करें : सबटास्क फ़ीचर Apple Intelligence का इस्तेमाल करके जटिल टू-डू लिस्ट को छोटे-छोटे हिस्सों में बाँट देता है। Azari कहती हैं, “यह बस एक बटन है और इसका असर वाक़ई बड़ा होता है।”
ख़ूबसूरत डिज़ाइन बनाने के लिए
अपनी विशाल डिज़ाइन टेम्प्लेट लाइब्रेरी और इस्तेमाल में आसान टूल्स के लिए मशहूर Canva में आप सिर्फ़ यह बताकर कि आप क्या देखना चाहते हैं, अपनी फ़ोटो, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट को कस्टमाइज़ कर सकते हैं और इसके लिए डिजाइनिंग का अनुभव होना ज़रूरी नहीं है (नीचे दिया गया वीडियो देखें)।

AI का फ़ायदा : CEO और सह-संस्थापक Melanie Perkins कहती हैं, “हमारे लिए यह बेहद ज़रूरी है कि आप हमेशा प्रक्रिया में शामिल रहें और आपकी रचनात्मकता आपके नियंत्रण में रहे। Canva AI लेयर्ड डिज़ाइन बनाता है, यानी जो कुछ भी वह जनरेट करता है, उसे पूरी तरह से एडिट किया जा सकता है।
यह बात डिज़ाइन के हर एलीमेंट पर लागू होती है, चाहे वह टेक्स्ट ब्लॉक हो या बैकग्राउंड पैटर्न। वह कहती हैं, “आप बिल्कुल नए प्रॉम्प्ट के साथ नए सिरे से शुरुआत किए बिना अपने काम में बदलाव कर सकते हैं, उसे निखार सकते हैं और आगे बढ़ा सकते हैं।”
टीम के लिए कलात्मक नियंत्रण बनाए रखना सबसे अहम है। Perkins के शब्दों में, “ऐसा नहीं होना चाहिए कि आपको सब कुछ किसी ऑटोमेटेड चैटबॉट को सौंपने और ख़ुद घंटों बैठकर छोटे-मोटे मैन्युअल बदलाव करने के बीच चुनाव करना पड़े।इसी सोच ने Canva AI को बनाने में हमारा मार्गदर्शन किया है।”
मिस न करें : डिज़ाइन करते समय सलाह चाहिए? जिस प्रोजेक्ट पर आप काम कर रहे हैं, उसके कमेंट में @Canva को टैग करें और सलाह माँगें।
नई भाषा सीखने के लिए
1965 से, EF Education First अपने एक्सचेंज प्रोग्राम और भाषा पाठ्यक्रम के ज़रिए दुनिया भर के छात्रों को प्रशिक्षित करता आ रहा है। EF Hello ऐप के साथ, उसने अब तक का अपना सबसे व्यापक भाषा प्रशिक्षक तैयार किया है – Addi नाम की एक पोल्का-डॉट वाली, AI-पावर्ड लेडीबग, जो आपकी प्रगति और उच्चारण पर रियल-टाइम में फ़ीडबैक देती है।

AI का फ़ायदा : EF Hello की प्रोडक्ट और जनरेटिव AI हेड Cecilia Roos बताती हैं, Addi की सूपरपावर्स का श्रेय डेवलपमेंट टीम द्वारा व्यापक तौर पर की गई टैगिंग को जाता है। Roos बताती हैं, “हर कॉन्टेंट को व्याकरण की अवधारणा, शब्दावली, विषय और प्रवीणता स्तर के अनुसार लेबल किया जाता है। इससे सब कुछ मशीन द्वारा पढ़े जाने योग्य बन जाता है, यानी Addi रियल-टाइम में सुधार कर सकती है।” वह आगे कहती हैं, “जब आप कोई ग़लती करते हैं, तो वह आपकी अपनी भाषा में बिल्कुल साफ़-साफ़ समझाती है कि वह ग़लत क्यों है।”
उच्चारण की ग्रेडिंग अलग-अलग उम्र और अलग-अलग लहज़ों वाले वक्ताओं के डेटा के आधार पर प्रशिक्षित की गई है, जिससे Addi हर यूज़र को फ़ीडबैक दे पाती है, फिर चाहे वे अपनी भाषा के सफ़र की शुरुआत कहीं से भी कर रहे हों। Roos कहती हैं, “हमने Addi के लिए एक सशक्त मेमोरी सिस्टम भी बनाया है। उसे पता होता है कि आपको कहाँ परेशानी हुई है और आप इस समय किस पर काम कर रहे हैं।”
मिस न करें : यह ऐप AI रोलप्ले के लिए दो मोड ऑफ़र करता है। Voice Call तेज़, दो-तरफ़ा बातचीत का अनुभव देता है, जबकि Voice Message हर बातचीत के बीच आपको ठीक से विचार करके बोलने का अवसर देता है। Roos कहती हैं, “ये दोनों तरीक़े यूज़र्स को सिम्युलेटेड व वास्तविक-जीवन जैसी स्थितियों—जैसे रेस्तराँ में ऑर्डर देना, सैलरी पर बातचीत करना या प्लंबिंग से जुड़ी कोई इमरजेंसी सँभालना वगैरह असली बातचीत का अभ्यास करने की सुविधा देते हैं।”
परफ़ेक्ट आउटफ़िट तैयार करने के लिए
फ़ैशन ऐप Daydream नेचुरल लैंग्वेज और इमेज रेकग्निशन का इस्तेमाल करके ख़रीदारी के अनुभव को काफ़ी सरल बना देता है। बस चैट में अपनी ज़रूरत लिखें—“ब्लैक-टाई के लिए सही, हरे या गहरे लाल रंग की स्ट्रक्चर्ड वेलवेट ड्रेस”—और Daydream 10,000 से ज़्यादा ब्रांड्स को खंगालकर आपके लिए सही विकल्प ढूँढ लाएगा। आपकी पसंद समझने के बाद, यह आपके हिसाब से पर्सनलाइज़ किए गए नतीजे दिखाएगा।

