नया गेम

Art of Flora में शांत पहेलियाँ सुलझाएँ।

पौधों की दुनिया एक्स्प्लोर करें और इस दौरान कुछ नया भी सीखें।

रंगों की उलझन को डेवलपर Klemens Strasser के सुकून भरे पहेली गेम Art of Flora में प्रकृति की एक ख़ूबसूरत तस्वीर में बदलें।

Art of Flora, जैसा कि इसके नाम से ही साफ़ है, पूरी तरह पौधों की दुनिया पर आधारित है। गेम के शुरुआती लेवल्स में, आप ओक और ग्रेपवाइन से लेकर फ़िजी फ़ैन पाम और बर्ड ऑफ़ पैराडाइज़ तक की तस्वीरों को फिर से जोड़ते हैं। Strasser बताते हैं कि यह उनके सबसे पसंदीदा पौधों में से एक है (और यही वजह है कि वही गेम का ऐप आइकन भी है)।

इस पहेली गेम के बारे में और जानने के लिए आगे पढ़ें और यह भी समझें कि डेवलपमेंट प्रोसेस को लेकर Strasser क्या कहते हैं और वे आगे किस पर काम कर रहे हैं।

ख़ूबसूरत पौधों की ख़ूबसूरत तस्वीरें

प्रकृति से प्रेरित शानदार पहेली गेम्स बनाना Strasser के लिए नया नहीं है। उनका पिछला गेम Art of Fauna 2025 App Store Cultural Impact Award जीत चुका है।

ख़ूबसूरत इलस्ट्रेशन जोड़ें – और सीखते भी जाएँ।

अपने सिस्टर टाइटल की तरह, Art of Flora की इलस्ट्रेशन्स भी क्लासिक नेचुरल-हिस्ट्री आर्टवर्क से ली गई हैं। ये इलस्ट्रेशन्स Pierre-Joseph Redouté और Marianne North जैसे कलाकारों की हैं, जिन्हें 18वीं और 19वीं शताब्दी में वैज्ञानिक प्रकाशनों के लिए बनाया गया था।

इस गेम का प्रकृति के प्रति लगाव सिर्फ़ सतही नहीं है। हर ख़रीदारी से होने वाली आय का एक हिस्सा वन्यजीव संरक्षण प्रयासों को दान किया जाता है – जिनके सबसे हालिया लाभार्थियों को आप गेम के सेटिंग्ज़ मेनू के Giving Back सेक्शन में देख सकते हैं। हर पहेली के साथ एक IUCN (International Union for Conservation of Nature) संरक्षण स्टेटस भी जुड़ा होता है, जो यह दिखाता है कि कौन-से पौधे संकटग्रस्त हैं और हमारी प्राकृतिक दुनिया कितनी संवेदनशील हो सकती है।

खेल-खेल में सीखें

क्या आप जानते हैं कि आम सूरजमुखी (या कहें Helianthus annuus) की खेती सबसे पहले 4,000 साल से भी पहले अमेरिका में की गई थी? गेम के हर पज़ल कार्ड को पलटने पर पीछे एक छोटा-सा विवरण मिलता है, जिसमें हर पौधे और उसके इतिहास से जुड़ी अहम जानकारियाँ दी जाती हैं, जैसे वह जंगल में कहाँ पाया जाता है, उसका परागण कैसे होता है, उसका आकार और उसकी उत्पत्ति।

खेलने में आसान पहेलियों के साथ रिलैक्स करें।

ये विवरण अपने आप में भी पहेलियाँ हैं, जिन्हें आप शब्दों को सही क्रम में लगाकर ठीक उसी तरह सुलझाते हैं, जैसे किसी इलस्ट्रेशन को जोड़ते हैं। Strasser कहते हैं कि अगर आप अटक जाएँ, तो कार्ड के दोनों ओर पलटना पहेली सुलझाने का एक शानदार तरीक़ा है, जो मौजूदा चुनौती को देखने का नया नज़रिया देता है।

अपने मूल में ऐक्सेसिबल

Strasser लंबे समय से अपने गेम्स में ऐक्सेसिबिलिटी के महत्व पर ज़ोर देते आए हैं और App Store को बताते हैं कि यह “मेरे हर फ़ैसले और हर नए फ़ीचर को जोड़ते समय मेरे दिमाग़ में रहता है।”

इसी वजह से Art of Flora न सिर्फ़ Apple के बिल्ट-इन स्क्रीन रीडर VoiceOver को सपोर्ट करता है, जो स्क्रीन पर मौजूद कॉन्टेंट का ऑडियो विवरण देता है, बल्कि इसमें कई कलर ऑप्शन्स भी हैं, ताकि टेक्स्ट और बैकग्राउंड के शेड्स को बेहतर विज़िबिलिटी के लिए ऐडजस्ट किया जा सके। इसके अलावा OpenDyslexic सहित कई टेक्स्ट ऑप्शन्स भी उपलब्ध हैं, जो डिस्लेक्सिक यूज़र्स के लिए पढ़ना आसान बनाते हैं।

अपने अनुभव को अपनी पसंद के अनुसार बनाने के लिए ऐक्सेसिबिलिटी विकल्प एक्स्प्लोर करें।

Art of Flora में कठिनाई के कई स्तर भी मौजूद हैं, ताकि आप अपने मनचाहे स्तर की चुनौती सेट कर सकें। कठिनाई बढ़ाने पर हर तस्वीर छोटे-छोटे पज़ल पीस में बँट जाती है, जबकि इसे कम करने पर कम और बड़े टाइल्स के साथ प्रक्रिया आसान हो जाती है।

Art of... मशरूम?

भले ही Strasser के नाम पर दो Art of… गेम्स हों, लेकिन पज़ल फ़ॉर्मैट को एक्स्प्लोर करने की उनकी यात्रा अभी ख़त्म नहीं हुई है।

डेवलपर बताते हैं कि उन्हें Art of Fungi के लिए फ़ैन्स से कई रिक्वेस्ट मिली हैं। साथ ही, सेविल, सिंगापुर और मैड्रिड की हाल की यात्राओं ने उन्हें क्लासिक आर्किटेक्चर, मूर्तियों और पेंटिंग्स वाली एक Art of the World सीरीज़ की संभावनाओं को लेकर उत्सुक कर दिया है।

एकदम नए गेम्स से हटकर, Strasser अपने मौजूदा टाइटल्स को भी लगातार आगे बढ़ा रहे हैं, जिनमें Art of Fauna के लिए डायनासोर इलस्ट्रेशन्स जैसी नई पहेलियाँ शामिल हैं।

“क्योंकि उनके ऐतिहासिक चित्रण मौजूदा वैज्ञानिक रिसर्च के अनुरूप नहीं हैं, इसलिए मैं फ़िलहाल मेक्सिको के कलाकार Gustavo Monroy के साथ मिलकर ऐप के लिए पहले ओरिजिनल ड्रॉइंग्स तैयार कर रहा हूँ,” Strasser हल्का-सा संकेत देते हैं।