पेरिस की सड़कों से लेकर रीओ डे जनेरो के समुद्र तटों तक, खिलाड़ी 40 से भी ज़्यादा सालों से Carmen Sandiego का पीछा करते आ रहे हैं—और इस दौरान दुनिया की सुदूर जगहों की संस्कृतियों और क्षेत्रों के बारे में सीखते रहे हैं।
लेकिन महिलाओं के नेतृत्व वाली उस डेवलपमेंट टीम के लिए, जिन्होंने Gameloft Brisbane के 2025 के रीबूट के लिए इस किरदार को एक नया रूप दिया (जिसका नाम Carmen Sandiego है), सबसे अहम सवाल यह नहीं था कि “Carmen Sandiego कहाँ है?” उनके सामने सवाल यह था कि “Carmen Sandiego कौन है?”

गेम की लीड आर्टिस्ट Hannah Crosby के शब्दों में, "आपको उसे या उसकी मंशाओं को जानने का कभी मौक़ा नहीं मिला—वह बस एक ऐसी विलेन थी जिसका पीछा किया जाता था। हम उसके मन में झाँकना चाहते थे। आख़िर वह है कौन?"
मुक्ति का एक क्रांतिकारी रास्ता
Gameloft का यह वर्ज़न शिक्षा और मनोरंजन के मिले-जुले रूप वाले इस टाइटल, यानी 1985 में Apple II पर आए Where in the World Is Carmen Sandiego? के लिए एक श्रद्धांजलि भी है और उससे अलग भी जिससे यह सारी शुरुआत हुई थी। पहले की तरह, इस नए गेम में Carmen दुनिया भर में घूमती-फिरती है। लेकिन इस बार, वह कोई अपराधी नहीं है, जिसे खिलाड़ियों को पकड़ना है, बल्कि वह न्याय की रक्षक है, जो यह पक्का करती है कि बुरे लोगों को उनके कामों की सज़ा मिले।
V.I.L.E. (Villains International League of Evil) के एजेंट्स को ढूँढ निकालने के लिए, किसी जगह का संकेत देने वाले सुराग इकट्ठा करें—जैसे कि कोई प्लेन टिकट या कोई ऐसा लैपटॉप जिस पर पुर्तगाली भाषा के लेसन्स के लिए सर्च क्वेरी की गई हो। उदाहरण के लिए, अगर चोर किसी ऐसे शहर जा रहे हैं जहाँ कैंटोनीज़ बोली जाती है और स्थानीय मुद्रा डॉलर है, तो हो सकता है कि आपको हॉन्ग कॉन्ग जाना पड़े।
आर्ट डायरेक्टर Liz Ballantyne के शब्दों में, “शुरुआत में, हमारा पूरा ध्यान छानबीन पर था। लेकिन जैसे-जैसे हम आगे बढ़े, हमें लगा कि इस बारे में जानकारी थोड़ी कम दी गई है कि Carmen इतनी दिलेर और जबरदस्त क्यों है।”
इस कमी को दूर करने के लिए, टीम ने ऐक्शन से भरपूर मिनी-गेम्स जोड़े, जिसमें खिलाड़ी हैंग ग्लाइडर उड़ाने या ग्रैपलिंग हुक की मदद से छतों पर तेज़ी से जाने में Carmen की मदद करते हैं।
टीम ने ओरिजिनल कैरेक्टर के तय स्टैंडर्ड का पालन करते हुए उसे एक नया विज़ुअल रूप भी दिया : उसे स्टाइलिश बनाया गया, लेकिन सिर्फ़ किसी आकर्षक चीज़ की तरह पेश नहीं किया गया।

Ballantyne कहती हैं, “लड़कियों और महिलाओं के लिए यह बात मायने रखती थी। उसने इस धारणा को आम किया कि महिलाएँ अपने लुक्स के दम पर नहीं, बल्कि अपनी सूझबूझ और आत्मविश्वास के दम पर नेतृत्व कर सकती हैं।”
दुनिया को एक नए नज़रिए से देखें
इस पूरी प्रक्रिया के दौरान, टीम का ध्यान गेम के मुख्य उद्देश्य पर बना रहा—खिलाड़ियों को दुनिया के अलग-अलग हिस्सों के बारे में जानकारी देना—और यह काम पूरी संवेदनशीलता के साथ करना।
Crosby के अनुसार, “हम इन अद्भुत जगहों को इस तरह से दिखाना चाहते थे कि उन्हें सटीक रूप से प्रस्तुत किया जाए, न कि वे महज़ एक सांस्कृतिक मज़ाक़ बनकर रह जाएँ।”

इसके लिए स्थानीय सरकारों और अधिकार धारकों से संपर्क करना आवश्यक था, क्योंकि कुछ ख़ास इमारतों और प्रसिद्ध स्थलों, जैसे कि सिंगापुर के Supertree Grove को दर्शाने के लिए इसकी अनुमति लेना ज़रूरी है।
यह तरीक़ा भी आसान नहीं था। Crosby के अनुसार, “दो पूरे लेवल बनाए जा चुके थे, लेकिन ऐन मौक़े पर हमें अनुमति नहीं मिली। आर्ट टीम को डेवलपमेंट के आख़िरी चरण में पूरी तरह से नए लेवल्स तेज़ी से बनाने पड़े। यह थोड़ा तनावपूर्ण था!”
कहानी फिर से वहीं आकर ठहर गई
Carmen Sandiego के कई फ़ैन्स की तरह, Ballantyne और डेवलपमेंट टीम के अन्य सदस्य भी इस किरदार से पहली बार ओरिजिनल Apple II गेम के ज़रिए मिले थे। फ़्लॉपी डिस्क पर मौजूद हर कॉपी के साथ The World Almanac and Book of Facts का एक फ़िज़िकल एडिशन भी आता था, जो यह पता लगाने के लिए बहुत ज़रूरी था कि यह शातिर अपराधी अगली बार कहाँ भागने वाली है।

लेकिन Ballantyne के लिए, Carmen हमेशा से एक गेम कैरेक्टर से कहीं ज़्यादा रही है।
Ballantyne के शब्दों में, "उसने सीखने को मज़ेदार और रोमांचक बना दिया और उसने यह एक महिला होकर किया, जो 80 के दशक में बहुत ही कम देखने को मिलता था।"
इससे किरदार की नई कल्पना महज़ पुरानी यादों में खोने की क़वायद से कहीं बढ़कर साबित हुई।
Ballantyne कहती हैं, “यह इस बात को रेखांकित करने के लिए है कि सीखना कितना शक्तिशाली है और लड़कियाँ एक ऐसी रोल मॉडल की हक़दार हैं जिसकी पहचान उसकी बुद्धि, आत्मनिर्भरता और रोमांच की भावना से हो। वह अब एक ऐसी शख़्सियत बन गई है, जो खिलाड़ी बन सकते हैं—न कि सिर्फ़ उसका पीछा किया जाता है।”