AI का फ़ायदा : संस्थापक और CEO Julie Bornstein कहती हैं, “लोग अपनी शॉपिंग की ज़रूरतों और स्टाइल के बारे में सहज रूप से जो बताते हैं, Daydream का AI उसे समझकर उन्हें ऐसे प्रोडक्ट्स दिखाता है, जो उनकी ज़रूरत और अच्छा के अनुरूप हों।
Bornstein आगे बताती हैं, “जब कोई ख़रीददार बताता है कि वह क्या ढूँढ रहा है, तो हमारा AI सबसे पहले उसकी भाषा को समझने पर ध्यान देता है और रंग, आकृति, मूड, अवसर व संदर्भ जैसी बारीकियों को कैप्चर करता है। इसके बाद उस मंशा की व्याख्या विशेष फ़ैशन मॉडल्स का एक सेट करता है, जिनमें से हर मॉडल फ़ैशन के अलग-अलग आयाम – जैसे सामाजिक मानदंड, अवसर और सीज़ – को समझने के लिए प्रशिक्षित होता है।”
मिस न करें : More Like This बटन से अपनी खोज को और सटीक बनाएँ। यहाँ फ़िल्टर नहीं, बल्कि नेचुलर लैंग्वेज डिस्क्रिप्टर्स हैं—जैसे “more affordable” या “in red.” Bornstein कहती हैं, “यह सचमुच एक बड़ा बदलाव लाने वाला साबित हुआ है। यह विकल्पों को तेज़ी से सीमित करता है और ‘लगभग सही’ को ‘एकदम वही’ में बदल देता है।”
अपनी अगली पसंदीदा किताब खोजने के लिए
StoryGraph आपको ऐसी किताबें खोजने में मदद करता है जो आपके (बेहद ख़ास) पढ़ने के मिज़ाज से मेल खाती हैं—और यह आपको ऐप के किताब-प्रेमी समुदाय के साथ पढ़ने का अनुभव भी देता है।

AI का फ़ायदा : लाइब्रेरियन्स के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया StoryGraph का AI एक बिल्कुल स्पष्ट लक्ष्य के साथ आपकी पसंद को ध्यान में रखते हुए किताबों के विवरण जनरेट करता है और यह लक्ष्य है : विवरण आपकी अनूठी रुचियों के अनुसार हो और किसी भी क़ीमत पर आपको ऐसे स्पॉइलर न मिलें जिससे आपका पढ़ने का मज़ा ख़राब हो। ख़ुद को “स्पॉइलर के प्रति संवेदनशील और पढ़ने की शौक़ीन” मानने वाली इसकी संस्थापक Nadia Odunayo के शब्दों में, “यह असल दुनिया की समस्याओं पर आधारित है।”
Odunayo और StoryGraph के चीफ़ AI ऑफ़िसर Rob Frelow ने सिस्टम डिज़ाइन करते समय गोपनीयता और पर्यावरण संबंधी चिंताओं को भी प्राथमिकता दी। Odunayo कहती हैं, “सारी प्रोसेसिंग स्थानीय रूप से होती है और यूज़र डेटा कभी StoryGraph सर्वर से बाहर नहीं जाता। यह एक सिंगल सर्वर है, जो एक सामान्य गेमिंग PC जितनी ही ऊर्जा इस्तेमाल करता है।”
मिस न करें : आप ऐप की प्राथमिकता में जाकर पर्सनलाइज़ किए गए और स्पॉइलर-फ़्री बुक प्रीव्यू फ़ीचर को चालू कर सकते हैं।
अपने अनुभवों में ट्रेंड्स देखने के लिए
जर्नलिंग ऐप Storia में AI का इस्तेमाल होता है और इसकी मदद से ऐप आपके रोज़मर्रा के विचारों और चिंतन के आधार पर एक व्यापक नज़रिया पेश करता है। आप जितनी ज़्यादा जर्नलिंग करते हैं – चाहे टाइप करके या बोलकर – Storia की इनसाइट्स उतनी ही पैनी होती जाती हैं।

