गेम्स कला हैं

ये बेहद ख़ूबसूरत गेम्स खेलें

आँखों को ख़ुश और मन को सुकून देने वाले अनुभव।

ज़बरदस्त ऐक्शन और दिमाग़ घुमा देने वाली पहेलियों का अपना महत्व है, लेकिन इन गेम्स में आपको मिलेंगे शानदार विज़ुअल्स और बेहतरीन साउंड। बेशक, ये App Store पर इस समय उपलब्ध कुछ सबसे ख़ूबसूरत गेम्स हैं।

Preserve

यह एक ऐसा गेम है जो सुनने में लगभग उतना ही अच्छा है जितना देखने में, क्योंकि इसमें आप एक लाजवाब साउंडट्रैक के साथ नेचर प्रिज़र्व बनाते हैं।

अपने प्रकृति संरक्षण क्षेत्र को विकसित करने के लिए कार्ड्स खेलें, फिर आराम से बैठकर उसे फलते-फूलते देखें।

Rain कार्ड्स खेलकर बंजर ज़मीन को उपजाऊ धरती में बदलें, फिर उस मिट्टी से जानवरों के विकास के लिए एक आवास बनाएँ, फिर चाहे वह घास के मैदान में मधुमक्खियाँ हों, जंगल में जंगली सूअर हों या किसी चट्टानी टीले पर पहाड़ी बकरियाँ। बड़ी चुनौती, जिसमें सबसे बड़े इनाम मिलते हैं, उस समय आती है जब आप जैव विविधता को बढ़ाने और एक ही आवास में अलग-अलग अनुकूलन वाले जानवरों को एक साथ रखने की कोशिश करते हैं।

Monument Valley 3

समुद्र से असंभव ज्यामितीय संरचनाएँ उभरती हैं, एक लाइटहाउस की चमक फीकी पड़ रही है और उफनते समुद्र पर एक नाव डाँवाडोल हो रही है। Monument Valley 3 में आपको Sacred Light इकट्ठा करने के लिए इन चुनौतियों से निपटना होगा और लाइटहाउस की एक बार फिर उन नाविकों की रक्षा करने में मदद करनी होगी जो इस समुद्र में सफ़र करते हैं।

Monument Valley 3 में असंभव आकृतियों की दुनिया से गुज़रें।

हर लैंडस्केप को पार करते हुए आपका नज़रिया ही आपका दोस्त है; ऑप्टिकल इल्यूज़न से दो दूर के रास्ते एक हो जाते हैं, वहीं कहीं और एक रास्ते को हिलाने, अपने लिए एक मार्ग बनाने और दुनिया की गुत्थी सुलझाने के लिए आपको बस एक छिपे हुए हैंडल की ज़रूरत होती है।

Art of Fauna

Art of Fauna जानवरों के उत्कृष्ट इलस्ट्रेशन्स को जोड़ने वाला एक App Store अवार्ड विजेता hp]n गेम है। इसमें प्रकृति की सुंदरता महज़ दिखावा नहीं है। इस गेम की हर ख़रीद का एक हिस्सा न सिर्फ़ वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों के लिए दान किया जाता है, बल्कि खेलते समय आपको हर इलस्ट्रेशन के पीछे के जानवरों के बारे में जानने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाता है।

जैसे-जैसे आप खेलते हैं, रंगों की उलझन से प्राकृतिक सुंदरता धीरे-धीरे उभरती है।

हमें पहेली के टुकड़ों को खिसकाने पर बजने वाली म्यूज़िकल बीट्स ख़ास तौर पर पसंद हैं, जिनसे हर तस्वीर को जोड़ते हुए सुकून देने वाली धुनें बजती हैं।

Alto’s Odyssey

आप Alto’s Odyssey के शांत रेगिस्तानों में सिर्फ़ एक उँगली से सैंडबोर्ड कर सकते हैं।
जंप करने के लिए टैप करें, बैकफ़्लिप करने के लिए होल्ड करें और स्पीड बूस्ट पाने के लिए परफ़ेक्ट लैंडिंग करें जो आपको रेत पर ऊँचाइयों पर ले जाएगा।

Alto’s Odyssey की लय में रम जाना आसान है।

इसके शानदार साउंडट्रैक के साथ, इस ख़ूबसूरत गेम को खेलते हुए इसमें खो जाना आसान है। यह गेम जितना हाई स्कोर बनाने या अपने उपकरण को अपग्रेड करने के लिए सिक्के इकट्ठा करने के बारे में है, उतना ही आपको सुकून देने के बारे में भी है। अगर आप दुनिया से बेफ़िक्र होकर गेम के साफ़-सुथरे माहौल पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं, तो एकदम सादे-सरल अनुभव के लिए इसका Zen Mode आज़माएँ।

Sky: Children of the Light

Sky के मनमोहक गेमप्ले का अकेले अनुभव लेना बिल्कुल संभव है, लेकिन इस गेम की असली ख़ूबसूरती साथ मिलकर खेलने में है।

इस शानदार गेम में आसमान में ऊँची उड़ान भरें और नीचे की ज़मीन को एक्स्प्लोर करें।

इस रहस्यमय दुनिया के सफ़र में ज़्यादा अनुभवी खिलाड़ी आपके लिए बेहद मददगार साबित हो सकते हैं, उदाहरण के लिए, वे आपको नामुमकिन-सी लगने वाली चढ़ाइयों को पार करने में मदद कर सकते हैं। साथ ही, गेम में बातचीत की सुविधा सीमित होने के कारण, Sky का मल्टीप्लेयर गेमप्ले एक सिंगल-प्लेयर के अनुभव वाला सुकून बनाए रखता है।