AI का फ़ायदा : संस्थापक Elizabeth Uviebinené कहती हैं, “अंदरूनी तौर पर, हम एक लार्ज लैंग्वेज मॉडल को कस्टम प्रॉम्प्टिंग और एक स्कोरिंग लेयर के साथ जोड़ते हैं। जब कोई अपना चेक-इन पूरा करता है, तो मॉडल उसके लिखे या बोले गए शब्दों की व्याख्या करता है, भावनात्मक और विषयगत संकेत निकालता है और उन्हें स्वाभाविक, मानवीय भाषा में विचारों के रूप में पेश करता है।”
Storia आपके रिकॉर्ड किए गए ऑडियो के पीछे छिपी भावनाओं का भी विश्लेषण करता है। Uviebinené बताती हैं, “इससे AI एक डायग्नोस्टिक पार्टनर की तरह काम कर पाता है।”
वह आगे जोड़ती हैं, “सबसे बड़ा सरप्राइज़ यह रहा है कि AI ने जर्नलिंग शुरू करने और उसे जारी रखने में आने वाली रुकावट को कितना कम कर दिया है। क्योंकि यह किसी ऐसे व्यक्ति जैसा महसूस नहीं होता जिसके लिए परफ़ॉर्म करना पड़े, लोग ऐसी बातें भी ईमानदारी से दर्ज करते हैं जिन्हें वे दोस्तों या थेरेपी में भी खुलकर न कह पाएँ। यही ईमानदारी इनसाइट्स को और भी सटीक बनाती है।”
मिस न करें : Echo फ़ीचर, जो आपके पिछले विचारों को फिर से सामने लाता है। Uviebinené कहती हैं, “अगर आप तीन सप्ताह पहले करियर में किसी बदलाव को लेकर चिंतित थे, तो Echo आज उसी एंट्री को सामने ला सकता है, ताकि यह दिखा सके कि आप पहले ही कितना आगे बढ़ चुके हैं।”
शैक्षणिक पेपर आसानी से फ़ॉर्मैट करने के लिए
स्रोतों को व्यवस्थित करने और हर चीज़ को पूरी तरह से फ़ॉर्मैट करने जैसे समय लेने वाले शैक्षणिक काम को सँभालकर, राइटिंग ऐप Essayist छात्रों, विद्वानों और शोधकर्ताओं को वाक़ई बड़े विचारों पर ध्यान केंद्रित करने की आज़ादी देता है।

AI का फ़ायदा : Essayist की सह-संस्थापक Erin Guest कहती हैं, “हमारा मानना है कि शैक्षणिक लेखन में फ़ॉर्मैटिंग के बजाय कॉन्टेंट पर ध्यान होना चाहिए। हम शिक्षकों और छात्रों का समय बचाना चाहते थे।” इस ऐप में पॉडकास्ट, ई-बुक्स, प्रज़ेंटेशन और यहाँ तक कि डायरेक्ट मैसेज और ईमेल को भी पूरी शैक्षणिक सटीकता के साथ कैटलॉग किया जा सकता है। Apple Intelligence का इस्तेमाल करके Essayist स्रोत के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए ज़रूरी सभी मुख्य जानकारी अपने आप निकाल लेता है।
उदाहरण के लिए, किसी एंट्री में YouTube URL पेस्ट करें और Essayist अपने आप वीडियो का नाम, उसकी प्रकाशन तिथि और आपके द्वारा उसे ऐक्सेस किए जाने की तारीख़ भर देगा। किसी आर्टिकल को PDF के रूप में ड्रैग करें और Essayist उसका शीर्षक, लेखक और अन्य जानकारी भर देगा—साथ ही आसान एक्सेस के लिए PDF को स्टोर भी कर लेगा। आप ऐप में ही उन किताबों और जर्नल आर्टिकल्स को भी खोज सकते हैं जिनका आप हवाला दे रहे हैं।
Guest कहती हैं, “अगर आपने कभी किसी दूसरे वर्ड प्रोसेसर में फ़ुटनोट्स को फ़ॉर्मैट करने की कोशिश की है, तो यह किसी बुरे सपने से कम नहीं है।”
मिस न करें : क्या आपको अपने डॉक्युमेंट में पूरी तरह से फ़ॉर्मैट की गई विषय सूची, सारांश या परिशिष्ट (या तीनों) को जोड़ना है। तीन बिंदुओं पर टैप करें, फिर Manage Sections चुनें। यहाँ से किसी भी सेक्शन को फिर से व्यवस्थित करना आसान है।
ऐप्स और गेम्स के ज़रिए सकारात्मक बदलाव ला रही महिलाओं के बारे में और जानें।
ऐसा हो सकता है कि ऐप प्रतिबंधों के कारण कुछ टाइटल्स दिखाई न दें।
Apple Intelligence बीटा में उपलब्ध है। ऐसा हो सकता है कि कुछ फ़ीचर्स सभी क्षेत्रों या भाषाओं में उपलब्ध न हों।